बिहार की राजधानी पटना की एक कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आपा खो बैठे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. रैली में आए एक शख्स ने मल्लिकार्जुन खरगे के भाषण के बीच टोका-टाकी की. जब उसने ये कहा कि ‘मोदी (PM) नहीं जाएगा.’ तभी खरगे उखड़ गए. चिल्लाकर बोले, ‘मोदी का बाप भी जाएगा.’ उन्होंने ये बात कई बार दोहराई. इसके बाद ‘टोका-टाकी’ करने वाले शख्स को कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जमकर पीटा.
'मोदी का बाप...', पटना के कार्यक्रम में मल्लिकार्जुन खरगे ये क्या बोल गए?
पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के भाषण के दौरान एक शख्स ने कहा कि ‘मोदी नहीं जाएगा’. इस पर खरगे ने जवाब दिया, ‘मोदी का बाप भी जाएगा’.

खरगे के बयान पर सियासी विवाद भी शुरू हो गया. बीजेपी ने इसकी निंदा की और खरगे की भाषा को ‘गुंडे-मवालियों’ की भाषा बताया. बीजेपी के साथ बिहार की सत्ता में साझीदार जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि विपक्ष के नेताओं में पीएम नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की होड़ लगी है.
क्या बोले खरगे?घटना 25 अक्टूबर रविवार की है. पटना के बापू सभागार में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एक सभा को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान वह चुनाव आयोग पर हमलावर थे. उन्होंने आयोग के स्पेशल इंटेंस रिवीजन (एसआईआर) को निशाना बनाते हुए कहा कि बिहार, पश्चिम बंगाल, हरियाणा और महाराष्ट्र में वोट चोरी से सरकार बनी है. इन राज्यों में चोरों की सरकार है.
बीजेपी और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा,
उन्होंने (बीजेपी ने) सरकारें चोरी कर लीं. आज वेस्ट बंगाल की सरकार चोरी की सरकार है. हरियाणा की सरकार चोरी की सरकार है. बिहार की सरकार चोरी की सरकार है. महाराष्ट्र की सरकार चोरी की सरकार है. हर जगह चोरों की सरकार है. ऐसे चोरों को आप छोड़ देंगे. इन चोरों को सबक सिखाना चाहिए. जो चोरी करता है उसको सबक देते हैं या नहीं?
खरगे ने आगे कहा कि वोट चोरों को जेल भेजने का काम उनकी पार्टी करेगी. इसी दौरान उनके भाषण के बीच में ही दर्शक-दीर्घा में मौजूद एक शख्स टोका-टाकी करने लगा. खरगे ने थोड़ी देर उसकी बात सुनी. फिर वो ‘हां, चलो-चलो’ कहकर उसे जाने के लिए कहने लगे. लेकिन शख्स वहां से गया नहीं. खरगे की बातों पर आपत्ति जताते हुए उसने कहा कि ‘मोदी नहीं जाएगा.’
इतना सुनते ही खरगे भयंकर तरीके से उखड़ गए. आवाज ऊंची करके बोले,
मोदी का बाप भी जाएगा. मोदी का बाप भी जाएगा.
इसके बाद वहां हंगामा मच गया. बताया जा रहा है कि जिस शख्स ने खरगे के भाषण के बीच में टोका था, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसकी जमकर पिटाई भी कर दी. इसका वीडियो भी सामने आया है.
ये भी पढ़ेंः 'शुद्धिकरण' विवाद में अपनों ने नहीं दिया साथ! CWC मीटिंग में छलका खरगे का दर्द
बीजेपी-जेडीयू का वारखरगे का बयान सामने आते ही बीजेपी और जनता दल यूनाइटेड ने कांग्रेस पर हमला बोल दिया. बीजेपी के एक्स हैंडल से पोस्ट किया गया,
कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था. आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं. इनके युवराज इसी खीझ में कभी सड़क पर महिला पुलिसकर्मियों से गलत बर्ताव करते हैं. तो कभी अपने ही नेताओं से धक्का-मुक्की करते हैं. इनकी पूरी कार्यशैली माफिया प्रवृत्ति की हो गई है. यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग अधिक प्रतीत होती है.
पार्टी ने आगे कहा कि ‘खरगे के बयान वाले ख्वाब को पूरा करने के लिए तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष (सोनिया गांधी) ने 10 साल तक हर पैंतरा चला, लेकिन कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई. आज उनका बेटा इसी ख़्वाब को पूरा करने के लिए कभी वियतनाम तो कभी कोलंबिया के बीच दर-दर भटक रहा है.’
जेडीयू ने कहा कि विपक्ष के नेताओं में पीएम मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की होड़ लगी है. उनकी इस बदजुबानी को जनता देख रही है.
वीडियो: शरजील इमाम ने गांधी, जिन्ना और संविधान पर क्या कह दिया?









