The Lallantop

केवल 12 लाख की ओपनिंग लेकर भी 'हनुमान अंश' कैसे बनी देश की सबसे प्रॉफिटेबल फिल्म?

ओपनिंग डे की तुलना में 'हनुमान अंश' अब तक 12400 परसेंट ग्रोथ कर चुकी है.

Advertisement
post-main-image
'हनुमान अंश' को 2 करोड़ के बजट पर बनाया गया है.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • फिल्म 'हनुमान अंश' का 07 अगस्त को रिलीज़ होना और 24 दिनों में 47.33 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन करना मुख्य विकास घटना है।
  • फिल्म की बढ़ती कमाई का कारण नीम करोली बाबा के भक्तों की उच्च संख्या, यश की फिल्म 'टॉक्सिक' को न्यूनतम मिलना, और लोकप्रिय गीतों का वायरल होना है।
  • इस फिल्म की सफलता से मेकर्स ने भंडारा आयोजन के माध्यम से प्रचार की रणनीति अपनाई, जिससे फिल्म की लोकप्रियता और आय में वृद्धि हुई।

Hanuman Ansh. ट्रेड एक्सपर्ट्स के लिए ये फिल्म किसी बॉक्स ऑफिस मिरेकल से कम नहीं. हो भी क्यों न. आखिर 12 लाख की ओपनिंग लेने वाली ये छोटी-सी फिल्म, 24वां दिन बीतने तक बॉलीवुड की सबसे प्रॉफिटेबल मूवीज़ में से एक जो बन चुकी है. प्रॉफिट भी कोई ऐसा-वैसा नहीं, बल्कि 2266 परसेंट का. खबर लिखे जाने तक इसने अपनी लागत से 23 गुना अधिक पैसे कमा लिए हैं.

Advertisement

दो करोड़ के मामूली बजट पर बनी 'हनुमान अंश', नीम करोली बाबा की बायोपिक है. वैसे तो उन पर Windfall of Grace और Moved by Grace जैसी कई डॉक्यूमेंट्रीज़ बन चुकी हैं. 2026 में 'श्री बाबा नीब करोरी महाराज' नाम से एक मूवी और आई. मगर सबसे ज्यादा चर्चा विशाल चतुर्वेदी के डायरेक्शन में बनी 'हनुमान अंश' को मिल रही है.

सैकनिल्क के मुताबिक, 07 अगस्त को रिलीज़ हुई इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर केवल 12 लाख रुपए कमाए थे. वीकेंड तक 'हनुमान अंश' 71 लाख तक पहुंची. पहला हफ्ता बीतने तक मूवी ने ग्रॉस 1.27 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया. दूसरे हफ्ते में ये कमाई बेतहाशा गिरी और फिल्म ने उन सात दिनों में केवल 49 लाख रुपए कलेक्ट किए.

Advertisement

मगर इसके बाद ‘हनुमान अंश’ की कमाई बढ़ी और इसने तीसरे हफ्ते में 12.16 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया. फिल्म के बजट को देखते हुए ये काफी बड़ा आंकड़ा है. मगर असली धमाका तो चौथे हफ्ते में हुआ. इसके शुरुआती तीन दिनों में फिल्म ने क्रम से 7.44 करोड़, 11 करोड़ और 15 करोड़ रुपए कमाए. इन्हें जोड़ दें तो आंकड़ा 33.44 करोड़ तक पहुंच जाता है. फिल्म ने शुरुआती तीन हफ्तों में जितने पैसे कमाए थे, चौथे के तीन दिनों में ही उससे ज्यादा पीट दिए.

कुल मिलाकर, रिलीज के 24 दिनों में फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन ग्रॉस 47.33 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है. ये फिल्म के बजट से लगभग 2266.5 परसेंट ज्यादा है. ओपनिंग डे पर 'हनुमान अंश' ने 12 लाख रुपए कमाए थे और 24वें दिन पर 15 करोड़. ये लगभग 12400 परसेंट की ग्रोथ है.

# ‘हनुमान अंश’ ने इतने पैसे कैसे कमाए?

Advertisement

'हनुमान अंश' के इस जबरदस्त ग्रोथ के पीछे कई फ़ैक्टर्स जिम्मेदार हैं,
1) अव्वल तो ये कि भारत में नीम करोली बाबा के भक्त, खासकर नॉर्थ इंडिया में, बहुत बड़ी संख्या में हैं. इसलिए जब फिल्म ने एक बार रफ़्तार पकड़ी तो इसे दर्शक बटोरने में ज्यादा दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ा.
2) दूसरा कारण ये कि यश की 'टॉक्सिक' को ऑडियन्स से काफी नेगेटिव रिस्पॉन्स मिला है. इससे 'हनुमान अंश' को हिन्दी बेल्ट में अच्छा-खासा पैसेज मिल गया. कई सिनेमाघरों ने ‘टॉक्सिक’ को घटाकर 'हनुमान अंश' के शोज़ बढ़ा दिए.
3) तीसरा ये कि फिल्म के गीत बहुत अच्छे हैं. इनमें 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' और 'जब जिद पे आ गई पार्वती' तो खूब वायरल भी हुए. सोशल मीडिया पर कई इंफ्लुएंसर्स उन गानों पर वीडियो बना रहे हैं. इससे फिल्म को अच्छा ट्रैक्शन मिल गया.

