The Lallantop

IPS अजय पाल शर्मा को हाई कोर्ट ने बंगाल से नहीं हटाया, अब सुप्रीम कोर्ट पहुंची याचिका

Supreme Court में दाखिल याचिका में IPS Ajay Pal Sharma को 'पक्षपाती' बताया गया है. Calcutta High Court में भी उन्हें हटाने की मांग की गई थी, लेकिन कोर्ट ने तुरंत आदेश देने से मना कर दिया. अब देखना होगा कि सुप्रीम कोर्ट अजय पाल शर्मा को हटाने की याचिका पर क्या फैसला करता है?

Advertisement
post-main-image
TMC कैंडिडेट जहांगीर खान (बाएं) और IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा (दाएं). (Facebook/ITG)

IPS अजय पाल शर्मा को पश्चिम बंगाल से हटाने का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है. सर्वोच्च अदालत से साउथ 24 परगना के पुलिस ऑब्जर्वर बनाकर भेजे गए अजय पाल शर्मा को तुरंत हटाने की मांग की गई है. कलकत्ता हाई कोर्ट में भी उन्हें हटाने के लिए याचिका दाखिल की गई थी, लेकिन कोर्ट ने तुरंत आदेश देने से मना कर दिया. अजय पाल शर्मा पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार जहांगीर खान और उनके परिवार को धमकाने का आरोप है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

भारतीय चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए कई ऑब्जर्वर तैनात किए हैं. आयोग ने उत्तर प्रदेश कैडर के IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा को भी बतौर पुलिस ऑब्जर्वर साउथ 24 परगना में भेजा है. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका में अजय पाल शर्मा को 'बहुत ज्यादा पक्षपाती और उन्हें दी गई भूमिका के उलट काम करने वाला' बताया गया है.

IPS अजय पाल शर्मा पर गंभीर आरोप

याचिका में आरोप लगाया गया है कि पुलिस ऑब्जर्वर के तौर पर चार्ज संभालने के बाद अजय पाल शर्मा ने "पॉलिटिकल कैंडिडेट्स को डराने-धमकाने, गलत असर डालने और पक्षपात करने जैसे काम किए."

Advertisement
कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका

मंगलवार, 28 अप्रैल को कलकत्ता हाई कोर्ट में भी अजय पाल शर्मा को तुरंत हटाने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई हुई थी. उन पर चुनाव आचार संहिता (MCC) का उल्लंघन करने का आरोप लगा. कलकत्ता हाई कोर्ट के जस्टिस कृष्ण राव ने याचिका सुनी और 29 अप्रैल तक अजय पाल शर्मा के खिलाफ कोई भी आदेश देने से मना कर दिया.

29 अप्रैल को पश्चिम विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण की वोटिंग होनी है. लीगल वेबसाइट बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, जस्टिस कृष्ण राव ने कहा,

"मैं यह बता रहा हूं कि मैं 29 (अप्रैल) तक चुनाव ड्यूटी पर तैनात किसी भी अधिकारी के संबंध में कोई आदेश पारित नहीं करूंगा. 29 अप्रैल के बाद आइए, मैं आदेश पारित करूंगा."

Advertisement

याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि IPS अजय पाल शर्मा वोटर्स को धमका रहे हैं. इस पर कोर्ट ने उन्हें चुनाव आयोग जाने के लिए कहा. कोर्ट ने कहा,

“क्या किया जा सकता है? हम क्या करेंगे?”

यह भी पढ़ें: बंगाल गए UP के IPS अजय पाल शर्मा का विवादों से पुराना नाता है

TMC वालों को धमकाते हुए आया वीडियो

बीते दिनों सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए, जिसमें अजय पाल शर्मा कथित तौर पर फाल्टा से TMC उम्मीदवार जहांगीर खान को वॉर्निंग देते नजर आ रहे हैं. उस समय जहांगीर वहां मौजूद नहीं थे. वीडियो में अजय पाल शर्मा कथित तौर पर कहते सुने जा सकते हैं,

"आस-पास के जितने भी लोग हैं अच्छी तरह से समझ लें. अगर किसी ने बदमाशी की, तो उनका कायदे से इलाज किया जाएगा. अगर कहीं से खबर आ गई कि किसी ने कोई खुराफात करने की, किसी को परेशान करने की कोशिश की है, तो फिर उसकी खबर भी अच्छे से लेंगे हम. ये जहांगीर के घर वाले भी खड़े हैं. उसको बता देना कायदे से. ये बार-बार जो खबरें आ रही हैं कि उसके लोग धमका रहे हैं, तो फिर अच्छे से खबर लेंगे. फिर बाद में रोना-पछताना मत."

TMC और समाजवादी पार्टी (SP) ने IPS अधिकारी के इस बर्ताव पर कड़ी आपत्ति जताई है. TMC अधिकारियों पर कार्रवाई ना करने के लिए चुनाव आयोग की आलोचना की.

कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिकाकर्ता के वकील ने कहा,

“ऐसे सबूत मौजूद हैं जिनसे पता चलता है कि वह (IPS अजय पाल शर्मा) एक उम्मीदवार के घर गए थे और उम्मीदवार की गैर-मौजूदगी में उन्होंने ड्राइवर को धमकाया था. वे लगातार धमकियां दे रहे हैं.”

वकील ने आगे कहा,

"वह इस तरह से बर्ताव कर रहे हैं, मानो वह चुनाव की कमान संभाल रहे हों."

जस्टिस कृष्ण राव को बताया गया कि ECI अजय पाल शर्मा को अपनी हद से बाहर जाकर काम करने से रोकने में नाकाम रहा है. लेकिन कोर्ट ने कोई राहत नहीं दी और अजय पाल शर्मा के खिलाफ आदेश देने से मना कर दिया.

अजय पाल शर्मा का विरोध

TMC कार्यकर्ताओं ने IPS अजय पाल शर्मा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने 'जय बांग्ला' के नारे लगाए और जहांगीर खान का सपोर्ट किया. जहांगीर जिस फाल्टा विधानसभा सीट से लड़ रहे हैं, वो डायमंड हार्बर में है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी डायमंड हार्बर से ही लोकसभा सांसद हैं.

यह भी पढ़ें: यूपी के IPS अजय पाल शर्मा बंगाल चुनाव में क्यों हो रहे वायरल? TMC सांसद ने दे दी वॉर्निंग!

जहांगीर खान का पलटवार

TMC कैंडिडेट जहांगीर खान का भी एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे कथित तौर पर अजय पाल शर्मा मामले पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं. उन्होंने कहा, “पिक्चर अभी बाकी है. अगर बंगाल की जनता सड़कों पर उतरी तो CRPF हवा में उड़ जाएगी.” अजय पाल शर्मा के खिलाफ पश्चिम बंगाल पुलिस में भी शिकायत की गई है.

आजतक की खबर के मुताबिक, एक महिला ने फाल्टा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि देर रात IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा और केंद्रीय बलों के जवान घरों में जबरन घुस गए और महिलाओं के साथ मारपीट की.

वीडियो: राजधानी: बंगाल चुनाव 'TMC बनाम IPS अजय पाल शर्मा' कैसे हो गया?

Advertisement