Namit Malhotra की Ramayana और SS Rajamouli की Varanasi देश की दो सबसे बड़ी फिल्में हैं. दोनों के मेकर्स अपनी-अपनी मूवीज़ को ग्लोबल स्केल पर रिलीज़ करने वाले हैं. 'रामायण' दुनियाभर की 45 भाषाओं में डब हो रही. लेकिन राजामौली अपने प्रोजेक्ट को इससे भी ज़्यादा भाषाओं में लाने वाले हैं. इसके लिए वो AI की जगह 1500 से ज़्यादा डबिंग आर्टिस्ट्स का ऑडिशन लेंगे. और उन लोगों से अलग-अलग भाषाओं में डब करवाकर फिल्म रिलीज़ की जाएगी.
'वाराणसी' का 80 परसेंट शूट पूरा, फिर भी 1500 एक्टर्स का ऑडिशन लेंगे राजामौली!
राजामौली अपनी फिल्म को 120 देशों में रिलीज़ करना चाहते हैं. इसके लिए वो जतन करने को तैयार हैं.

मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक, राजामौली 'वाराणसी' को दुनियाभर के 120 देशों तक ले जाना चाहते हैं. भारत में अब तक की सबसे बड़ी रिलीज़ शाहरुख खान स्टारर 'पठान' को मिली है. उसे 100 से अधिक देशों में रिलीज़ किया गया था. लेकिन राजामौली न केवल अपनी फिल्म को इससे बड़ी रिलीज़ दे रहे, बल्कि उसे लोकलाइज़ भी कर रहे हैं. यानी 'वाराणसी' को इन सभी देशों की लोकल भाषाओं में भी डब किया जाएगा.
रिपोर्ट के मुताबिक, राजामौली 'वाराणसी' को 50 भाषाओं में रिलीज़ करने की प्लानिंग कर रहे. इसके लिए वो AI या सिंथेटिक आवाज़ की जगह असली वॉइस ओवर एक्टर्स से फिल्म को डब करवाएंगे. राजामौली चाहते हैं कि मूवी के हर कैरेक्टर की आवाज़ असली और नैचुरल लगे. ताकि उनके इमोशन, पर्सनैलिटी और इंटेन्ट हर भाषा में सही तरह से दर्शकों तक पहुंचें. वो चाहते हैं कि दुनिया के हर मार्केट की ऑडियंस इस मूवी को उसी तरह एक्सपीरियन्स करें, जैसे ओरिजिनल भाषा में करते हैं. इसलिए वो सभी 50 भाषाओं के डबिंग आर्टिस्ट्स को फिल्म से जोड़ने वाले हैं. इसके लिए मेकर्स जल्द ही दुनियाभर के 1500 वॉइस ओवर एक्टर्स का ऑडिशन लेंगे.
दूसरी तरफ़, रणबीर कपूर स्टारर 'रामायण' को अलग-अलग देशों की 45 भाषाओं में रिलीज़ किया जाएगा. शुरुआत में ऐसी चर्चा थी कि मेकर्स ने AI की मदद से फिल्म की डबिंग की है. लेकिन ET नाव को दिए इंटरव्यू में प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने खुद इस बात का खंडन किया. उन्होंने बताया कि हर भाषा में डब के लिए वो असली वॉइस ओवर एक्टर्स को लाए हैं. वहीं रणबीर कपूर ने अपने हिस्से की डबिंग खुद की है. नमित ने बताया कि सभी भाषाओं में एक्टर्स की आवाज़ फिट बैठे, इसके लिए उन्होंने ब्रह्मा AI की लिप सिंक टेक्निक का इस्तेमाल भी किया है.
वीडियो: 'रामायण', 'वाराणसी' पर पैसा लगाने से क्यों डर रहे OTT प्लैटफॉर्म्स?










