Saif Ali Khan और Kiara Advani साथ में कौन सी फिल्म करने जा रहे हैं? क्या Salman Khan स्टारर SVC63 का Prabhas की Spirit से बॉक्स ऑफिस क्लैश टल गया है? साथ ही क्या Ekta Kapoor अपने पॉपुलर सीरियल Naagin पर फिल्म बनाने जा रही हैं? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही खबरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
चीन में 'रामायण' की होगी चांदी? टक्कर देने वाली ग्लोबल ब्लॉकबस्टर रास्ते से हटी!
रणबीर कपूर और यश स्टारर 'रामायण' का चीन में रास्ता आसान हो सकता है.

# सुपरनैचुरल थ्रिलर में सैफ अली खान और कियारा आडवाणी
राइटर कनिका ढिल्लों अब डायरेक्शन की फील्ड में कदम रखने जा रही हैं. उनकी पहली फिल्म में सैफ अली खान और कियारा आडवाणी लीड रोल में नज़र आएंगे. पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट को एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रोड्यूस कर रहा है. इसी साल के आखिर तक फिल्म का प्री-प्रोडक्शन शुरू हो जाएगा. कहानी एक इंटेंस थ्रिलर होगी, जिसमें सुपरनैचुरल एलिमेंट्स का पुट भी होगा.
# टल गया 2027 का सबसे बड़ा BO महाक्लैश?
सलमान खान स्टारर SVC63 अगले साल 2027 की ईद पर रिलीज़ के लिए शेड्यूल है. संदीप रेड्डी वांगा और प्रभास की 'स्पिरिट' भी 5 मार्च, 2027 को रिलीज़ होनी है. मगर अब खबर आ रही है कि 'स्पिरिट' की रिलीज़ तीन महीने के लिए पोस्टपोन की जा सकती है. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, 'स्पिरिट' की करीब 75 दिनों की शूटिंग अभी बाकी है और इसे तय समय पर पूरा करना मुश्किल लग रहा है. ऐसे में मेकर्स फिल्म को जून 2027 में IPL के बाद रिलीज़ करने पर विचार कर रहे हैं. हालांकि, टी-सीरीज़ के स्पोक्सपर्सन ने इन खबरों को खारिज करते हुए कहा है कि 'स्पिरिट' 5 मार्च, 2027 को ही रिलीज़ होगी. ऐसे में अब देखना होगा कि सलमान और प्रभास की फिल्मों का ये बड़ा बॉक्स ऑफिस क्लैश होता है या टल जाता है. और अगर ये क्लैश होता है, तो बाज़ी किसके हाथ लगती है.
# 'नागिन' टीवी सीरियल पर फिल्म बना रहीं एकता कपूर?
एकता कपूर अब अपने पॉपुलर टीवी शो 'नागिन' को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी कर रही हैं. 'वैरायटी इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, एकता ने नाग पंचमी के मौके पर इस प्रोजेक्ट को लेकर हिंट भी दिया था. बताया जा रहा है कि वो 'नागिन' को बड़े स्केल पर फिल्म के तौर पर डेवलप करने की प्लानिंग कर रही हैं. रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया है कि एकता अपना खुद का 'नाग यूनिवर्स' तैयार कर सकती हैं, जिसे कार्तिक आर्यन स्टारर 'नागज़िला' से भी जोड़ा जा सकता है. 'नागजिला' को करण जौहर के प्रोडक्शन में बनाया जा रहा है. हालांकि, 'नागिन' फिल्म या इस यूनिवर्स को लेकर अभी तक कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं हुई है.
# अजय देवगन की 'दृश्यम 3' से टकराएगी 'सिग्मा'
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय के बेटे जेसन संजय की पहली फिल्म 'सिग्मा' की रिलीज़ डेट फाइनल हो गई है. संदीप किशन स्टारर ये फिल्म अब 2 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. इससे पहले इसे 23 जुलाई और फिर अगस्त में रिलीज़ करने की प्लानिंग थी. मगर इसे लगातार पोस्टपोन किया जाता रहा. 2 अक्टूबर को 'सिग्मा' का सीधा मुकाबला अजय देवगन की 'दृश्यम 3' से होगा. इतना ही नहीं, वीर पहाड़िया की 'प्रेम कीटाणु' भी इसी दिन रिलीज़ हो रही है. ये बतौर डायरेक्टर जेसन संजय की पहली फिल्म है.
# रणबीर की 'रामायण' का चीन में रहेगा एकछत्र राज?
रणबीर कपूर स्टारर 'रामायण' 6 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज़ होने वाली है. ओवरसीज़ मार्केट में फिल्म की टक्कर 'गॉडजिला माइनस जीरो' से होने वाली है. लेकिन चीन में 'रामायण' का रास्ता थोड़ा आसान हो सकता है. दरअसल, 17 नवंबर 2025 के बाद से चीन में जापानी फिल्मों की रिलीज़ पर रोक लगी हुई है. 'गॉडजिला माइनस जीरो' को जापानी फिल्ममेकर ताकाशी यामाजाकी ने डायरेक्ट किया है. ऐसे में इस फिल्म के चीन में रिलीज़ होने की संभावना कम है. ऊपर से चीन में डायरेक्टर नितेश तिवारी की फिल्मों की ब्रांड वैल्यू भी अच्छी है. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि चीन के बॉक्स ऑफिस पर 'रामायण' का एकछत्र राज देखने को मिल सकता है.
# कार्तिक की 'कैप्टन इंडिया' को मिल गई लीडिंग लेडी
कार्तिक आर्यन स्टारर 'कैप्टन इंडिया' को अपनी लीडिंग लेडी मिल गई है. मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म में कार्तिक के साथ पार्वती थिरुवोथु लीड रोल में नज़र आएंगी. फिल्म को 'चक दे! इंडिया' फेम डायरेक्टर शिमित अमीन डायरेक्ट कर रहे हैं. इसकी शूटिंग इसी साल भारत और मोरक्को में शुरू होगी. ये फिल्म 2027 में रिलीज़ होगी.
वीडियो: रणबीर कपूर ने 'रामायण' में किए दो किरदार, लेकिन इस एक्टर ने कर दिए सात









