पिछले एक दशक से Kapil Sharma अपने कॉमेडी शोज़ से दर्शकों को लगातार एंटरटेन कर रहे हैं. इस काम में Sunil Grover, Chandan Prabhakar और Kiku Sharda जैसे कलाकारों ने भी उनका साथ निभाया है. शो पर एक्टर्स और क्रिकेटर्स समेत अलग-अलग फील्ड के लोग बतौर गेस्ट आते हैं. पर क्या आप जानते हैं कि कपिल का शो अधिकतर स्क्रिप्टेड रहता है. इस बात की जानकारी खुद कीकू ने दी है. उन्होंने बताया कि शो का 70 परसेंट हिस्सा स्क्रिप्ट के भरोसे चलता है.
"70 परसेंट स्क्रिप्टेड होता है" - कॉमेडियन कीकू शारदा ने बताई कपिल शर्मा के शो की असलियत!
कीकू शारदा के मुताबिक, किसी भी गेस्ट के आने से 15-20 दिन पहले ही राइटर्स ब्रेनस्टॉर्मिंग में जुट जाते हैं.


पिछले कुछ समय से कपिल टीवी छोड़कर नेटफ्लिक्स पर शिफ्ट हो गए हैं. वहां वो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' नाम से जनता का मनोरंजन कर रहे. हाल ही में उनके साथी कीकू शारदा, यूट्यूबर प्रखर गुप्ता के पॉडकास्ट पर गए थे. इस दौरान उनसे शो की स्क्रिप्टिंग और रिहर्सल पर सवाल किए गए. इस पर कीकू ने बताया कि शो के कलाकार गेस्ट्स को जोक्स और पंचलाइंस बताने से बचते हैं. ऐसा इसलिए ताकि वो उनका जेनुइन रिएक्शन कैप्चर कर सकें.
कीकू के मुताबिक, शुरुआती दिनों में गेस्ट्स थोड़ा डाउट में रहते थे कि शो पर क्या होने वाला है. इसलिए वो कपिल व राइटर्स से लगातार सवाल करते थे. मगर अब लगभग सभी लोगों ने इस शो को देख लिया और उन्हें इस फॉर्मेट का आइडिया भी है. इसलिए पिछले कई सालों से सेलिब्रिटीज़ उनसे क्रॉस क्वेश्चन नहीं करते. कीकू बताते हैं कि कपिल के शो की अच्छी-खासी स्क्रिप्टिंग होती है. यही नहीं, सभी कलाकार सेलिब्रिटिज़ के बिना ही उसका बेसिक रिहर्सल भी करते हैं.
हालांकि बातचीत के दौरान कीकू ने ये भी स्वीकारा कि भले ही शो की स्क्रिप्टिंग होती हो, मगर कई मौके ऐसे भी आते हैं जब उन्हें अपनी सूझ-बूझ से काम लेना पड़ता है. ऐसा अधिकतर तब होता है, जब गेस्ट्स कुछ ऐसी बातें कह दें जिसकी आपने उम्मीद न की हो. कीकू बताते हैं,
"मोटे तौर पर कहें तो हमारे पास पहले से एक स्क्रिप्ट होती है. हम उसी के हिसाब से चलते हैं, लेकिन सिर्फ एक हद तक. कई बार कोई सेलिब्रिटी बातचीत को बिल्कुल नई दिशा में ले जाता है. ऐसे में स्क्रिप्ट पर टिके रहना मुश्किल हो जाता है. कई बार इंटरव्यू के दौरान कोई नया सवाल या विचार आ जाता है, तो हम उसी हिसाब से बात आगे बढ़ाते हैं. कुल मिलाकर, शो की लगभग 70 परसेंट बात-चीत स्क्रिप्ट के मुताबिक होती है. वहीं बाकी बची 30 परसेंट बातें पूरी तरह मौके पर ही कही जाती हैं."
कीकू बताते हैं कि शो का एपिसोड भले ही एक घंटे का रिलीज़ हुआ हो, मगर उसे शूट करने में पूरा दिन खप जाता है. यही नहीं, जब भी किसी नए गेस्ट के आने की चर्चा होती है, तो एक टीम 15-20 दिन पहले से ही ब्रेनस्टॉर्मिंग शुरू कर देती है. उसमें शो के एक्टर्स इन्वॉल्व नहीं होते. लेकिन बाद में एक्टर्स और राइटर्स ऑफिस में साथ बैठकर उस बारे में बातें करते हैं. वहां काफी बेतुकी बातें भी होती हैं और उन्हें छांटकर ही शो की स्क्रिप्ट तैयार की जाती है. फिर एक्टर्स शूट शुरू करने से पहले मंच पर ही उस स्क्रिप्ट को आपस में पढ़ते हैं. वहां यदि जरूरत लगी तो कुछ नए जोक्स जोड़े या घटाए जाते हैं. इस तरह जाकर कपिल शर्मा के शो का हर एपिसोड शूट होता है.
वीडियो: कॉमेडियन कपिल शर्मा ने 6 महीने के अंदर दी दो बड़ी फ्लॉप फिल्में











