The Lallantop

ऑस्ट्रेलिया टूर को लेकर रोहित शर्मा ने जो कहा है, टीम इंडिया को उस पर ध्यान देना चाहिए

ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट खेलने के लिए उत्साहित हैं रोहित.

Advertisement
post-main-image
India Tour Of Australia के लिए उत्साहित हैं Rohit Sharma (फाइल फोटो)
इंडियन ओपनर रोहित शर्मा ने इंडिया टुडे ई-कॉन्क्लेव 2020 में शिरकत की. रोहित ने इंडिया टुडे के कंसल्टिंग स्पोर्ट्स एडिटर बोरिया मजूमदार से बात की. इस बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि इस साल भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलिया दौरा काफी मुश्किल होने वाला है. रोहित के मुताबिक स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर की वापसी से ऑस्ट्रेलिया की टीम काफी मजबूत हो गई है. भारत ने साल 2019 में हुई टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया था. यह पिछले 71 साल में ऑस्ट्रेलिया की धरती पर भारत की पहली सीरीज जीत थी. इस साल भारत को फिर ऑस्ट्रेलिया टूर पर जाना है. टीम इंडिया निश्चित तौर पर उस कारनामे को दोहराना चाहेगी. लेकिन अबकी बार उसे स्मिथ और वॉर्नर से भी निपटना होगा. पिछली बार बॉल टेम्परिंग विवाद के चलते स्मिथ और वॉर्नर बैन का सामना कर रहे थे.

# महान सीरीज होगी

इस बारे में रोहित ने कहा,
'यह एक महान टेस्ट सीरीज होने वाली है. मुझे पता है कि उन दोनों की वापसी के बाद ऑस्ट्रेलिया अपने घर में काफी अलग गेम खेलेगा. एक टीम के तौर पर हम अपना बेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं. हमारे बोलर और बैट्समेन अपने बेस्ट पर हैं. हम इस सीरीज के लिए उत्साहित हैं. अगर हुई, तो यह खेलने के लिए बेहतरीन सीरीज होगी.'
विदेशी पिचों पर रोहित की फॉर्म अक्सर सवालों के घेरे में रही है. खासतौर से टेस्ट क्रिकेट में. हाल ही में न्यूज़ीलैंड टूर के दौरान रोहित चोटिल हो गए थे. पांचवें T20 मैच में लगी चोट के बाद वह टूर के बाकी मैचों से बाहर हो गए थे. टीम इंडिया इस टूर में वनडे और टेस्ट मैचों में बुरी तरह हारी थी. उस चोट को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए रोहित ने कहा,
'न्यूज़ीलैंड में भी मैं चुनौतीपूर्ण स्थितियों में खेलने के लिए उत्साहित था. दुर्भाग्य से मुझे चोट लग गई. मैं अब ऑस्ट्रेलिया में खुद को टेस्ट करने और टेस्ट मैच खेलने के लिए बेताब हूं.'
भारत को अक्टूबर, 2020 से जनवरी 2021 तक चार टेस्ट, तीन वनडे और तीन T20 मैचों के लिए ऑस्ट्रेलिया का टूर करना है.
T20 वर्ल्ड कप में क्या युवराज सिंह ने 'फाइबर' के बल्ले से छह छक्के मारे थे?

Advertisement
Advertisement