# CID के ट्रेनी AD बने नीम करोली बाबा

'हनुमान' अंश' में नीम करोली बाबा का रोल शोभिनव सत्य ने प्ले किया है. वो FTII, पुणे के एलुमनी हैं. बतौर एक्टर, ये उनकी पहली फिल्म है. इससे पहले उन्होंने कैमरे के पीछे का काम संभाला है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर की थी. 2019 में शोभिनव ने 'रागिनी MMS रिटर्न्स' सीरीज में ट्रेनी असिस्टेंट डायरेक्टर का जिम्मा संभाला था. यही नहीं, उन्होंने 2025 में CID के कुछ एपिसोड्स में सेकेंड असिस्टेंट डायरेक्टर का काम भी किया. लगभग उसी दौरान डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी से उनकी मुलाकात हुई. विशाल को उनकी सादगी पसंद आई और इसी वजह से उन्होंने शोभिनव को 'हनुमान अंश' में बतौर लीड एक्टर कास्ट कर लिया.

shobhinav
शोभिनव सत्य.

# एक नेत्रहीन लड़के ने दिया फिल्म का सबसे वायरल गाना

'हनुमान अंश' का 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' गाना इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है. मगर कम लोगों को ही पता है कि इस बुन्देली भक्ति गीत के पीछे एक 25 साल का नेत्रहीन सिंगर सुनील लोधी है. इससे पहले वो 'मोरे संकट के कटैया' गाने से भी वायरल हो चुके हैं. मेकर्स को उनकी रॉ आवाज काफी पसंद आई थी. इसलिए उन्होंने फिल्म में भी उसे जस-का-तस रखा. उनका ये फैसला सही साबित हुआ और अब ये गीत इंटरनेट पर वायरल हो गया है.

# गाली-गलौज और नॉन मांसाहारियों की नो एंट्री

डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने 'हनुमान अंश' की मेकिंग के दौरान प्रेमानन्द महाराज को अप्रोच किया था. उन्होंने मेकर्स को सलाह दी कि फिल्म के लीडिंग एक्टर यानी शोभिनव शूटिंग के वक्त पूरी तरह शाकाहारी बन जाएं. यही नहीं, उन्होंने शोभिनव को नीम करोली बाबा की तरह ही कड़े अनुशासन का पालन करने भी कहा.

वैसे, इस तरह के नियम केवल शोभिनव पर ही नहीं, सेट पर मौजूद सभी लोगों पर थे. विशाल के मुताबिक, वहां गाली-गलौज पर सख्त पाबंदी थी. सेट पर कोई भी लड़ या बहस नहीं कर सकता था. खाने में केवल वेज का ऑप्शन था. मेकर्स ने ये नियम बनाया कि 'हनुमान अंश' से जुड़ा कोई भी शख्स शराब नहीं पिएगा. हर दिन शूटिंग की शुरुआत और अंत हनुमान चालीसा से होती. सेट पर जब भी कोई दिक्कत होती, तब भी सब हनुमान चालीसा ही पढ़ते थे.

# फिल्म प्रमोट करने के लिए भंडारा करवाया

'हनुमान अंश' को केवल 2 करोड़ में बनाया गया है. ऐसे में मेकर्स के पास फिल्म प्रमोट करने के लिए बिल्कुल भी पैसे नहीं बचे. इसलिए उन्होंने एक तरकीब निकाली. उन्होंने तय किया कि वो जगह-जगह पर भंडारा करवाएंगे. हुआ भी ऐसा ही. भंडारा करवाने में ऑफिशियल प्रमोशन की तुलना में कम पैसे लगे. विशाल के मुताबिक, उन्होंने टोटल आठ भंडारों का आयोजन किया था. वहां जो भी आता, मेकर्स उन्हें फिल्म के बारे में बताते. इस तरह उन्होंने बेहद आसानी से अपनी फिल्म को लोगों तक पहुंचा दिया. शुरुआत में तो ज्यादा दर्शक नहीं मिले. मगर एक बार जब लोगों को फिल्म पसंद आई तो इसकी कमाई भी दिन दोगुनी-रात चौगुनी रफ्तार से आगे बढ़ी. उसी का नतीजा है कि आज ‘हनुमान अंश’ देश की सबसे प्रॉफिटेबल फिल्म बन गई है।

वीडियो: ना 'छावा' ना 'हाउसफुल 5', इस फिल्म ने 2025 में कमाया 1200 परसेंट प्रॉफिट

Advertisement