Hanuman Ansh का Maine Tere Hi Bharose Hanuman गाना गाने वाले Suneel Lodhi आंखों से देख नहीं सकते. अब ‘हनुमान अंश’ के मेकर्स और मध्य प्रदेश सरकार ने उनकी आंखों का इलाज करवाने का जिम्मा उठाया है. मुंबई के डॉक्टर्स से उनके लिए अपॉइंटमेंट ली जा चुकी है. अगर सब ठीक रहा, तो सुनील बहुत जल्द अपनी आंखों से देखने लगेंगे.
'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' फेम नेत्रहीन सिंगर सुनील लोधी के आंखों की रोशनी लौटेगी
'हनुमान अंश' की प्रोड्यूसर और मध्य प्रदेश सरकार ने सुनील लोधी के इलाज का जिम्मा उठाया है.

सुनील लोधी मध्य प्रदेश के बुन्देलखंड इलाके से हैं. वो बचपन से ही देख नहीं सकते. मगर इसे उन्होंने अपनी कमज़ोरी नहीं बनने दिया. उन्होंने औरों को सुनकर गाना-बजाना सीखा. सुनील आमतौर पर बुन्देली भजन और लोकगीत गाते हैं. बेहद कम उम्र से ही वो ट्रेन और बसों में गाने गाया करते थे. समय के साथ उनके गीत ‘बुंदेली दुनिया’ प्लेटफ़ॉर्म पर आने लगे. वहां से उन्होंने लोकल लोगों के बीच पहचान बनाई. मगर उन्हें असली पुश तब मिला, जब उनका गाया 'मोरे संकट के कटैया' गाना सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
इंटरनेट के ज़रिए ये गाना फिल्ममेकर और म्यूजिक प्रोड्यूसर पंकज VRK तक पहुंचा. बड़ी मुश्किल से उन्होंने सुनील को ढूंढा. पंकज ने उन्हें मुंबई बुलाया और अपने स्टूडियो में आठ गाने रिकॉर्ड करवाए. उनमें से एक गाना 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' भी है. इसने सुनील को घर-घर में पहचान दिलवा दी. रोचक बात ये है कि गाना रिकॉर्ड करते वक्त सुनील को पता भी नहीं था कि एक दिन इसे 'हनुमान अंश' जैसी किसी फिल्म में इस्तेमाल किया जाएगा. मगर ऐसा हुआ और सुनील की जिंदगी ने बड़ी करवट ली.

'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' के कारण सुनील को कई नामी-गिरामी लोगों से मिलने का मौका मिला. उनमें से एक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी हैं. लगभग इसी दौरान 'हनुमान अंश' की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने फैसला किया कि वो सुनील की आंखों की रोशनी वापस लाने में मदद करेंगी. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने सुनील के इलाज के लिए मुंबई के डॉक्टर्स से अपॉइंटमेंट ले लिया है.

दूसरी तरफ़, मध्य प्रदेश सरकार ने भी इस इलाज का खर्चा उठाने का भरोसा दिलाया है. हालांकि अभी इस बात की गारंटी नहीं दी जा सकती कि वो पूरी तरह देख पाएंगे या नहीं. ये डॉक्टर से मिलने और जांच करवाने के बाद ही पता चलेगा. मगर अनुप्रिया ने उम्मीद जताई है कि इस कोशिश का कुछ ठोस नतीजा ज़रूर निकलेगा. रही 'हनुमान अंश' की बात तो दो करोड़ में बनी इस मूवी ने वर्ल्डवाइड 404 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई कर ली है. इसे विशाल चतुर्वेदी ने डायरेक्ट किया है.
वीडियो: 'हनुमान अंश' ने कमाई के मामले में रणवीर सिंह की 'धुरंधर' को भी पीछे छोड़ दिया?











