हमारे सोशल मीडिया हेड को हमारे 'पड़ताल' की फ़ेसबुक वॉल पर ऐसा एक ऐसा मैसेज आया कि उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. पूरा मामला बताते हैं लेकिन पहले मैसेज का मजमून देखिए.
Facebook पर चल रहा हैकिंग का ऐसा तरीका कि अच्छे-अच्छे लोग फंस जाएंगे!
Facebook पर अकाउंट हैक करने के लिए एक नया तरीका निकाला गया है. फेसबुक के नियमों को तोड़ने का हवाला देकर सीधे वाल पर मैसेज भेजकर धमकी दी जा रही है. The Lallantop के फ़ेसबुक पेज पर जब ऐसा मैसेज आया तो क्या हुआ?


# आपका पेज हमारी टर्म्स और कंडीशन तोड़ रहा है
# आप 18+ एडल्ट कंटेन्ट अपलोड कर रहे हो
# आप कॉपीराइट वाले वीडियो और म्यूजिक का इस्तेमाल कर रहे हो
# आपके पेज पर अभद्र कॉन्टेंट परोसा जाता है
# आपके पेज को ब्लॉक कर दिया गया है.

अगर आपको लगता है कि ऐसा गलती से हुआ है तो आप इस लिंक पर क्लिक कीजिए और अपनी रिक्वेस्ट सबमिट कीजिए.
इतना पढ़ते ही हमारे सोशल मीडिया मैनेजर बेहद परेशान हो गए. सोचकर देखिए जो आदमी चौबीसों घंटे सोशल मीडिया के नियम कानूनों पर नजर रखता है, अगर वो एक पल के लिए डर गया तो आम आदमी का क्या होगा. चलिए, डर का धंधा बंद करते हैं और पूरा मामला बताते हैं. ये एक नए किस्म का स्कैम है. साइबर फ्रॉड है. हैकिंग का एक तरीका जो बहुत बारीकी से प्लान किया गया है.
सबसे पहले तो कोई मैसेज नहीं किया गया बल्कि सीधे फ़ेसबुक वाल पर धमकी दी गई. जिस फ़ेसबुक आईडी से ये पोस्ट भेजा गया उसको गौर से देखिए.
Your Profile AtRisk, See Why
मतलब अच्छे-अच्छे एक्सपर्ट एक मिनट के लिए गच्चा खा जाएं. हम और हमारे मैनेजर घबराए जरूर मगर हमने लिंक पर क्लिक किया. हालांकि आपने ऐसा कभी नहीं करना है. इसको चेतावनी ही समझ लीजिए. हमने पूरी सेफ़्टी के साथ दी गई लिंक पर क्लिक किया.
जो पेज ओपन हुआ वो भी एकदम असल जैसा लगेगा. भाषा भी तकरीबन फ़ेसबुक जैसी.

आपका एक्सेस सीमित है और आप पोस्ट नहीं कर सकते, कुछ शेयर नहीं कर सकते और किसी पोस्ट पर कमेंट्स भी ब्लॉक हैं. साथ में पूरी प्रोसेस को समझाने के लिए वीडियो भी लगाया हुआ है. अकाउंट से जुड़ी कई सारी जानकारियां भी मांगी है. यहां तक सब ठीक है लेकिन नीचे वाली लाइन ने पूरा पोल खोल दी.
कृपया सुनिश्चित कीजिए कि आपका अकाउंट लैपटॉप या कंप्यूटर से लॉगआउट नहीं हो जब तक वेरीफिकेशन मेल नहीं आ जाता. काहे भाई. हमारा अकाउंट, हमारी मर्जी. तुम कौन होते हो ज्ञान देने वाले?
यही रेड फ्लैग है. कहने का मतलब इधर आपने मांगी गई जानकारी देकर क्लिक किया उधर वो आपके अकाउंट में दाखिल. अकाउंट क्या आपके सिस्टम में भी सेंधमारी. आगे क्या होगा, वो बताने कि जरूरत नहीं. मतलब सब कुछ हैकर की मर्जी पर. वैसे रेड फ्लैग सिर्फ ये नहीं है. यूजर आईडी पर क्लिक करके देखिए. एक भी फॉलोअर नहीं. अकाउंट का इस्तेमाल सिर्फ ऐसी ही कारगुजारियों के लिए किया जा रहा है. ये तो हुई हमारी आपबीती. अगर आपके साथ ऐसा हो तो क्या करें.
# शांति रखें और एक गिलास ठंडा पानी पियें
# अगर आपके अकाउंट से कुछ उल्टा-सीधा हुआ भी है तो मेटा कोई तुरंत अकाउंट बंद नहीं करने वाला
# मेटा कोई लिंक नहीं भेजता बल्कि ऐप के अंदर सेटिंग्स में जाकर आपको रिक्वेस्ट करनी होती है. आपकी सुविधा के लिए लिंक ये रही.
अकाउंट से जुड़ी किसी भी दिक्कत के लिए क्या करना है, वो आप यहां क्लिक करके जान सकते हैं.
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: आपका पर्सनल डेटा किसे बेचते हैं गूगल और फ़ेसबुक?






















