चर्चा है कि Salman Khan स्टारर SVC63 के लिए मेकर्स Monster टाइटल पर सोच-विचार कर रहे. ये बात इंटरनेट पर हर तरफ आग की तरह फैल चुकी है. जब टाइटल इतना दमदार हो तो टाइटल ट्रैक भी वैसा ही होना चाहिए. बस इसी ख्याल से सलमान ने फिल्म में एक नए नाम को जोड़ लिया है. खबर है कि ‘मॉनस्टर’ के टाइटल ट्रैक के लिए मेकर्स, सिंगर और म्यूजिक कम्पोज़र Vishal Mishra को ले आए हैं.
सलमान ने 'मॉनस्टर' के टाइटल ट्रैक के लिए धांसू सिंगर को ऑनबोर्ड कर लिया!
अनिरुद्ध रविचन्दर और थमन जैसे पॉपुलर कम्पोजर्स पहले से ही इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बताए जा रहे हैं.

वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, विशाल 'मॉनस्टर' का एल्बम कम्पोज़ करेंगे. साथ ही वो इसका टाइटल ट्रैक भी गाएंगे. फिल्म के दो गाने पहले ही बनाए जा चुके हैं. आगे के काम के लिए मेकर्स ने विशाल को अप्रोच किया है. वो इससे पहले 'रेस 3' में सलमान के लिए 'सेल्फिश' गाना कम्पोज़ कर चुके हैं. वहीं उन्होंने सलमान खान प्रोडक्शन तले बनी 'नोटबुक' फिल्म में भी काम किया है. इसलिए वो ‘मॉनस्टर’ से जुड़ने के लिए झट तैयार हो गए.
वैसे, विशाल एकमात्र म्यूजिक कम्पोज़र नहीं, जो इस फिल्म में काम कर रहे हों. 123 तेलुगु की रिपोर्ट के मुताबिक, अनिरुद्ध रविचन्दर और थमन भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं. अनिरुद्ध को 'कोलावेरी', 'हुकूम' और 'अरेबिक कुथु' के लिए जाना जाता है. उन्होंने शाहरुख खान स्टारर 'जवान' का पूरा एल्बम और BGM तैयार किया था. साथ ही वो ‘किंग’ से भी जुड़े हुए हैं. दूसरी तरफ़, थमन ने 'रेस गुर्रम', 'अखंडा' और OG जैसी मूवीज़ में काम किया है. दावा किया जा रहा है कि अनिरुद्ध फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर बनाएंगे. वहीं थमन और विशाल गाने कम्पोज़ करेंगे. हालांकि मेकर्स ने ऑफिशियली अपनी तरफ से इस बात की पुष्टि नहीं की है.
विशाल ने 2017 में 'करीब-करीब सिंगल' फिल्म का 'जाने दे' गाना कम्पोज़ किया, जिसे आतिफ असलम की आवाज में रिकॉर्ड किया गया था. अगले कुछ सालों तक वो छोटे-बड़े प्रोजेक्ट्स करते रहे. मगर असली पहचान उन्हें 'कबीर सिंह' के बाद मिली. उस फिल्म में उन्होंने 'कैसे हुआ' गाना गाया और कम्पोज़ किया, जो भयंकर पॉपुलर हुआ था. उन्होंने RRR के ‘नाटु-नाटु’ हिन्दी वर्जन को भी आवाज दी है. यही नहीं, उन्हें 'एनिमल', 'सैयारा' और 'स्त्री 2' जैसी पॉपुलर फिल्मों में काम करने का मौका भी मिला. जल्द ही उनकी कम्पोजिशन यश स्टारर 'टॉक्सिक' में भी सुनाई देगी. जहां तक SVC63 की बात है, ये फिल्म अगले साल ईद यानी मार्च 2027 में रिलीज़ होगी.
वीडियो: सलमान खान स्टारर SVC63 की कास्टिंग को लेकर क्या बड़ा अपडेट आ गया?












