विराट कोहली (Virat Kohli) का बल्ला ODI क्रिकेट में जमकर गरज रहा है. रिकॉर्ड बुक में रोज नए पन्ने जुड़ रहे हैं. 4 नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला मुकाबला खेला गया. इस मैच में किंग कोहली का जलवा दिखा. कोहली ने 74 रनों की शानदार पारी खेली. अपनी इस पारी से उन्होंने अपने नाम एक और बड़ा रिकॉर्ड कर लिया.
चेज मास्टर कोहली ने तोड़ा सचिन का महारिकॉर्ड! SENA देशों में रच दिया नया कीर्तिमान
Ind vs NZ 1st ODI : ऑकलैंड में Virat Kohli ने 74 रनों की शानदार पारी खेलकर भारत को 5 विकेट से जीत दिलाई. इस पारी के साथ कोहली ने रनचेज में Sachin Tendulkar के 8720 रनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया. साथ ही वह नंबर 3 पर 13,000 ODI रन बनाने वाले दुनिया के पहले बैटर बन गए.

इस मैच के बाद न्यूजीलैंड में कोहली का ODI औसत बदल गया है. यह 49.66 से बढ़कर 51.53 हो गया है. इसके साथ ही कोहली ने एक अनोखा कारनामा कर दिखाया. अब चारों SENA देशों में उनका ODI औसत 50 या उससे ज्यादा का है. SENA यानी साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया.
आंकड़ों पर नजर डालें, तो साउथ अफ्रीका में कोहली का ODI एवरेज 76.38 का है. ऑस्ट्रेलिया में उन्होंने 50.03 के औसत से रन कूटे हैं. वहीं, इंग्लैंड में उनका औसत 51.48 रहा है. इन चारों देशों में मिलाकर कोहली कुल 4557 ODI रन बना चुके हैं. विदेशी पिचों पर ऐसा भौकाल उनकी कंसिस्टेंसी को दर्शाता है.
कोहली ने जब से टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया है, वनडे में उनका फॉर्म और निखर गया है. तब से खेले 16 ODI मैचों में उन्होंने रनों की बरसात कर दी है. कोहली ने 77.07 के जबरदस्त औसत से 1002 रन ठोके हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 4 सेंचुरी और 6 फिफ्टी निकली है. अगर सिर्फ इस साल की बात करें, तो 10 ODI मुकाबलों में वह 626 रन बना चुके हैं.
न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा ODI रन बनाने के मामले में भी कोहली ने कमाल किया है. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज रिकी पोंटिंग की बराबरी कर ली है. अब दोनों के नाम कीवी टीम के खिलाफ 1971 रन हैं. लेकिन अगर पारियों में नजर डालेंगे तो कोहली ने यहां भी बाजी मार ली है. पोंटिंग ने यह मुकाम हासिल करने के लिए 50 पारियां खेली थीं. वहीं, कोहली ने यह कारनामा महज 37 पारियों में कर दिखाया. इस दौरान उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 7 शतक और 11 अर्धशतक जड़े हैं.
इतना ही नहीं. ODI क्रिकेट में नंबर तीन पर बैटिंग करते हुए कोहली ने इतिहास रच दिया. इस पोजीशन पर 13 हजार रन पूरे करने वाले वह दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए. नंबर तीन पर खेलते हुए उन्होंने 254 मैचों में 13062 रन बनाए हैं. यहां उनका औसत 61.61 का रहा है. इस नंबर पर उनके नाम 48 सैकड़ा और 70 पचासा दर्ज हैं.
ये भी पढ़ें : कोहली की बैटिंग में कोई कमजोरी नहीं… जैकब डफी ने खड़े किए हाथ
सचिन को भी छोड़ा पीछेकोहली को चेज मास्टर यूं ही नहीं कहा जाता. ODI में टारगेट चेज करते हुए वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया है. सचिन के नाम रनचेज में 8720 रन थे. कोहली के नाम अब 8741 रन दर्ज हो चुके हैं. यह कमाल उन्होंने सिर्फ 169 पारियों में किया है.
रन चेज के दौरान उनका औसत 66.21 का रहता है. चेज करते हुए उन्होंने 30 शतक और 46 फिफ्टी लगाई हैं. भारत चेज करते हुए जब मैच जीतता है, तो कोहली के आंकड़े और भी तगड़े हो जाते हैं. सफल रन चेज की 108 पारियों में उन्होंने 89.95 के औसत से 6477 रन बनाए हैं. इसमें 25 शतक शामिल हैं.
मैच में क्या हुआ?वहीं, मैच की बात करें, तो टीम इंडिया ने टॉस जीतकर कीवियों को पहले बैटिंग का न्योता दिया. युवाओं से लैस इंडियन पेस अटैक ने शानदार बॉलिंग की. कीवी बैटर्स उनके आगे टिक नहीं पाए. नतीजा पूरी टीम महज 185 रनों पर सिमट गई. इस दौरान अर्शदीप ने 4 विकेट झटके. गुरनूर बरार ने भी 3 बैटर्स को पवेलियन का रास्ता दिखाया. वहीं, अंशुल कम्बोज के खाते में दो विकेट आए.
इसके बाद मैच में बारिश ने खलल डाला. DLS नियम के तहत भारत को नया टारगेट मिला. टीम इंडिया को 32 ओवर में 143 रन बनाने थे. विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए कप्तान शुभमन गिल के साथ 113 रनों की पार्टनरशिप की. हालांकि, दोनों के आउट होने के बाद अचानक विकेट्स की झड़ी लग गई. लेकिन, इसके बावजूद टीम इंडिया ने 5 विकेट से यह मुकाबला आसानी से जीत लिया.
वीडियो: 2027 ODI वर्ल्ड कप खेलेंगे रोहित शर्मा और विराट कोहली? गंभीर ने बता दिया













