कुछ समय पहले डायरेक्टर Nitesh Tiwari ने बताया था कि Ramayana पार्ट 1 की एन्डिंग क्लिफ़हैंगर से होगी. कुछ उसी तरह, जैसे SS Rajamouli की Baahubali पार्ट 1 की हुई थी. मगर ये क्लिफ़हैंगर होगा क्या, इसे लेकर इंटरनेट पर कई थ्योरिज़ दी जा रही हैं. उनमें सबसे पॉपुलर ये है कि फर्स्ट पार्ट का अंत सीताहरण पर होगा. मगर ताज़ा रिपोर्ट की मानें तो ये बात पूरी तरह सच नहीं.
'रामायण: पार्ट 1' का अंत मेकर्स ऐसे सीन से कर रहे, जो सिनेमाघरों में दहला देगा!
सिनेमा कॉन 2026 में कुछ लोगों को फिल्म का क्लाइमैक्स दिखाया जा चुका है.

बॉलीवुड हंगामा ने सूत्रों के हवाले से बताया कि 'रामायण' पार्ट 1 का क्लाइमैक्स सनी देओल से कनेक्टेड है. मेकर्स फिल्म की एन्डिंग उनके कैरेक्टर यानी हनुमान के इन्ट्रो से करेंगे. कुछ समय पहले चर्चा थी कि सनी डायरेक्ट सेकेंड पार्ट में नज़र आएंगे. मगर अब इस बात का खंडन कर दिया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, सनी पहले पार्ट में नजर आएंगे और इसकी एन्डिंग उनके सीन पर ही होगी. ये सीन या तो एंड क्रेडिट्स से ठीक पहले दिखाया जाएगा. वरना मेकर्स इसे मिड क्रेडिट या पोस्ट क्रेडिट में रखेंगे.
नितेश तिवारी इस क्लाइमैक्स को 'बाहुबली: पार्ट 1' जैसे एंड करना चाहते हैं. सूत्र ने आगे कहा,
"मेकर्स का मकसद दर्शकों को फिल्म के अंत में वैसा ही तगड़ा सरप्राइज़ देना है, जैसा बाहुबली के पहले पार्ट में देखने को मिला था. 'कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा' वाले सवाल ने दर्शकों को काफी उत्सुक कर दिया. उसने सेकेंड पार्ट के लिए एक्साइटमेंट भी बढ़ा दी थी. इसलिए रामायण के मेकर्स को उम्मीद है कि पार्ट 1 के आखिर में हनुमान की एंट्री दर्शकों के बीच तहलका मचा सकती है. इससे उन्हें दूसरे पार्ट का बेसब्री से इंतज़ार रहेगा."
'रामायण' के अब तक जितने ग्लिम्प्स आए हैं, उनमें हनुमान के रोल में सनी देओल की कोई झलक नहीं दिखाई गई. न ही सेट से उनका कोई फ़ोटो ही लीक हुआ. इसलिए लोगों में उन्हें देखने की काफी एक्साइटमेंट है. मगर ऐसा भी नहीं कि उन्हें अब तक किसी ने नहीं देखा है.
अप्रैल में अमेरिका में हुए सिनेमा कॉन इवेंट में कुछ लोगों को फिल्म की एक्सक्लूसिव फुटेज दिखाई गई थी. तब हनुमान के किरदार में सनी देओल का लुक रिवील किया गया था. रिपोर्ट के मुताबिक, लोगों ने सनी को उस तरह के गेटअप में पहले कभी नहीं देखा था., इसलिए वो काफी एक्साइटेड हो गए. उनका मानना है कि सनी का लुक रिवील न करके मेकर्स ने बिल्कुल सही फैसला लिया है. उस सीन को सबसे बेहतरीन ढंग से सीधे सिनेमाघरों में ही इंजॉय किया जा सकता है. रही फिल्म की बात, 'रामायण: पार्ट 1' ओवसीज़ मार्केट में 06 नवंबर को रिलीज़ होगी. वहीं भारत में ये दीपावली यानी 08 नवंबर को आएगी.
वीडियो: 'रामायण' के डायरेक्टर नितेश तिवारी ने चीन में 'दंगल' जैसा ही खेल कर दिया?













