The Lallantop

यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट के चक्कर में 'रामायण' के मेकर्स ने मीडिया वालों को नाराज़ कर दिया!

जिस इवेंट के लिए पत्रकारों को साढ़े 3 घंटे तक बिठाया गया, वो 20 मिनट में ही खत्म हो गया.

Advertisement
post-main-image
मिस्टर बीस्ट के इंस्टाग्राम पर 51.8 करोड़ सब्सक्राइबर हैं.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • रणबीर कपूर की 'रामायण' के ग्लोबल प्रमोशन के लिए 26 सितंबर को मिस्टर बीस्ट को इवेंट में बुलाया गया था, जो तीन घंटे की देरी से शुरू हुआ और लगभग 20 मिनट में खत्म हो गया।
  • मीडिया के लिए इवेंट का समय बार-बार बदला गया और मिस्टर बीस्ट की विमान लेट होने के कारण कार्यक्रम में गड़बड़ी हुई, जिससे मेकर्स की योजना प्रभावित हुई।
  • इवेंट में देरी और प्रबंधन की कमियों के कारण कई मीडिया प्रतिनिधि कार्यक्रम छोड़कर चले गए और इसका नकारात्मक प्रभाव मीडिया के रुख पर पड़ा।

Ranbir Kapoor की Ramayana को ग्लोबल स्केल पर ले जाने के लिए मेकर्स तमाम कोशिशें कर रहे. मगर ऐसी ही एक बड़ी कोशिश बुरी तरह बैकफायर कर गई. 26 सितंबर को उन्होंने दुनिया के सबसे बड़े यूट्यूबर MrBeast को अपने इवेंट में बुलाया था. मगर वो इतनी देर से पहुंचे कि कई मीडियापर्सन कार्यक्रम छोड़कर चले गए. जो बचे, वो मेकर्स के इस मिस-मैनेजमेंट की आलोचना कर रहे हैं.

Advertisement

मिस्टर बीस्ट के मेन चैनल पर 518 मिलियन यानी 51.8 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं. ये दुनियाभर की जनसंख्या का 1/8 हिस्सा है. ज़ाहिर है कि उनके साथ कोलैब करना किसी भी कॉन्टेन्ट को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचा सकता है. यही सोचकर नमित मल्होत्रा ने उन्हें 'रामायण' से जोड़ा. वैसे तो मिस्टर बीस्ट के आने की तैयारियां जोरों-शोरों पर थीं. मगर इवेंट शुरू होने से पहले ही गड़बड़ियां शुरू हो गईं.

25 सितंबर, यानी इवेंट से एक दिन पहले मीडिया को पहला इन्विटेशन भेजा गया. उसमें इवेंट का समय दोपहर 12:30 बताया गया. लेकिन अगले दो घंटों में कई दूसरे निमंत्रण भेजे गए, जहां कार्यक्रम का समय बदलता जा रहा था. पहले बताया गया कि ये इवेंट 12 बजे शुरू होगा. फिर दोपहर 1 बजे की रिपोर्टिंग टाइम देकर ये कहा गया कि कार्यक्रम ठीक 01:30 पर स्टार्ट होना है. इन बदलावों के बावजूद मीडिया, फोटोग्राफर्स और पैपराज़ी तय समय पर मुंबई स्थित फिल्म सिटी पहुंच गए.

Advertisement

मगर दिक्कत तब बढ़ी जब ये इवेंट 01:30 बजे भी शुरू नहीं हुआ. लोगों को लगा कि शायद आधे घंटे की देरी हो. पर ये न तो 2 बजे और न ही 02:30 बजे ही शुरू हो पाया. पब्लिसिटी टीम भी देरी की कोई साफ वजह नहीं बता रही थी. देखते-ही-देखते 3 बज गए. तब मीडिया को बताया गया कि मिस्टर बीस्ट की बेंगलुरु से आने वाली फ्लाइट लेट हो गई है और इसी कारण पूरा कार्यक्रम टलता जा रहा. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, जब पत्रकारों ने इस बात पर मैनेजमेंट की आलोचना की तो उन्होंने कथित तौर पर कहा- "जिसको जाना है जाओ." रिपोर्ट की मानें तो कई लोग उनके इस रवैये से नाराज़ हो गए और कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही वहां से चले गए.

रिपोर्ट है कि खुद रणबीर कपूर ने भी इसी तरह का कमेंट किया था. मगर उनका अंदाज़ एरोगेंस वाला नहीं था. वो खुद मीडिया से पहले इवेंट में पहुंच गए थे. इसलिए मिस्टर बीस्ट की इस देरी से नाराज़ थे. जब मीडिया वालों ने उन्हें अपनी दिक्कत बताई, रणबीर ने उन्हें सलीके से कहा कि अगर उन्हें देरी हो रही तो वो जा सकते हैं. रिपोर्ट है कि साई पल्लवी ने भी इस लेट-लतीफी पर नाराज़गी जताई है.

बताया जा रहा है कि मिस्टर बीस्ट के लोगों ने 'रामायण' की PR टीम को अंधेरे में रखा था. उन्होंने अपने आने की ठोस अपडेट नहीं दी और इसलिए मेकर्स को समय बार-बार बदलना पड़ा. बताया जा रहा है कि मिस्टर बीस्ट ने इवेंट में आने से पहले दो फ़्लाइट्स मिस कर दी थीं. इस कारण उन्हें इतनी देरी हो गई. किसी तरह वो इवेंट में पहुंचे और इस तरह शाम 5 बजे कार्यक्रम शुरू हो सका. ये 01:30 बजे वाली टाइमिंग से करीब साढ़े तीन घंटे की देरी थी.

Advertisement

मीडिया को लग रहा था कि मेकर्स मिस्टर बीस्ट को ला रहे हैं, तो शायद कोई बड़ा अनाउंसमेंट किया जाए. उम्मीद तो उन्हें इंटरव्यू और किसी बड़े एसेट के रिलीज़ की भी थी. मगर दो नए पोस्टर के अलावा ऐसा कुछ नहीं हुआ. उल्टा, जिस इवेंट के लिए जर्नलिस्ट्स को साढ़े 3 घंटे तक बिठाया गया, वो खुद 20 मिनट में खत्म हो गया. इस दौरान मिस्टर बीस्ट 'जय श्रीराम' बोलते और स्टारकास्ट के साथ फोटो खिंचवाते नजर आए. रणबीर कपूर और नमित मल्होत्रा ने शिव धनुष उठाकर कुछ और तस्वीरें खिंचवाईं.

मगर इन सबके बीच पत्रकार काफी नाराज़ हो गए. उनका कहना था कि जब मेकर्स को इतना छोटा इवेंट करना था, तो वो इसे जुहू या बांद्रा में करवा सकते थे. मगर उन्होंने फिल्म सिटी बुलाया, जो शहर से काफी दूर है. वहां लाकर भी उन्हें घंटों तक वेट करवाया. वो भी मिस्टर बीस्ट के लिए, जो इस फिल्म के बारे में पता नहीं कुछ पोस्ट करेंगे भी या नहीं. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, कार्यक्रम खत्म होने के बाद केवल रवि दुबे ही थे, जिन्होंने मीडिया वालों को इतना वेट करवाने के लिए माफी मांगी. बाकी किसी ने उनकी खोज-खबर नहीं ली.

वीडियो: 'रामायण' के इंग्लिश वर्ज़न में ऐसा क्या काट दिया? 30 मिनट कम होने की वजह खुल गई!

Advertisement