हर साल त्योहारी सीजन में रियल एस्टेट डेवलपर्स ग्राहकों को लुभाने के लिए ऑफर्स की बरसात कर देते हैं. फ्रिज, एसी और वॉशिंग मशीन से लेकर टू व्हीलर जैसे ऑफर्स देने का ट्रेंड रहा है. इस बार भी त्योहारी सीजन पर घर खरीदारों की मौज आने वाली है. जी हां, नवरात्रि से शुरू होने वाले फेस्टिव सीजन में बायर्स के लिए कई आकर्षक ऑफर हैं.
फेस्टिव सीजन में घर खरीदारों के लिए बंपर ऑफर्स, फ्री में आईफोन से लेकर स्टैंप ड्यूटी तक की छूट
रियल एस्टेट कंपनियों के लिए फेस्टिव सीजन बंपर सेल का मौका होता है. आम तौर पर इस दौरान घरों की बुकिंग बढ़ जाती है. इस बार अलग-अलग कंपनियां कम डाउन पेमेंट से लेकर लाखों की छूट की पेशकश कर रही है. कुछ डेवलपर स्टैंप ड्यूटी भी चुका रही हैं.

त्योहारी सीजन में घर खरीदने वालों के लिए मेट्रो सिटी से लेकर छोटे शहरों तक में बिल्डर्स कई ऑफर लेकर आए हैं. ये रियल एस्टेट कंपनियां घर की बुकिंग कराने पर अलग-अलग शहरों में कम डाउन पेमेंट से लेकर लाखों की छूट दे रही हैं. कुछ डेवलपर्स घर खरीदने पर स्टैंप ड्यूटी भी चुका रहे हैं.
फ्लैट बुकिंग पर 3 लाख कीमत वाला आईफोन फ्रीरियल एस्टेट कंपनी बूट्स रियलिटी (BOOTES Reality) आईफोन दे रही है. कंपनी नोएडा वाले प्रोजेक्ट बूट्स एस्पायर सिलिकॉन सिटी (BOOTES Aspire Silicon CIty) में फ्लैट बुकिंग पर आईफोन डुओ फ्री में दे रही है. इस फोन की कीमत करीब 3 लाख रुपये है.
बूट्स रियलटी के मैनेजिंग डायरेक्टर दीपक राय ने लल्लनटॉप से बातचीत में यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि नोएडा सेक्टर 76 स्थित रेजीडेंशियल सोसाइटी सिलिकॉन बूट्स एस्पायर सिलकॉन सिटी में महिला के नाम पर फ्लैट बुकिंग कराने पर आईफोन डुओ मुफ्त मिलेगा.
दीपक राय ने बताया कि इस ऑफर के अलावा 10 अक्टूबर तक बुकिंग करने पर अगले 30 दिन के लिए फ्लैट प्राइस लॉक हो जाएगा. इसका मतलब है कि अगर कोई ग्राहक इस दौरान फ्लैट बुक कराता है, तो अगले 30 दिन तक कीमत बढ़ने का असर नहीं पड़ेगा. अगर फ्लैट के दाम बढ़ते भी हैं, तो भी ग्राहकों को बढ़ी कीमत नहीं चुकानी होगी. उनका कहना है कि नवरात्रि से लेकर दिवाली तक कंपनी कई और ऑफर लांच करने की तैयारी कर रही है.
ये भी पढ़ें: '50 लाख वाला फ्लैट कहां गया?' जानिए मेट्रो सिटी से गायब कैसे हो गए बजट वाले घर
मनीकंट्रोल के मुताबक मुंबई स्थित डेवलपर यूके रियल्टी (UK Reality) गोरेगांव ईस्ट में घर खरीदारों को दो ऑफर दे रही है. इस आवासीय योजना में घर खरीदने वालों को स्टैंप ड्यूटी नहीं चुकानी होगी. यह स्टैंप ड्यूटी खुद डेवलपर्स चुकाएगा.
कंपनी के डायरेक्टर देवांशू बंसल ने कहा, "आमतौर पर देखा गया है कि त्योहारी सीजन के दौरान लोग बड़ी तादाद में घर खरीदते हैं. ऐसे में घर खरीदारों को स्टैंप ड्यूटी नहीं चुकाने पर मोटा फायदा होगा. ग्राहकों के लिए घर खरीदना काफी फायदेमंद हो सकता है.''
कई बिल्डर मुफ्त गिफ्ट देने के बजाय ग्राहकों को आसान पेमेंट प्लान का ऑफर दे रहे हैं. हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई और दिल्ली एनसीआर में कुछ डेवलपर्स बुकिंग के लिए करीब 10% की बुकिंग राशि का विकल्प दे रहे हैं.
कुछ आवासीय योजनाओं में घर का पजेशन मिलने या ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (OC) जारी होने तक EMI देने की जरूरत नहीं होती. वहीं, सबवेंशन स्कीम में कंस्ट्रक्शन के दौरान लगने वाले प्री-ईएमआई ब्याज का खर्च बिल्डर खुद उठा रहे हैं.
एनारॉक ग्रुप (ANAROCK Group) के रेजिडेंशियल सेल्स (वेस्ट) के सीनियर एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजकुमार सिंह ने कहा कि कुछ रेजीडेंशियल प्रोजेक्ट में स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन शुल्क में छूट भी दी जा रही है. वहीं, कुछ बिल्डर अभी भी बुकिंग को आकर्षक बनाने के लिए गोल्ड वाउचर जैसे छोटे-मोटे मुफ्त गिफ्ट दे रहे हैं.
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार के बहाने किस पर निशाना साधा?











