कोलंबो टेस्ट में श्रीलंकाई पेसर असिथा फर्नांडो के साथ विवाद को लेकर यशस्वी जायसवाल की काफी आलोचना हो रही है. इस घटना को लेकर कई दिग्गज खिलाड़ियों और कॉमेंटेटर्स ने अपनी राय रखी. इसमें हर्षा भोगले भी शामिल हैं. हर्षा के मुताबिक, भारतीय बल्लेबाज इस स्थिति को इग्नोर कर सकते थे. उनकी यह बात यशस्वी जायसवाल को पसंद नहीं आई. उन्होंने हर्षा के वीडियो पर कॉमेंट किया, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गया है.
भारत पीछे नहीं हटेगा... हर्षा भोगले की सलाह सुन गुस्सा गए यशस्वी जायसवाल
भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो टेस्ट में यशस्वी जायसवाल का तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के साथ झगड़ा हो गया. इस पर हर्षा भोगले की प्रतिक्रिया आई, जो यशस्वी को पसंद नहीं आई, उनका रिएक्शन अब चर्चा का विषय बन गया है.

कमेंटेटर हर्षा भोगले ने पूरे विवाद को लेकर एक वीडियो बनाया. इसमें उन्होंने कहा कि यशस्वी के लिए सबसे अच्छा यही होता कि वह बस वहां से चले जाते. स्पोर्ट्स ऐप के इस पोस्ट के नीचे यशस्वी जायसवाल ने कॉमेंट किया,
अगर आपको नहीं पता कि मुझे क्या कहा गया था, तो कृपया अपना फैसला न सुनाएं. अगर कोई हद पार करता है, तो हमें उसे यह बताना होगा कि भारत पीछे नहीं हटेगा और जवाब देगा.”
इससे पहले टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी यशस्वी जायसवाल का बचाव किया था. मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा था कि श्रीलंकाई गेंदबाजों ने कुछ ऐसा कहा, जिससे वो इतना भड़क गए. हालांकि, यशस्वी को गेंदबाज के उतने करीब नहीं जाना चाहिए था, लेकिन कई बार ऐसी चीजें हो जाती हैं.
यह भी पढ़ें- इंग्लैंड टीम के स्टार्स को क्या हुआ? हथकड़ी लगाए दिखे ब्रायडन कार्स, बेन स्टोक्स भी साथ नजर आए
क्या था मामला?यह घटना मैच के पहले दिन की ही है. कोलंबो के एसएससी मैदान पर असिथा फर्नांडो ने यशस्वी जायसवाल को आउट किया. उनकी शानदार इनस्विंग गेंद पर जायसवाल 45 रन बनाकर बोल्ड हो गए. आउट होने के बाद यशस्वी पवेलियन की ओर लौट रहे थे. तभी फर्नांडो ने उन्हें इशारा करते हुए कुछ कहा. उन्होंने क्या कहा, यह साफ नहीं है, लेकिन बात सुनते ही यशस्वी जायसवाल भड़क उठे. वह मुड़कर असिथा फर्नांडो से भिड़ गए. दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस हुई और इस दौरान दोनों काफी करीब आ गए. इस दौरान यशस्वी का हेलमेट फर्नांडो के माथे से छू गया. इसके बाद श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने बीच में आकर उन्हें अलग किया.
इस मामले में मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट ICC कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.12 को लागू कर सकते हैं. यह आर्टिकल अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी अन्य खिलाड़ी के साथ ‘अनुचित शारीरिक संपर्क’ से जुड़ा हुआ है. अगर यशस्वी को दोषी पाया जाता है, तो लेवल-1 के उल्लंघन के लिए उन्हें आधिकारिक फटकार से लेकर मैच फीस में 50 प्रतिशत तक की कटौती का सामना करना पड़ सकता है. इसके अलावा, उन्हें एक या दो डिमेरिट अंक मिल सकते हैं.
वीडियो: इंग्लैंड के खिलाफ रोहित शर्मा खेलेंगे वनडे करियर का आखिरी मैच?










