करीब चार साल के लंबे इंतज़ार के बाद Yash दोबारा बड़े पर्दे पर लौट आए हैं. आज यानी 26 अगस्त को उनकी नई मूवी Toxic सिनेमाघरों में रिलीज़ हो गई. इस फिल्म की शुरुआत से ही जबरदस्त हाइप रही है. मगर मूवी देखने के बाद लोग इस पर क्या कह रहे, जानते हैं.
यश की 'टॉक्सिक' देखकर निकली जनता ने फिल्म पर क्या बताया?
एक तरफ़ लोग यश के स्क्रीन प्रेजेंस की तारीफ़ कर रहे. वहीं दूसरी तरफ़, वो इसे काफी बोरिंग फिल्म बता रहे.

एक यूजर ने फिल्म को पांच में से ढाई स्टार देते हुए लिखा,
"टॉक्सिक एक बहुत बड़ी डिसएपॉइंटमेंट है. फिल्म काफी बोरिंग लगती है. इसकी कहानी असर नहीं छोड़ती. ओवरऑल प्रेज़ेंटेशन भी कमजोर है. ये वैसी तो बिल्कुल नहीं निकली, जैसी उम्मीद थी. पूरी तरह डिजास्टर. मैंने इससे कहीं बेहतर की उम्मीद की थी."

दूसरे यूजर ने 'टॉक्सिक' को वन टाइम वॉच बताते हुए कमेन्ट किया,
"टॉक्सिक एक मसाला फिल्म है, जिसमें एक पिता की इमोशनल स्टोरी है. हिंदी टू इंग्लिश डायलॉग्स में ऑडियो की कुछ दिक्कतें थीं. लेकिन कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी और नयनतारा ने अच्छी एक्टिंग की. यश ने बाप और बेटे के रोल में तगड़ा काम किया है. कुल मिलाकर, ये एक अच्छी वन टाइम वॉच फिल्म है. लेकिन इसे मास्टरपीस नहीं कहा जा सकता."

तीसरे ने लिखा,
"टॉक्सिक एक बेहद खराब फिल्म है. ये दिखाती है कि टॉक्सिक हीरो वाला फॉर्मूला अब पुराना पड़ चुका है. बेहतर होगा कि आप इस फिल्म की जगह अपना समय किसी और अच्छे काम पर खर्च करें."

चौथे ने फिल्म में यश के स्क्रीन प्रेजेंस की तारीफ़ तो की, मगर बाकी डिपार्टमेंट को एवरेज बता दिया. यूजर के मुताबिक,
"टॉक्सिक पूरी तरह यश को ग्लोरिफाई करने पर ध्यान देती है. बड़ा स्केल, ग्रैंड प्रोडक्शन डिजाइन और तगड़ा स्क्रीन प्रेजेंस. लेकिन फिल्म की कहानी कभी भी इसके प्रेजेंटेशन को मैच नहीं कर पाती. पहला हाफ काफी धीमा है. एडिटिंग भी ठीक नहीं लगती और कई हिस्से जबरदस्ती खींचे गए हैं. स्टोरीटेलिंग की जगह फिल्म में बेवजह के स्लो-मोशन शॉट्स पर ध्यान दिया गया है. फिल्म में जरूरत से ज्यादा कैरेक्टर्स आते रहते हैं, लेकिन उन्हें ठीक से सेट नहीं किया जाता. ऊपर से KGF का हैंगओवर भी साफ़ नज़र आता है. कुछ सीन्स अच्छे हैं और बैकग्राउंड म्यूजिक भी बढ़िया है. खासकर राया-नादिया वाले हिस्सों में. यश को बर्बाद कर दिया है. एवरेज."

पांचवें ने 'टॉक्सिक' को बेहद बोरिंग फिल्म बताते हुए कमेंट किया,
"टॉक्सिक में केवल स्टाइलिश यश, सर्कस के स्टंट और बेहतरीन विजुअल्स ही पॉजिटिव हैं. करीब 3 घंटे लंबी ये फिल्म एक बेजान और हिंसक एक्शन ड्रामा बनकर रह गई है. किरदारों को ठीक से नहीं लिखा गया. एडल्ट सीन्स जबरदस्ती डाले गए हैं. रैंडम सीक्वेंस, बेकार डायलॉग्स और कोई इमोशनल कनेक्ट भी नहीं. डायरेक्टर गीतू मोहनदास ने एक बेहद बोरिंग फिल्म बना दी है. बकवास."

‘टॉक्सिक’ को नेशनल अवॉर्ड विनिंग डायरेक्टर गीतू मोहनदास ने डायरेक्ट किया है. यश के अलावा इसमें कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, नयनतारा, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत जैसे एक्टर्स ने काम किया है. फिल्म को 500 से 600 करोड़ के बजट पर बनाया गया है. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि इसमें से 100 करोड़ रुपए तो फिल्म ओपनिंग डे पर ही कमा लेगी.
वीडियो: नहीं बिक रहे यश की 'TOXIC' के OTT और सैटेलाइट राइट्स









