The Lallantop

19 साल के विंगर पर 1535 करोड़ का दांव! कौन हैं यान डियोमांडे, जिनके लिए रीयल मैड्रिड ने खोले खजाने?

Who is Yan Diomande : स्पेनिश क्लब Real Madrid ने अब तक का सबसे महंगा ट्रांसफर किया है. जर्मन क्लब RB Leipzig के विंगर Yan Diamonde पर स्पेनिश क्लब ने 1535 करोड़ रुपये का दांव लगा दिया है. कोट ड‍ि इवोर (Ivory Coast) के इस विंगर ने क्लब से 2033 तक का कॉन्ट्रैक्ट किया है.

Advertisement
post-main-image
रीयल मैड्रिड ने यान डियोमांडे के साथ 1535 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट किया है. (फोटो-AP)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • रीयल मैड्रिड ने 19 वर्षीय विंगर यान डियोमांडे को 7 साल के बहुउद्देशीय अनुबंध के तहत रिकॉर्ड 1535 करोड़ रुपये में भर्ती किया है, जो क्लब का अब तक का सबसे महंगा हस्ताक्षर है।
  • डियोमांडे का ट्रांसफर इस लिए हुआ क्योंकि उन्होंने बुंडेसलीगा में शानदार प्रदर्शन किया था और कई बड़े क्लबों की दिलचस्पी होने के बावजूद मैड्रिड ने उन्हें साइन किया।
  • इस हस्ताक्षर से रीयल मैड्रिड की टीम की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी और नए कोच जोसे मोरिन्हो के नेतृत्व में भविष्य के सत्रों में इसका प्रभाव दिखेगा।

फुटबॉल की दुनिया के सबसे सफल क्लबों में से एक रीयल मैड्र‍िड. 15 बार के यूरोपियन चैंपियन. 36 बार के स्पेन‍िश फर्स्ट डिविजन लीग ला लीगा के चैंपियन. पिछला साल इनके लिए भूलने वाला था. लेकिन, अब नए कोच जोसे मोरिन्हो की लीडरश‍िप में टीम इस सीजन पिक्चर बदलने की कोश‍िश में लगी है.

Advertisement

समर ट्रांसफर विंडो में क्लब ने अब एक ऐसा दांव खेला है, जिसकी गूंज इस वक्त पूरे यूरोप में सुनाई दे रही है. स्पेनिश दिग्गज क्लब ने आरबी लिपज़िग के 19 साल के आइवरी कोस्ट विंगर यान डियोमांडे को अपने साथ जोड़ लिया है. क्लब ने उन पर अपने इतिहास का सबसे बड़ा दांव खेला है. लगभग 1535 करोड़ रुपये का. 

कितने में हुई डील और क्या है कॉन्ट्रैक्ट?

हालांकि, दोनों क्लबों ने इस डील की पक्की रकम का खुलकर खुलासा नहीं किया है. लेकिन, स्पैनिश अखबार ‘मार्का’ के मुताबिक, ये क्लब के इतिहास की सबसे बड़ी साइनिंग है. बताया जा रहा है कि यह पूरा ट्रैंसफर पैकेज लगभग 140 मिलियन यूरो का है.

Advertisement

अगर इसे भारतीय रुपये के हिसाब से समझें, तो यह रकम 1535 करोड़ रुपये के आसपास है. इसके अलावा, डियोमांडे के प्रदर्शन के आधार पर 10 से 15 मिलियन यूरो का अतिरिक्त बोनस भी इस डील में शामिल रखा गया है.

अगर ये आंकड़े सच हैं, तो डियोमांडे रीयल मैड्रिड के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन जाएंगे. वो 2023 में जूड बेलिंघम के लिए चुकाई गई रिकॉर्ड 1392 करोड़ रुपये की फीस को भी पीछे छोड़ देंगे. डियोमांडे ने रीयल मैड्रिड के साथ पूरे 7 सालों का लंबा करार किया है, जो 30 जून 2033 तक चलेगा.

कौन हैं यान डियोमांडे?

आखिर 19 साल के इस लड़के में ऐसा क्या है कि लॉस ब्लैंकॉस ने अपना खजाना खोल दिया?

