FIFA World Cup 2026 से पहले लियोनल मेसी (Lionel Messi) चोटिल थे. लोगों को शक था कि क्या यह खिलाड़ी इस बार अपने पुराने टच में दिखेगा या नहीं? लेकिन मेसी ने वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में फैन्स की खुश होने का मौका दे दिया. गोल की हैट्रिक लगाई. और दूसरे ही मैच में वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. मेसी अब फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं.
लियोनल मेसी जैसा कोई नहीं! 39 साल की उम्र में तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड
Lionel Messi ने जर्मनी के दिग्गज खिलाड़ी मिरोस्लाव क्लोज को पीछे छोड़ दिया है. क्लोज ने वर्ल्ड कप में 16 गोल किए थे. मेसी के नाम अब 18 गोल हो गए हैं.


मेसी ने टूर्नामेंट के पहले मैच में हैट्रिक लगाई थी. इसके साथ उनकी गोल की संख्या 16 हो गई है. इसके बाद ऑस्ट्रिया के खिलाफ मैच में उनके पास यह वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका था. ऑस्ट्रिया के खिलाफ मैच की शुरुआत में ही मेसी को मौका मिल गया था. आठवें मिनट में अर्जेंटीना को पेनल्टी मिली. लेकिन मेसी इसे मिस कर गए.
इस मैच में मेसी का पहला गोल 38वें मिनट में आया. इसके बाद मैच के आखिर में एक और गोल दागा और टीम को 2-0 से जीत दिलाई. इसी के साथ मेसी ने जर्मनी के दिग्गज खिलाड़ी मिरोस्लाव क्लोज को पीछे छोड़ दिया. क्लोज ने वर्ल्ड कप में 16 गोल किए थे.
लियोनेल मेसी के इस वर्ल्ड रिकॉर्ड का पीछा दो और प्लेयर कर रहे हैं. फ्रांस के किलियन एम्बापे और इंग्लैंड के हैरी केन. एम्बापे ने महज 15 वर्ल्ड कप मैचों में 16 गोल कर दिए हैं. इंग्लैंड के हैरी केन केवल 12 वर्ल्ड कप मैचों में 10 गोल कर चुके हैं.
मेसी फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में अर्जेंटीना के लिए गोल करने वाले सबसे युवा और साथ ही सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गए हैं. उन्होंने साल 2006 में महज 18 साल की उम्र में अपना पहला वर्ल्ड कप गोल दागा था, और अब 2026 में लगभग 39 साल की उम्र में भी गोल कर दिया.
मेसी ने अपने करियर का पहला वर्ल्ड कप गोल 16 जून 2006 को दागा था. उस समय वह केवल 18 साल के थे. 20 साल बाद भी मेसी का जादू चल रहा है. वह पहले ऐसे खिलाड़ी हैं जो कि छह वर्ल्ड कप में खेल चुके हैं. अब इंटरनेशनल फुटबॉल में मेसी के नाम 122 गोल हो गए हैं. वह अब केवल क्रिस्टियानो रोनाल्डो से पीछे हैं, जिन्होंने 143 गोल दागे हैं.
यह भी पढ़ें- आयरलैंड नहीं जाएंगे नीतीश रेड्डी, चोट के बाद हुए बाहर, कौन होगा रिप्लेसमेंट?
लियोनल मेसी ने 2022 फीफा वर्ल्ड कप से लेकर अब तक लगातार छह मैचों में गोल किए हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के बाद मेसी ने कहा कि पेनल्टी मिस होने पर वह बहुत निराश थे. लेकिन उन्हें खुशी है कि वह वापसी कर पाए और टीम को जीत दिलाई.
इस जीत के साथ अर्जेंटीना नॉकआउट राउंड में पहुंच गई है. मेसी के मुताबिक अब उनकी टीम को रिलेक्स होने का मौका मिलेगा. वर्ल्ड कप का हर एक मैच बहुत इंटेंस होता है.
वीडियो: भारत में जन्मे निखिल चौधरी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए खेलेंगे?
















