Yash स्टारर Toxic को दो बार पोस्टपोन होने के बाद फाइनली अपनी नई रिलीज़ डेट मिल ही गई. मगर दिक्कत ये है कि नई तारीख पर इसे चौतरफ़ा क्लैश का सामना करना पड़ेगा. फिल्म अगस्त के अंतिम हफ़्ते थिएटर्स में दिखाई जाएगी. इस दौरान ‘टॉक्सिक’ को Siddharth Malhotra की Vvan, Shraddha Kapoor की Eetha, Ali Fazal की Mirzapur: The Movie और Rajinikanth की Jailer 2 से टकराना पड़ सकता है.
दो बार पोस्टपोन करके भी यश ने 'टॉक्सिक' के लिए ऐसी रिलीज़ डेट चुनी, जहां क्लैश ही क्लैश है!
'टॉक्सिक' का सामना 'मिर्ज़ापुर: द फिल्म' और रजनीकांत की 'जेलर 2' से हो सकता है.


'टॉक्सिक' पहले 19 मार्च को रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' के साथ रिलीज़ होने वाली थी. इस टक्कर को लेकर तब माहौल खूब गर्म था. मगर लास्ट मोमेंट पर यश ने मिडल ईस्ट युद्ध का हवाला देकर अपनी फिल्म को पोस्टपोन कर दिया. नई तारीख 04 जून की रखी गई. यश ने सिनेमा कॉन 2026 जैसे बड़े इवेंट्स में इसे खूब प्रमोट किया. मगर जैसे ही फिल्म रिलीज़ के करीब आई, उन्होंने इसे एक बार फिर टाल दिया.

कोई फिल्म चाहे कितनी ही बड़ी क्यों न हो, बारम्बार टाले जाने से उसकी हाइप खत्म हो जाती है. इस फिल्म के साथ भी यही हुआ. दूसरी बार डेट आगे बढ़ाए जाने के पीछे यश ने तर्क दिया कि वो फिल्म के इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स को लेकर डिस्कशन में हैं. दूसरी तरफ इस तरह की अफ़वाहें भी उड़ीं कि फिल्म ठीक नहीं बनी, इसलिए इसे रीशूट्स से गुजरना पड़ा है. लेकिन मेकर्स ने इन बातों का खंडन कर दिया.
खैर, यश ने अब जानकारी दी है कि वो ये फिल्म 26 अगस्त को लाने वाले हैं. अगस्त का महीना पहले से ही जैम-पैक्ड है. ऐसे में उनका इस डेट को चुना जाना, कई तरह के छोटे-बड़े क्लैश को जन्म दे सकता है. 21 अगस्त को नानी और राघव जुयाल स्टारर 'द पैरेडाइज़' सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. नानी की तेलुगु राज्यों में अच्छी फैन-फॉलोइंग है. ऐसे में यश को इससे नुकसान पहुंच सकता है.
28 को श्रद्धा कपूर स्टारर 'ईठा' आएगी. इस मूवी को 'छावा' वाले लक्ष्मण उतेकर ने डायरेक्ट किया है. पिछले दिनों सोशल मीडिया पर इसका टीज़र लीक हुआ था. उसे काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. यदि वर्ड ऑफ माउथ पब्लिसिटी का लाभ मिला तो ये मूवी महाराष्ट्र और हिंदी पट्टी में अच्छा बिजनेस कर सकती है. जहां तक 'वन' की बात है, उसे लेकर अब तक कुछ खास रिवील नहीं किया गया. लेकिन TVF की टीम इस फिल्म का जिम्मा संभाल रही, जो बॉक्स ऑफिस पर लोगों को सरप्राइज़ कर सकती है.
लेकिन 'टॉक्सिक' की असली टक्कर होगी 'मिर्ज़ापुर: द फिल्म' से. ये डायरेक्ट क्लैश नहीं है. 'मिर्ज़ापुर' यश की फिल्म से एक हफ़्ते बाद ही रिलीज़ होगी. इससे ‘टॉक्सिक’ के सेकेंड वीक कलेक्शन पर बुरा असर पड़ सकता है. खासकर ये देखते हुए कि 'मिर्ज़ापुर' का एक कल्ट फैनबेस है. लेकिन इस मूवी में जो कहानी दिखाई जाएगी, उसे लोग पहले ही सीरीज़ में देख चुके हैं. ऐसे में उन्हें भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने में थोड़ी जद्दोजहद करनी पड़ सकती है. यश को इस बात का फायदा मिल सकता है.
चर्चा ये भी है कि रजनीकांत 'जेलर 2' के लिए भी 04 सितंबर की रिलीज़ डेट ही देख रहे. यदि ऐसा हुआ तो 'टॉक्सिक' को दक्षिणी मार्केट में बड़ी टक्कर का सामना करना पड़ेगा. लेकिन उनके लिए राहत की बात ये है कि रजनीकांत ने अब तक इस फिल्म की रिलीज़ डेट अनाउंस नहीं की है. हो सकता है कि आने वाले दिनों में वो कोई नई तारीख देख लें. पर यदि ऐसा हुआ भी, तब भी यश को चार-पांच फिल्मों का सामना तो करना ही पड़ेगा.
वीडियो: यश स्टारर 'टॉक्सिक' ने रिलीज से पहले ही कमाए 600 करोड़ रुपये?


















