IRCTC अपनी वेबसाइट को कितना भी अपग्रेड कर ले, कितना भी अच्छा यूजर इंटेरफेस बना ले, टिकट बुक करना आज भी सिरदर्द है. आईआरसीटीसी की वेबसाइट या ऐप से टिकट बुक करने में होने वाली परेशानियों की लिस्ट लंबी है. कभी पैसे कट जाते और टिकट बुक नहीं होती. लॉगिन में दिक्कत, बुकिंग सेशन उड़ जाना तो जैसे नॉर्मल है. तत्काल की बात तो करते ही नहीं. वहां तो विंडो ही ओपन नहीं होती. स्क्रीन पर चक्का राउंड-राउंड घूमता है. इन्ही परेशानियों से आजिज आकर एक व्यक्ति दिल्ली हाई कोर्ट पहुंच गया.
तत्काल टिकट हमसे बुक नहीं होता, लेकिन एजेंट... IRCTC की 'खामियां' अब HC ठीक कराएगा?
IRCTC से ऑनलाइन रेल टिकट बुक करते समय आम यात्रियों को होने वाली दिक्कतों के चलते दिल्ली हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर हुई है. अदालत ने इस मामले में दाखिल जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए रेल मंत्रालय और भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम यानी IRCTC से जवाब तलब किया है. जानिए क्या-क्या बातें याचिका में कही गई हैं.

ऑनलाइन रेल टिकट बुक करते समय आम यात्रियों को होने वाली दिक्कतों के चलते दिल्ली हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर हुई है. अदालत ने इस मामले में दाखिल जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए रेल मंत्रालय और भारतीय रेलवे खान-पान और पर्यटन निगम यानी IRCTC से जवाब तलब किया है.
Railways और IRCTC हाजिर होंचीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस कारिया की खंडपीठ ने रेल मंत्रालय और IRCTC से कहा है कि वे इस मामले में एक सप्ताह के भीतर निर्देश लेकर अदालत को बताएं. याचिका उत्तम कुमार नाम के व्यक्ति ने दायर की है. आजतक के संजय शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तम कुमार के वकील शुभम कुमार ने बताया कि याचिका में IRCTC, रेल वन (RailOne) और इनसे जुड़े दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के यात्री आरक्षण सिस्टम का स्वतंत्र और तकनीकी रूप से सक्षम ऑडिट कराने की मांग की गई है. याचिका में टिकट बुकिंग सिस्टम की कई गंभीर गड़बड़ियों को गिनाया गया है.
# सबसे पहली शिकायत तो वेबसाइट के हल्लुहल्लु चलने और फिर अटक जाने यानी हैंग होने की है. याचिका के मुताबिक एडवांस और तत्काल बुकिंग की विंडो खुलते ही साइट दिक्कत करने लगती है, बोले तो वही राउंड-राउंड घूमने वाला चक्का स्क्रीन पर नजर आने लगता है. अगर मौसम त्योहारों या लंबी छुट्टियों वाला हुआ तो फिर साइट में लॉगिन करना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन हो जाता है. टिकट बुक होना तो भूल ही जाइए.
# दूसरी शिकायत पैसे कटने से जुड़ी है. कई बार यात्री के बैंक खाते से पैसे कट जाते हैं, लेकिन टिकट जनरेट नहीं होता. इस पर याचिका में साफ और समयबद्ध रिफंड व्यवस्था की मांग की गई है, ताकि यात्री को दूसरा टिकट बुक करने का मौका हाथ से न निकल जाए. वैसे आपकी जानकारी के लिए बता दें कि IRCTC का ‘Resume/Retry Booking’ फीचर 10 फरवरी 2026 से उपलब्ध भी हो गया है. माने जो अगर टिकट बुकिंग फेल हुई और पैसा भी कट गया, तो आप उसी दिन उसी अमाउंट का इस्तेमाल करके दोबारा से टिकट बुक कर सकते हैं. इसके बारे में आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.
IRCTC पर बुकिंग फेल, पैसा कटा; अब तुरंत ये पैसा आपके काम आएगा, बस ये कर लें
# तीसरा और अहम आरोप बॉट्स को लेकर है. याचिका में कहा गया है कि सिस्टम में कुछ अनधिकृत सॉफ्टवेयर, ऑटोमेटेड स्क्रिप्ट्स और बल्क-बुकिंग टूल्स का इस्तेमाल हो रहा है. इसकी वजह से आम लोगों के मुकाबले कुछ चुनिंदा एजेंटों या बिचौलियों को उपलब्ध टिकटों तक गलत तरीके से ज्यादा पहुंच मिल जाती है. माने जो टिकट हमारे फोन और लैपटॉप से बुक नहीं होती, वो एजेंट के पास आसानी से कैसे बुक हो जाती है.
याचिका में अदालत से आग्रह किया गया है कि वह अधिकारियों को पूरे रिजर्वेशन इकोसिस्टम का स्वतंत्र तकनीकी ऑडिट कराने का निर्देश दे. अगली सुनवाई पर हम आपसे फिर मुखातिब होंगे जब रेल मंत्रालय और IRCTC अदालत में अपना पक्ष रखेंगे.
वीडियो: राजधानी: BJP सांसद के बेटे धनराज नाथवानी को अखिलेश ने क्यों दिया राज्यसभा टिकट?














