Salman Khan स्टारर Monster की कहानी कैसे खुल गई? क्या 32 साल बाद Salman Khan और Rajkumar Santoshi साथ में फिल्म करने वाले हैं? Mahesh Babu Varanasi के बाद क्या Sandeep Reddy Vanga की फिल्म करने वाले हैं? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही खबरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
सलमान खान स्टारर 'मॉनस्टर' की पूरी कहानी खुल गई?
फिल्म का सेट देखकर पता चला सलमान की 'मॉनस्टर' का प्लॉट!

# सलमान खान की 'मॉनस्टर' की कहानी खुल गई?
सलमान खान स्टारर SVC63 का टाइटल 'मॉनस्टर' बताया जा रहा है. इन दिनों फिल्म की शूटिंग मुंबई में चल रही है. अब सोशल मीडिया पर इसके प्लॉट को लेकर कुछ थ्योरीज सामने आ रही हैं. एक फैन ने दावा किया है कि ये कहानी उस दौर में घटती है, जब 9/11 हमलों के बाद अमेरिका, अफगानिस्तान में अपनी जड़ें जमा रहा था. फिल्म में सलमान खान एक अंडरकवर आर्मी ऑफिसर का रोल कर रहे हैं. जो अफगानिस्तान जाता है और वहां फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित अपने देश लेकर आता है. इस थ्योरी के मुताबिक सलमान का किरदार आतंकी संगठनों अल-कायदा और तालिबान के खिलाफ लड़ाई लड़ते हुए कश्मीर को जिहादी हिंसा से बचाने की कोशिश करता है. हालांकि मेकर्स ने अभी तक इन दावों की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है. लेकिन रिपोर्ट्स में बताया गया कि मुंबई के गोरेगांव में अफगानिस्तान का सेट बनाया गया है. ऐसे में ये थ्योरी फैंस को काफी दिलचस्प लग रही है.
# 32 साल बाद साथ आएंगे सलमान खान और राजकुमार संतोषी?
राजकुमार संतोषी इन दिनों ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं. इस दौरान उन्होंने सलमान खान के साथ फिल्म करने को लेकर भी अपडेट दिया है. टाइम्स नाव को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि वो सलमान के साथ एक प्रोजेक्ट डिस्कस कर रहे हैं. उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही ये प्रोजेक्ट लॉक भी हो जाएगा. ये एक कॉमेडी फिल्म बताई जा रही है. इससे 32 साल पहले दोनों ने 1994 में आई फिल्म 'अंदाज अपना-अपना' में काम किया था.
# इस दिन रिलीज होगी तापसी पन्नू स्टारर 'गांधारी'
तापसी पन्नू स्टारर फिल्म 'गांधारी' का पहला पोस्टर रिलीज हो गया है. इसे देवाशीष मखीजा ने डायरेक्ट किया है. ये 3 सितंबर, 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी. फिल्म की कहानी एक मां की है जो अपने किडनैप हुए बच्चे को बचाने के मिशन पर है. इस दौरान उसे किन मुश्किलों का सामना करना पड़ता है, यही इस फिल्म में देखने को मिलने वाला है.
# कुणाल खेमू और प्रीति जिंटा की Vibe का टीजर आउट
कुणाल खेमू की फिल्म Vibe का टीजर रिलीज हो गया है. कुणाल एक्टर के साथ बतौर डायरेक्टर भी इस फिल्म से जुड़े हैं. कुणाल के साथ फिल्म में प्रीति जिंटा भी लीड रोल में हैं. फिल्म की कहानी दो पक्के दोस्तों की है, जो अचानक एक मुश्किल में फंस जाते हैं. ये फिल्म 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
# 'वाराणसी' के बाद वांगा की फिल्म करेंगे महेश बाबू?
महेश बाबू इन दिनों एसएस राजामौली की फिल्म 'वाराणसी' की शूटिंग कर रहे हैं. अब खबर आ रही है कि 'वाराणसी' के बाद महेश बाबू जल्द ही संदीप रेड्डी वांगा के साथ फिल्म करने वाले हैं. 123 तेलुगु की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों के बीच बातचीत चल रही है. हालांकि अभी तक इसको लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पिछले दिनों संदीप रेड्डी वांगा के भाई प्रणय रेड्डी ने एक इंटरव्यू में बताया कि 'स्पिरिट' से फारिग होने के बाद संदीप 6 महीने का ब्रेक लेंगे. और उसके बाद रणबीर कपूर की 'एनिमल पार्क' पर काम शुरू कर देंगे. ऐसे में महेश बाबू वाला प्रोजेक्ट कहां फिट होता है, ये देखना होगा.
# 'तुम रहे न तुम' में दिखेंगे जिमी शेरगिल और दिव्या दत्ता
जिमी शेरगिल और दिव्या दत्ता जल्द ही फिल्म 'तुम रहे न तुम' में नजर आने वाले हैं. फिल्म को प्रेम प्रकाश मोदी डायरेक्ट कर रहे हैं. फिल्म की कहानी ऑगस्ट स्ट्रिंडबर्ग के मशहूर प्ले 'द फादर' से प्रेरित बताई जा रही है. अभी तक इसकी रिलीज डेट सामने नहीं आई है.
वीडियो: खत्म हुआ इंतजार! सलमान खान स्टारर SVC63 के टाइटल का खुलासा हो गया













