The Lallantop

टॉम क्रूज़ की 'डिगर' का दंतनिपोर ट्रेलर देख दिमाग घूम जाएगा!

ट्रेलर लॉन्च इवेंट में टॉम क्रूज़ ने कहा- "मेरे 40 साल के करियर की पराकाष्ठा है डिगर."

Advertisement
post-main-image
'डिगर' में टॉम क्रूज़ कुछ ऐसे लुक में हैं. इसे एलेजांद्रो इनारितु ने डायरेक्ट किया है.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • टॉम क्रूज़ ने एलेहांद्रो इनयारितु की ब्लैक कॉमेडी फिल्म 'डिगर' में डिगर रॉकवेल नामक एक तेल कारोबारी का किरदार निभाया है, जिसका ट्रेलर 13 जुलाई को वॉर्नर ब्रदर्स ने रिलीज़ किया।
  • इस फिल्म की कहानी एक ईकोलॉजिकल डिज़ास्टर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो डिगर रॉकवेल की कंपनी की वजह से हुआ और इसे न्यूक्लियर युद्ध तक बढ़ने का खतरा माना जा रहा है।
  • 'डिगर' 2 अक्टूबर, 2026 को रिलीज़ होगी, और इसे टॉम क्रूज़ के 40 साल के अभिनय करियर की सबसे बड़ी छलांग के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने एक बुजुर्ग तेल कारोबारी का अनोखा रोल निभाया है।

Tom Cruise. एक्टर तो इस शख़्सियत की एक पहचान है. मगर सालों पहले ही ये नाम ख़ूबसूरती का विशेषण भी बन चुका है. आकर्षक चेहरा. गालों में भंवर वाली मुस्कुराहट. नीली आंखें. पेशानी पर बिखरे सुनहरे बाल. कुल मिलाकर ऐसा सुदर्शन व्यक्तित्व, जिसकी एक झलक में सम्मोहित हुआ जा सकता है. मगर Digger Trailer में टॉम क्रूज़ कुछ ऐसे अंदाज़ में सामने आए हैं कि उन्हें पहचान पाना भी मुश्किल हो जाता है. थुलथुला बदन. कमरे में बाक़ी शरीर से पहले दाखिल हो जाए ऐसा पेट. चेहरे पर झुर्रियां. सारे पक चुके और लगभग झड़ चुके बालों वाले एक बुज़ुर्ग की तरह उन्हें देख, मन कुछ पल को ठिठक सा जाता है. कौन नहीं जानता कि वक्त से क्रूर और कोई नहीं. और टॉम क्रूज़ को भी अजरता का वरदान तो प्राप्त है नहीं. मगर टॉम वो एक्टर हैं, जो बुरे सपनों में भी Mission Impossible वाले हैंडसम सीक्रेट एजेंट Ethan Hunt के किरदार में ही नज़र आते हैं. उन्हें ऐसे डी-ग्लैम लुक में देखना चौंकाता भी है. Tropic Thunder वाले Les Grossman की याद दिलाता है.  

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

13 जुलाई की शाम वॉर्नर ब्रदर्स ने ‘डिगर’ का ट्रेलर रिलीज़ किया. ये ‘बर्डमैन' और ‘दी रेवेनेंट’ वाले ऑस्कर अवॉर्डी डायरेक्टर एलेहांद्रो इनयारितु की ब्लैक कॉमेडी फिल्म है. टॉम के किरदार का नाम है डिगर रॉकवेल. एक ऐसा तेल कारोबारी जो दुनिया के सबसे शक्तिशाली लोगों में से एक है. मगर उसकी कंपनी की वजह से बड़ी आपदा आ गई है. एक ऐसा ईकोलॉजिकल डिज़ास्टर सामने खड़ा है, जो न्यूक्लियर वॉर तक करा सकता है. सभी उसे इस संकट का ज़िम्मेदार ठहराते हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति उसे ये सब ठीक करने को कहते हैं. और इससे पहले ही सब कुछ तबाह हो जाए, डिगर एक मिशन पर निकल पड़ता है. वो ये साबित करना चाहता है कि मनुष्यता का उद्धार वो ही करेगा. चारों तरफ़ हाहाकार मचा हुआ है. मगर डिगर अपनी बूढ़ी-बीमार बिल्ली में ही मगन है. उसका ह्यूमर जस का तस है. शायद यही उसकी ताक़त भी है. 

ये तो वो कहानी है, जो ट्रेलर में हम, आप, सब देख-समझ रहे हैं. मगर इस नए अवतार के पीछे टॉम क्रूज़ का साहस और उनकी मेहनत, दोनों नज़र आ रहे हैं. साहस यूं, कि सिनेमा में हीरो की एक इमेज बनी हुई है. वो ऐसे झुके हुए कंधों वाला बुज़ुर्ग से बहुत अलग है. मगर टॉम क्रूज़ एक बार फिर साबित कर रहे हैं कि- He is much more than just a pretty face. ख़ूबसूरत चेहरे और आकर्षक व्यक्तित्व के परे उनमें कितनी संभवनाएं हैं. कितना लोहा है, कितना दम है, ये फिल्म वही दिखाने की उनकी कोशिश महसूस होती है. और ट्रेलर इसमें सफल होता दिख रहा है. चेहरे और बदन पर भले ही प्रॉस्थेटिक्स हों, मगर झुकी हुई पीठ वाले एक सनकी बुज़ुर्ग के किरदार की खाल में यूं उतरने के लिए टॉम क्रूज़ बधाई के पात्र हैं.

Advertisement

फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट पर टॉम क्रूज़ ने बताया कि उन्होंने कई दिनों तक डायरेक्टर एलेहांद्रो से सिर्फ फिल्म की स्क्रिप्ट सुनी. एलेहांद्रो पढ़ते रहे. और टॉम क्रूज़ सुनते रहे. सोचते रहे हर सीन के बारे में. डायलॉग्स और डायलॉग्स के बीच के सन्नाटे में एक्ट करने के बारे में. और ‘डिगर’ के ट्रेलर में टॉम क्रूज़ ये सब पर्दे पर बख़ूबी उतारते नज़र आ रहे हैं. इस इवेंट में उन्होंने कहा कि ‘डिगर’ उनके 40 साल के एक्टिंग करियर की सबसे ऊंची छलांग है. बिलाशक़, ये फिल्म टॉम क्रूज़ और उनकी ताक़त की नई शिनाख़्त करेगी. जॉन गुडमैन इस फिल्म में अमेरिकन प्रसिडेंट के रोल में हैं. उनके अलावा रिज़ अहमद, सैंड्रा हलर, एमा डार्सी, माइकल स्टलबार्ग और सोफ़ी वाइल्ड भी ज़रूरी किरदारों में हैं. ये फिल्म 2 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. 

वीडियो: टॉम क्रूज की पॉपुलर फ्रैंचाइज़ की आखिरी फिल्म से लेकर सुपरमैन तक, कई बड़ी फिल्में आने वाली हैं

Advertisement
Advertisement