साउथ अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड 11 मई को महिला T20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम का ऐलान करने वाला था. लेकिन प्रेस कॉन्फ्रेंस से 10 मिनट पहले उन्होंने प्रोग्राम बदल दिया, और कहा कि वह टीम का ऐलान नहीं करेंगे. इसकी वजह 12 मई को सामने आई. बोर्ड ने यह फैसला मुख्य रूप से पेसर शबनिम इस्माइल के कारण किया. शबनिम ने हाल में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का फैसला वापस लिया था. इसके बाद अब उन्हें T20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में चुना गया है. यह टूर्नामेंट 12 जून से पांच जुलाई तक ब्रिटेन में होने वाला है.
साउथ अफ्रीका ने देरी से क्यों किया स्क्वाड का ऐलान, वजह आई सामने
साउथ अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड ने 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है. टीम की कप्तानी लौरा वोलवार्ट को मिली है.


साउथ अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड ने 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है. टीम की कप्तानी लौरा वोलवार्ट को मिली है. इस टीम में 37 साल की इस्माइल को आखिरी समय में टीम में शामिल किया गया है. उन्होंने साउथ अफ्रीका की तरफ से अपना आखिरी T20 मैच फरवरी 2023 में केपटाउन में T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में खेला था.
इस्माइल ने अभी तक 113 T20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 123 विकेट लिए हैं, जो साउथ अफ्रीका की तरफ से रिकॉर्ड है. उनके आने से साउथ अफ्रीका का पेस अटैक काफी मजबूत हो गया है. पेस अटैक में पहले से ही मारिज़ेन कैप और डेन वैन नीकेर्क शामिल हैं. कैप बिमारी के बाद और डेन वैन चोट के बाद वापसी कर रही हैं.
प्रोटियाज महिला टीम के मुख्य कोच मंडला माशिम्बी ने कहा,
हम आने वाले बड़े मुकाबले के लिए उत्साहित हैं, और मुझे लगता है कि खिलाड़ियों ने पिछले कुछ महीनों में वाकई कड़ी मेहनत की है. भारत के खिलाफ 4-1 से सीरीज जीत ने हमें काफी आत्मविश्वास दिया है, लेकिन विश्व कप शुरू होने से पहले अभी भी कुछ अंतिम सुधार करने बाकी हैं.
यह भी पढ़ें- 'बाकी देश नई मां के लिए चीजें आसान करते हैं...', विनेश को मिला साक्षी मलिक का साथ
टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज कराबो मेसो भी कलाई की चोट से उबरकर वापसी कर रही हैं. सिनालो जाफ्ता टीम की अन्य विकेटकीपर हैं. दक्षिण अफ्रीका की अंडर-19 महिला टीम की पूर्व कप्तान कायला रेनेके को भी टीम में जगह मिली है. टीम की अन्य खिलाड़ियों में तज़मिन ब्रिट्स, सुने लुस, एनेरी डेर्कसेन, नादिन डी क्लर्क, क्लो ट्रायोन, अयाबोंगा खाका, टुमी सेखुखुने और नॉनकुलुलेको मलाबा शामिल हैं.
पिछले तीन ICC टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाली साउथ अफ्रीका की टीम T20 विश्व कप में अपने सफर की शुरुआत ग्रुप-1 में 13 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी. इसके बाद उसका सामना पाकिस्तान, भारत, नीदरलैंड और बांग्लादेश से होगा.
वीडियो: अर्शदीप सिंह ने पंजाब किंग्स के लिए किया कमाल, गेंदबाजी में दिखी धार


















