जिस दिन Toxic का पहला टीज़र रिलीज़ हुआ, उसी दिन से लोग ये मानकर चल रहे थे कि मूवी में काफी कट्स लगेंगे. ये फिल्म अपनी हिंसा और एडल्ट सीन्स के कारण शुरुआत से ही विवादों में रही है. मगर चौंकाने वाली बात ये है कि सेंसर बोर्ड ने Yash की इस मूवी को बग़ैर किसी कट के पास कर दिया. कुछेक छोटे-मोटे मोडिफिकेशन जरूर हुए, मगर कैंची एक बार भी नहीं चली.
यश की 'टॉक्सिक' से सेंसर बोर्ड ने क्या काटा, क्या छोड़ा?
यश स्टारर 'टॉक्सिक' के साथ सेंसर बोर्ड ने जो किया, वो जानकर आपको यकीन नहीं होगा.

पिछले कुछ समय में सेंसर बोर्ड ने कई छोटी-बड़ी फिल्मों की काट-छांट की है. इस दौरान वॉयलेंट सीन्स के अलावा 'स्पाइडर मैन: ब्रैंड न्यू डे' और 'सुपरमैन' के किसिंग सीक्वेंस तक काटे गए. ऐसे में 'टॉक्सिक' का कॉन्टेन्ट देख, इसमें एक से ज़्यादा कट्स लग जाने पर किसी को आश्चर्य नहीं होता. मगर आश्चर्य तो तब हुआ, जब सेंसर बोर्ड ने इसे हाथ ही नहीं लगाया.
फिल्म के सेंसर सर्टिफिकेट के मुताबिक, 'टॉक्सिक' को A यानी एडल्ट रेटिंग दी गई है. इसकी लंबाई 194.12 मिनट है. यानी ये फिल्म 3 घंटे 14 मिनट और 12 सेकेंड लंबी है. ये सर्टिफिकेट फिल्म के तमिल वर्जन का है. 20 अगस्त को सेंसर बोर्ड के बेंगलुरु ऑफिस से फिल्म को अप्रूवल मिला. इस दौरान बोर्ड ने मेकर्स से तीन छोटे बदलाव करवाए, जो इस प्रकार हैं,
1) 'तेविडिया पैया' शब्द का ऑडियो बदलवाया गया. इंग्लिश सबटाइटल भी चेंज हुआ.
2) 'तेविडिया पुल्ला' शब्द का ऑडियो भी चेंज हुआ. इंग्लिश सबटाइटल भी बदला गया.
3) फिल्म की शुरुआत और इंटरवल के बाद एंटी स्मोकिंग और एंटी एल्कोहॉल वाला डिसक्लेमर जोड़ा गया.

यानी फिल्म में तीन छोटे बदलाव तो हुए, मगर कोई हिस्सा काटा नहीं गया. इसकी तुलना अगर 'धुरंधर 2' से करें, तो उसमें 21 कट्स लगवाए गए थे. 'टॉक्सिक' को UK में भी एडल्ट सर्टिफिकेट मिला है. वहां के सेंसर बोर्ड ने इसे खूंखार और सेक्शुअल कॉन्टेन्ट वाली फिल्म बताया. वॉयलेंस, सेक्स और इंजरी के मामले में फिल्म को ब्रिटिश सेंसर बोर्ड ने पांच में से पांच स्टार दिए हैं. वहीं थ्रेट, गाली, ड्रग्स, सेक्शुअल वॉयलेंस और सुसाइड कैटेगरी में इसे पांच में से चार स्टार मिले हैं. मतलब फिल्म में एडल्ट कॉन्टेन्ट तो है, मगर तमिल वर्जन में उस पर कोई कट नहीं लगा.
इसका मतलब ये नहीं कि फिल्म को पूरी तरह हरी झंडी मिल गई है. भारत में ये हिन्दी समेत कुछ अन्य रीजनल भाषाओं में भी रिलीज़ होगी. हर भाषा के लिए मेकर्स को अलग सर्टिफिकेशन लेना पड़ता है. संभव है कि उनमें से किसी पर कैंची चल जाए. लेकिन जब तक इस बारे में कुछ ठोस अपडेट नहीं आ जाता, कुछ भी अनुमान लगाना जल्दबाजी होगी. जहां तक फिल्म की बात है, 'टॉक्सिक' 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. इसे गीतू मोहनदास ने डायरेक्ट किया है.
वीडियो: नहीं बिक रहे यश की 'TOXIC' के OTT और सैटेलाइट राइट्स













