जज के 17 साल के बच्चे के हाथ में मर्सिडीज की स्टीयरिंग थी. सड़क के किनारे खाने का स्टॉल लगाने वाले 55 साल के शख्स अपने स्कूटर से घर वापस जा रहे थे. तभी कार ने बेकाबू होकर उनके स्कूटर को टक्कर मार दी. उनका सामान बिखर गया. स्कूटर के परखच्चे उड़ गए. स्कूटर सवार की मौके पर ही मौत हो गई. ये मामला केरल के कोच्चि का है. रविवार, 25 अक्टूबर की सुबह की ये घटना है. पुलिस ने हादसे के लिए जिम्मेदार 17 साल के आरोपी को हिरासत में लिया है.
जज के 17 साल के लड़के ने स्कूटर को टक्कर मारी, 55 साल के शख्स की मौके पर मौत
केरल के कोच्चि में 17 साल के एक लड़के की मर्सिडीज की टक्कर से 55 वर्षीय जयबालाकृष्णन की मौत हो गई. कार एक न्यायिक अधिकारी के नाम पर रजिस्टर्ड बताई गई है.

25 अक्टूबर की सुबह 2 से 3 बजे के बीच हुई इस घटना में जान गंवाने वाले शख्स की पहचान जयबालाकृष्णन के रूप में हुई है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, जयबालाकृष्णन की भतीजी ने बताया कि वो गुजारा करने के लिए खाने का स्टॉल लगाते थे. जब ये हादसा हुआ तो वह अपने घर वापस आ रहे थे. उन्होंने दावा किया कि हादसे के वक्त जरूर कार काफी स्पीड में रही होगी. क्योंकि उनके चाचा का स्कूटर बुरी तरह डैमेेज हो गया था. उनका सामान इधर-उधर बिखरा हुआ मिला. स्कूटर से गिरने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
ये भी पढ़ेंः बीड़ी देने से मना करने पर बहस हुई, डंडे से पीटकर दो लड़कों ने मजदूर को मार डाला
हादसे का आरोपी 17 साल का नाबालिग है. पुलिस ने साफ किया है कि घटना के वक्त आरोपी लड़का नशे में नहीं था. आगे की जांच के लिए उसका ब्लड सैंपल लैब में भेजा गया है. आरोपी जो मर्सिडीज बेंज चला रहा था वह किसी ज्यूडिशियल अफसर के नाम पर रजिस्टर्ड पाई गई.
जयबालाकृष्णन की भतीजी की शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि थाने में आरोपी लड़के के पिता ने उनसे बदसलूकी की. उन्होंने बस इतना ही पूछा था कि उन्होंने नाबालिग बेटे को कार चलाने की इजाजत क्यों दी थी?
महिला ने कहा कि जज के रवैये को देखते हुए वो इस केस को आगे तक ले जाएंगी. यह केस सबके लिए सबक होना चाहिए कि बिना लाइसेंस के गाड़ी न चलाएं.
वीडियो: मणिपुर में फिर तनाव, मैतेई युवक की हत्या के विरोध में 48 घंटे का बंद, कॉन्सर्ट में क्या हुआ था?