Advertisement

दरअसल, डियोमांडे ने बहुत ही कम समय में यूरोपियन फुटबॉल में अपनी धाक जमा दी है. पिछले साल ही वो स्पेनिश क्लब लेगानेस से जर्मन क्लब आरबी लिपज़िग पहुंचे थे. अपने डेब्यू सीज़न में ही उन्होंने जर्मनी की टॉप लीग बुंडेसलीगा में 12 गोल दागे और 9 असिस्ट दिए. उनके इसी शानदार खेल के दम पर लिपज़िग ने पॉइंट्स टेबल में तीसरा स्थान हासिल किया. साथ ही चैंपियंस लीग का टिकट कटा लिया.

हाल ही में हुए फीफा वर्ल्ड कप में भी उन्होंने कोट डी आइवॉर (आइवरी कोस्ट) की नेशनल टीम के लिए अपना जलवा बिखेरा था. उनकी टीम टूर्नामेंट के राउंड ऑफ 32 तक पहुंची थी. वर्ल्ड कप और लीग में उनके इसी बेखौफ खेल को देखकर लिवरपूल और पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) जैसे बड़े क्लब भी उन्हें अपने पाले में लाना चाहते थे. लेकिन, बाजी आखिरकार रीयल मैड्रिड ने मार ली.

ये भी पढ़ें : 25 साल की उम्र में रिटायरमेंट! कौन हैं जाॅन टर्नर, जिनके फैसले ने सबको चौंका दिया?

जोसे मोरिन्हो कर रहे मैड्रिड का कायाकल्प

रीयल मैड्रिड के लिए पिछला सीज़न किसी बुरे सपने से कम नहीं था. टीम ला लीगा में अपने सबसे बड़े राइवल बार्सिलोना से पिछड़कर दूसरे नंबर पर रही. यहां तक कि चैंपियंस लीग में भी टीम का सफर क्वार्टर फाइनल में ही खत्म हो गया था.

इसके बाद क्लब ने एक बड़ा फैसला लेते हुए दिग्गज मैनेजर जोसे मोरिन्हो की वापसी कराई. जून में दोबारा कमान संभालने के बाद से मोरिन्हो अपनी टीम का पूरी तरह से कायाकल्प करने में जुटे हैं.

डियोमांडे के अलावा, इस समर विंडो में मैड्रिड ने कई बड़े और नए चेहरों को टीम में शामिल किया है. इनमें मार्क कुकुरेया, बर्नार्डो सिल्वा, इब्राहिमा कोनाटे और डेंज़ेल डमफ़्रीज़ जैसे भारी-भरकम नाम शामिल हैं.

विनीसियस जूनियर ने अफवाहों पर लगाया फुलस्टॉप

एक तरफ यान डियोमांडे के आने का जश्न है, तो दूसरी तरफ रीयल मैड्रिड के फैंस के लिए एक और बड़ी राहत की खबर आई है. क्लब के स्टार ब्राजीलियन फॉरवर्ड विनीसियस जूनियर ने क्लब छोड़ने की सभी अटकलों को हमेशा के लिए शांत कर दिया है.

दरअसल, प्रीमियर लीग चैंपियन आर्सेनल ने विनीसियस को खरीदने में दिलचस्पी दिखाई थी. इसके बाद फुटबॉल जगत में कयास लगने लगे थे कि वो शायद स्पेन छोड़ दें. लेकिन, 6 अगस्त को विनीसियस ने मैड्रिड के साथ एक लंबा कॉन्ट्रैक्ट एक्सटेंशन साइन कर लिया. अब वो 30 जून 2032 तक मैड्रिड के साथ ही रहेंगे.

क्लब ने इसे लेकर एक आधिकारिक बयान भी जारी किया है. उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि विनीसियस जूनियर उनके इतिहास के सबसे सफल दौर के सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक हैं. वो आगे भी क्लब के भविष्य का मुख्य हिस्सा बने रहेंगे.

वीडियो: Messi को पछाड़ कर Spain के Rodri ने कैसे जीत लिया गोल्डन बॉल अवार्ड?

Advertisement