The Lallantop

बृजभूषण सिंह बनाम भारतीय पहलवान मामले में अब तक क्या हुआ?

30 रेसलर्स धरने पर बैठे हैं.

Advertisement
post-main-image
धरन पर बैठे हैं रेसलर्स (Twitter)

रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI). भारतीय कुश्ती को चलाने वाली इस संस्था के खिलाफ़ कई पहलवान धरने पर बैठ गए हैं. दिल्ली के जंतर-मंतर में हो रहे इस प्रदर्शन में शामिल पहलवानों ने (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर तानाशाही के आरोप लगाए हैं. इस प्रदर्शन में टोक्यो ओलंपिक के ब्रॉन्ज़ मेडलिस्ट बजरंग पुनिया और वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीत चुकीं विनेश फोगट सहित कई रेसलर्स शामिल हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इस दौरान विनेश फोगाट ने बृजभूषण सिंह और कोच पर सेक्सुअल हरासमेंट का आरोप लगाया है. इन आरोपों पर बृजभूषण ने सफाई भी दी है. उनकी सफाई से पहले आपको बताते हैं कि उन पर आरोप क्या हैं.

रेसलर्स का कहना है कि फेडरेशन द्वारा उन्हें नीचा दिखाने की कोशिश की जा रही है. इतनी मेहनत से देश के लिए मेडल जीतने के बावजूद उन्हें वो सम्मान नहीं मिल रहा है, जिसके वो हकदार हैं. विनेश फोगाट के मुताबिक अगर किसी भी खिलाड़ी के साथ कुछ होता है, तो इसके जिम्मेदार बृजभूषण शरण सिंह होंगे. उन्होंने कहा,

‘महिला पहलवान को कई तरह परेशानी होती है, रेसलिंग फेडरेशन के प्रेसिडेंट के द्वारा महिला खिलाड़ियों का शोषण किया गया. फेडरेशन खिलाड़ियों पर जबरदस्ती बैन लगाती है, जिससे वो नहीं खेल सके. किसी भी खिलाड़ी को कुछ होता है, तो उसके ज़िम्मेदार रेसलिंग फेडरेशन के प्रेसिडेंट होंगे.’

Advertisement

वहीं भारतीय पहलवान और ओलंपियन बजरंग पूनिया ने फेडरेशन में बदलाव करने की मांग की है. उन्होंने कहा,

‘हम चाहते हैं कि फेडरेशन में बदलाव हो. भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) द्वारा रेसलर्स को परेशान किया जा रहा है. जो लोग WFI का हिस्सा हैं, उन्हें इस खेल के बारे में कुछ नहीं पता है.’

# पहलवानों ने किया ट्वीट

धरने पर बैठने से पहले बजरंग पूनिया ने किया ट्वीट कर कहा कि मनचाहे कायदे कानून लगाकर खिलाड़ियों को प्रताड़ित किया जा रहा है. उन्होंने ट्वीट किया,

Advertisement

‘खिलाड़ी पूरी मेहनत करके देश को मेडल दिलाता है, लेकिन फेडरेशन ने हमें नीचा दिखाने के अलावा कुछ नहीं किया. मनचाहे कायदे कानून लगाकर खिलाड़ियों को प्रताड़ित किया जा रहा है.’

वहीं महिला रेसलर साक्षी मलिक ने ट्वीट कर लिखा कि एथलीटों को प्रताड़ित करने के लिए मनमाने नियम बनाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा,

‘खिलाड़ी पूरी मेहनत कर के देश को मेडल दिलाता है. लेकिन फेडरेशन ने हमें नीचा दिखाने के अलावा कुछ नहीं किया. मनचाहे कायदे कानून लगाकर खिलाड़ियों को प्रताड़ित किया जा रहा है.’

बजरंग और विनेश के अलावा इस प्रदर्शन में रियो ओलंपिक की ब्रॉन्ज़ मेडल विजेता साक्षी मलिक, सरिता मोर, संगीता फोगाट, सत्यव्रत मलिक, जितेंद्र किन्हा और सुमित मलिक समेत 30 रेसलर्स शामिल हैं. बता दें कि बृजभूषण WFI प्रेसिडेंट होने के साथ-साथ यूपी की कैसरगंज सीट से बीजेपी सांसद भी हैं.

# बृजभूषण शरण सिंह का पक्ष

प्रदर्शन कर रहे पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर जो आरोप लगाए हैं उन पर बृजभूषण ने सफाई दी है. उन्होंने कहा,

‘क्या पिछले दस सालों से फेडरेशन में कोई दिक्कत नहीं थी? जब नए नियम कायदे आते हैं तो नई समस्याएं भी सामने आती हैं. क्या कोई सामने आ कर ये कह सकता है कि फेडरेशन ने किसी एथलीट को परेशान किया है?’

विनेश फोगाट के तमाम आरोपों में एक आरोप यह भी है कि बृजभूषण ने उन्हें खोटा सिक्का बताया था. इस पर बृजभूषण ने कहा कि उन्होंने विनेश को खोटा सिक्का नहीं कहा था. उन्होंने कहा कि मैंने उसके सिर पर स्पर्श किया और कहा कि टोक्यो ओलंपिक में हार की चिंता मत करो.

वीडियो: वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप के ट्रायल्स में विनेश फोगाट ने क्या किया?

Advertisement