हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-67 में एक थार ने सोसाइटी पार्किंग में सो रही हाउस हेल्प को कुचल दिया. इस घटना में 57 साल की गुड्डी की मौत हो गई. जांच में सामने आया कि गाड़ी महिला चला रही थी. परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्होंने लापरवाही बरतते हुए गाड़ी को बैक किया, जिसमें हाउस हेल्प गुड्डी की मौत हो गई. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
गुरुग्राम में थार का कहर, सोसाइटी की पार्किंग में सो रही हाउस हेल्प को कुचला
Thar incident in India: गुरुग्राम के सेक्टर 67 के एक सोसाइटी पार्किंग एरिया में महिला ड्राइवर ने थार से एक हाउस हेल्प को कुचल दिया. बताया जा रहा है कि घरेलू सहायक पार्किंग में काम करने के बाद सो रही थीं. तभी एक लाल रंग की थार उनके ऊपर चढ़ गई.


इंडिया टुडे से जुड़े अरविंद ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक, ये घटना गुरुग्राम के अंसल वर्सालिया सोसाइटी में घटी. बताया गया कि घटना के बाद महिला ड्राइवर थार से उतरीं और दूसरी गाड़ी में गुड्डी को अस्पताल ले गईं. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. इसके बाद महिला गुड्डी के शव को वापस सोसाइटी ले आईं. आरोप है कि अस्पताल से लौटने के बाद महिला ने शव को पार्किंग में ही छोड़ दिया और खुद फ्लैट में जाकर छिप गईं.
कैसे हुई घटना?गुड्डी उत्तर प्रदेश के महोबा जिले की रहने वाली हैं. वे अंसल वर्सालिया सोसाइटी के एक घर में हाउस हेल्प की जॉब करती थीं. 14 जुलाई को दोपहर करीब 2 बजे गुड्डी अपना काम ख़त्म करके पार्किंग में ग्राउंड फ्लोर पर सो रही थीं. इसी दौरान उसी बिल्डिंग में रहने वाली एक महिला काम से लौटीं. उन्होंने अपनी लाल रंग की थार को पार्क करना चाहा. लेकिन अपनी गाड़ी वहां सो रही महिला के ऊपर चढ़ा दी. इसके बाद वो गुड्डी को सेक्टर 68 के एक प्राइवेट अस्पताल में ले गईं.
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-65 थाना पुलिस मौके पर पहुंची. इस घटना के बारे में मृतक के भतीजे ने बताया,
‘मेरी बुआ यहां काम करती हैं. काम करने के बाद वो आराम कर रही थीं. तभी उन्हें गाड़ी से कुचला गया. पता नहीं महिला ड्राइवर सच बोल रही है या झूठ.’
ये भी पढ़ें: थार खरीदी और कराए चेंजेज, अब एक्सीडेंट के बाद 4 लाख का बीमा क्लेम रिजेक्ट
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, पब्लिक रिलेशन अफसर संदीप ने बताया कि गुड्डी देवी को गंभीर चोटें आईं हैं. उनके परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी जिसके बाद तुरंत कार्रवाई की गई. उन्होंने आगे बताया कि शुरूआती जांच में सामने आया है कि गाड़ी सीधे सीने पर चढ़ी थी. आशंका जताई जा रही है कि ‘मल्टीप्ल फ्रैक्चर’ की वजह से महिला की जान गई है. हालांकि अभी पोस्टमॉर्टेम रिपोर्ट आना बाकी है.
पुलिस ने थार जब्त कर ली है और CCTV फुटेज के ज़रिए आगे की जांच की जा रही है. इस मामले में महिला ड्राइवर के खिलाफ FIR दर्ज किया गया है और पूछताछ की जा रही है.
वीडियो: दिल्ली के वसंत कुंज में थार की टक्कर से युवक की मौत












