बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की खाली की गई बांकीपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी चुनाव हार गई. चुनाव आयोग की घोषणा से पहले ही विपक्षी उम्मीदवार की बढ़त को देखते हुए बीजेपी ने हार भी मान ली है. बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने ‘जीते हुए उम्मीदवार’ को एडवांस में बधाई दे दी है. बिना नाम लिए. लेकिन हम नाम ले लेते हैं. बांकीपुर सीट से जनसुराज पार्टी के प्रशांत किशोर 18 हजार से ज्यादा वोटों से चुनाव जीत गए हैं.
प्रशांत किशोर ने बांकीपुर चुनाव जीतते ही बीजेपी को नसीहत दे डाली
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर जनसुराज के प्रशांत किशोर ने बीजेपी के नीरज कुमार को 18 हजार से ज्यादा वोटों से हरा दिया. रुझानों में हार तय मानते हुए बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने आधिकारिक नतीजों से पहले ही विजेता को बधाई दे दी.

इंडिया टुडे से जुड़े शशि की रिपोर्ट के मुताबिक, 31 राउंड की मतगणना के बाद प्रशांत किशोर को कुल 63 हजार 203 वोट मिले. वहीं उनके करीबी राइवल बीजेपी के नीरज कुमार को 44 हजार 250 वोट मिले. लालू प्रसाद यादव की राष्ट्रीय जनता दल की उम्मीदवार रेखा गुप्ता की तो जमानत जब्त हो गई. उन्हें केवल 10.96 फीसदी वोट मिले. बीजेपी के लिए तो उतना नहीं लेकिन आरजेडी के लिए ये नतीजे बड़े ‘खतरे की घंटी’ माने जा रहे हैं.
चुनाव के नतीजों में लगातार बढ़त बनाए रखने के बाद प्रशांत किशोर भी काफी आत्मविश्वास में दिखे. इस दौरान उन्होंने बांकीपुर के लोगों को जीत समर्पित करते हुए बीजेपी पर तीखे बयान दिए. उन्होंने कहा कि बांकीपुर के लोगों ने बीजेपी नेतृत्व को एक स्पष्ट संदेश दिया है कि बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में किसी अच्छे व्यक्ति को नियुक्त करें.
ये भी पढ़ेंः क्या प्रशांत किशोर ने चुनाव से पहले कुशवाहा समाज को धमकाया? सच जान लें
बिहार बीजेपी के अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रशांत किशोर को जीत की ओर बढ़ते देखकर कहा कि बीजेपी ने बांकीपुर के विकास के लिए लगातार काम किया है और भविष्य में भी पार्टी की प्राथमिकता में होगा. उन्होंने कहा, ‘हमें कम वोट क्यों मिले, इसे समझने के लिए हम विस्तार से समीक्षा करेंगे. मैं जीतने वाले उम्मीदवार को भी पहले से बधाई देता हूं.’
वीडियो: नेतानगरी: राहुल गांधी के पैलेट गन वाले वार पर अमित शाह चुप क्यों? शहजाद पूनावाला BJP छोड़ देंगे?













