भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा जब भी बल्लेबाजी करने उतरते हैं, लोगों को उनमें युवराज सिंह की झलक दिखती है. हो भी क्यों न. इस खिलाड़ी को ट्रेनिंग भी तो युवराज से मिली है. अब अभिषेक शर्मा को जन्मदिन पर अपने मेंटॉर से खास विश भी मिली है. हमेशा की तरह युवराज ने अभिषेक की कुछ मजेदार वीडियो शेयर करते हुए अपने अंदाज में बधाई दी. युवराज सिंह ने जो वीडियो शेयर किया, उसमें अभिषेक उठक-बैठक करते नजर आ रहे हैं. वहीं युवराज उन्हें जल्दबाजी न करने की सीख देते नजर आ रहे थे.
बर्थडे पर 'गुरु' युवराज सिंह ने जो वीडियो शेयर किया, देखकर 'अभिषेक सर' शर्मा जाएंगे
अभिषेक शर्मा की जिंदगी में युवराज सिंह का अहम रोल रहा है. कोविड के समय अभिषेक, युवराज के ही घर पर रहा करते थे, और वहीं ट्रेनिंग करते थे.

वहीं, वीडियो में अभिषेक कहते हैं,
मैं पहली बॉल पे लप्पा नहीं मारूंगा. मैं टाइम लेके बैटिंग करूंगा. मैं सोच के स्कोर करूंगा. मैं लिफ्ट नहीं मारूंगा पहली बॉल.
वीडियो में दोनों की कई तस्वीरें भी थीं, जिससे साफ नजर आता है कि सिर्फ मैदान पर ही नहीं. दोनों मैदान के बाहर भी काफी समय साथ बिताते हैं. एक अन्य वीडियो में युवराज कहते हैं कि ट्रैवल करते हुए वो ही हमेशा अभिषेक के बैग्स उठाते हैं. हालांकि, ये सब कुछ मजाकिया अंदाज में लिखा गया. युवराज ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा,
अभिषेक सर, आज आपका जन्मदिन है. कितना शुभ दिन है. आप जैसे इंसान बने हैं, उसके लिए बहुत प्यार. आप अपने आसपास के लोगों का ख्याल रखते हैं. मिल-जुलकर रहते हैं और एक लीडर हैं! आप हमेशा अपनी नाकामियों से सीखते हैं और हर बार और ज्यादा मेहनत करने को तैयार रहते हैं! उम्मीद है कि यह साल आपके लिए ढेर सारे रन और शतक लेकर आए! हमेशा बहुत सारा प्यार.
बता दें कि अभिषेक 16 साल की उम्र से पंजाब के लिए खेल रहे हैं. साल 2018 में वह भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा बने और टीम ने वर्ल्ड कप जीता. इसके बाद उनकी जिंदगी में युवराज सिंह की एंट्री हुई. कोविड के दौरान युवराज ने उन्हें अपने घर पर रुकवाया और ट्रेनिंग दी.
यह भी पढ़ें- IPL में बतौर इंपैक्ट प्लेयर नहीं खेलेंगे धोनी! CSK के पूर्व क्रिकेटर ने बताई वजह
धीरे-धीरे इसका असर दिखने लगा. अभिषेक साल 2024 के IPL के हीरो रहे. सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए उन्होंने रनों का अंबार लगा दिया. इस सीजन उन्होंने 204 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 484 रन बनाए. इसी साल अभिषेक को टीम इंडिया की ओर से पहली बार बुलावा भी आया. उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ डेब्यू किया. इस सीरीज के ही दूसरे मैच में उन्होंने तूफानी शतक लगाया और हर किसी को अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित कर लिया.
वीडियो: इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बाबर आजम का बल्ला खामोश, बासित अली ने जमकर सुनाई खरी-खोटी










