The Lallantop

यूपी में कांग्रेस ने 170 सीटें छांट लीं, अखिलेश यादव को भेज दी लिस्ट

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों को लेकर बातचीत शुरू हो गई है. कांग्रेस ने करीब 170 सीटों की सूची सौंपी है. साथ ही उसने ये भी बताया है कि वो इनमें से कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

Advertisement
post-main-image
यूपी चुनाव के लिए सीटों बंटवारे पर कांग्रेस और सपा के बीच बातचीत शुरू. (Courtesy: ITG/ANI)

उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. सीटों को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच बातचीत शुरू हो गई है. कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को करीब 170 सीटों की लिस्ट सौंपी है. पार्टी ने इन सीटों को अपनी चुनावी संभावनाओं और जमीनी संगठन की ताकत के हिसाब से चार कैटेगरी में बांटा है. कांग्रेस की कोशिश है कि गठबंधन में उसे सम्मानजनक हिस्सेदारी मिले. हालांकि, सीटों के बंटवारे पर अभी कई दौर की बातचीत होनी बाकी है.

Advertisement

इंडिया टुडे को कांग्रेस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने सीटों को A, B, C और D कैटेगरी में रखा है. A कैटेगरी की सीटों पर कांग्रेस ने लगभग अपना रुख तय कर लिया है. इन सीटों पर समझौते की गुंजाइश कम है. B कैटेगरी में कुछ बदलाव हो सकते हैं, जबकि C और D कैटेगरी की सीटों पर पार्टी बातचीत के लिए तैयार है. सीटों के बंटवारे के लिए दोनों दलों के नेताओं की एक संयुक्त समिति भी बनाई जा सकती है. कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, दोनों पार्टियों का साझा मकसद बीजेपी को हराना है. इसके लिए जरूरत पड़ने पर दोनों पक्ष समझौता कर सकते हैं.

कांग्रेस को कितनी सीटों की उम्मीद?

उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं. कांग्रेस इनमें से 115 से 120 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है. पार्टी के नेताओं का कहना है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन और उत्तर भारत में राहुल गांधी की बढ़ती स्वीकार्यता को देखते हुए उसे गठबंधन में बड़ी भूमिका मिलनी चाहिए.

Advertisement

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम भी विधानसभा की 50 फीसदी सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कह चुके हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की छह सीटें जीती थीं. बताया जा रहा है कि पार्टी इसी प्रदर्शन के आधार पर सीटों में बड़ी हिस्सेदारी की मांग कर रही है. 

यह भी पढ़ें : यूपी चुनाव में सपा से गठबंधन के सवाल पर राजभर ने जो बोला, BJP के कान खड़े कर देगा

राहुल गांधी के भरोसे ज्यादा सीटों की दावेदारी

2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में 114 सीटों पर चुनाव लड़ा था. उस वक्त समाजवादी पार्टी की अगुवाई अखिलेश यादव कर रहे थे, जो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी थे. वहीं, 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत सिर्फ दो सीटों पर मिली.

Advertisement

सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने हाल ही में कहा था कि अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए कांग्रेस अपने राजनीतिक हितों से समझौता करके खुद को नुकसान नहीं पहुंचाएगी. वहीं दूसरी तरफ अखिलेश यादव कह चुके हैं कि गठबंधन आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने सीटों की संख्या के बजाय जीत को प्राथमिकता देने की बात कही है.

इस बार कांग्रेस के ज्यादा सीटें डिमांड करने के पीछे एक दलील ये भी दी जा रही है कि संविधान और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर राहुल गांधी की राजनीति से दलित, अल्पसंख्यक और गैर-यादव ओबीसी समुदायों का समर्थन पार्टी के पक्ष में बढ़ रहा है. पार्टी को उम्मीद है कि इन समुदायों के बीच बन रही इस राजनीतिक गोलबंदी का फायदा उसे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिल सकता है.

वीडियो: प्रदर्शनी से हटाई गईं प्रियंका गांधी के बेटे की तस्वीरें, रेहान वाड्रा ने वजह बता दी

Advertisement