3 Idiots में Aamir Khan का किरदार Phunsukh Wangdu काफी हद तक एजुकेटर और क्लाइमेट एक्टिविस्ट Sonam Wangchuk पर आधारित था. वही वांगचुक, जो पिछले 17 दिनों से पेपर लीक के मुद्दे पर जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे हैं. इस दौरान उनका वजन करीब 9 किलो तक घट गया है. तबीयत भी लगातार बिगड़ती जा रही. ऐसे में '3 इडियट्स' के चतुर रामलिंगम यानी Omi Vaidya उनके सपोर्ट में आ गए हैं. उन्होंने कहा कि वो फुनसुक वांगडू को मरते हुए नहीं देखना चाहते.
सोनम वांगचुक के सपोर्ट में आए '3 इडियट्स' के चतुर, बोले- "फुनसुक वांगडु को मरते हुए नहीं देखना"
ओमी वैद्य के बयान के बाद वकील प्रशांत भूषण ने आमिर खान की चुप्पी पर सवाल उठाया है.


हाल ही में 'कॉकरोच जनता पार्टी' ने जानकारी दी कि भूख हड़ताल के कारण वांगचुक का वजन 9 किलो तक घट गया है. ऐसे में ओमी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो मैसेज शेयर किया. उसमें वो कहते हैं,
"मैं फुनसुक वांगडू को मरते हुए नहीं देखना चाहता. हैलो इडियट्स, पहचाना? मैं ओमी वैद्य हूं, जो 3 इडियट्स में चतुर और द ऑफिस में सादिक बन चुका है. आज मेरे पास पास आपलोगों के लिए एक जरूरी मैसेज है. मैं ऐसा आमतौर पर नहीं करता, इसलिए मेरी बात ध्यान से सुनिए."
ओमी ने आगे कहा,
"क्या आप जानते हैं कि 3 इडियट्स का फुनसुक वांगडू, यानी वो किरदार जो आमिर खान ने प्ले किया था, वो असल में लद्दाख के इंजीनियर, इनोवेटर, टीचर और रिफ़ॉर्मर सोनम वांगचुक पर आधारित है. मैं उनसे मिल चुका हूं. वो बेहद दिलचस्प कैरेक्टर हैं, जिन्होंने कुछ कमाल के काम किए हैं."
ओमी ने लोगों से अपील की कि उन्हें सोनम वांगचुक के बारे में और पढ़ना व जानना चाहिए. फिर प्रोटेस्ट का जिक्र करते हुए वो कहते हैं कि वांगचुक इन दिनों काफी लंबी भूख हड़ताल पर हैं. उनका ब्लड शुगर बहुत गिर चुका है. ओमी ने बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं कि मीडिया इस मुद्दे को रिपोर्ट कर रही है या नहीं. मगर ये काफी जरूरी बात है, जिस पर सबको ध्यान देना चाहिए. ओमी ने लोगों से कहा कि वांगचुक शिक्षा में सुधार के लिए प्रोटेस्ट कर रहे हैं. ऐसे में कोई उनसे सहमत हो या नहीं, मगर ओमी नहीं चाहते कि उनकी जान चली जाए.

ओमी के वीडियो को इंटरनेट पर खूब शेयर किया जा रहा है. लोग उनकी तारीफ करते हुए आमिर खान समेत '3 इडियट्स' की स्टारकास्ट पर सवाल उठा रहे हैं. एडवोकेट प्रशांत भूषण ने इस सिलसिले में एक सोशल मीडिया पोस्ट भी किया. उन्होंने कहा कि '3 इडियट्स' की स्टारकास्ट से कम-से-कम एक शख्स ने तो आगे आकर सोनम वांगचुक को सपोर्ट किया. मगर वो ये देखना चाहते हैं कि आमिर खान खुद इस मसले पर कुछ करते हैं या नहीं. जहां तक 'कॉकरोच जनता पार्टी' की बात है, उन्होंने घोषणा की है कि वो 20 जुलाई को मॉनसून सेशन शुरू होने पर संसद तक एक शांतिपूर्ण मार्च करेंगे.
वीडियो: आमिर खान अपनी ही सुपरहिट फिल्म के सीक्वल में नजर नहीं आएंगे?









