ईडन पार्क का मैदान. तारीख 4 नवंबर 2026. भारत और न्यूजीलैंड (Ind vs NZ 1st ODI) के बीच पहला वनडे मैच खेला गया. इस मैच में टीम इंडिया के नंबर 3 बैटर विराट कोहली (Virat Kohli) ने एक बार फिर ताबड़तोड़ बैटिंग की. कोहली ने शानदार 74 रन ठोक डाले. उनकी इस बैटिंग को देखकर न्यूजीलैंड के पेसर जैकब डफी (Jacob Duffy) के होश उड़ गए हैं. डफी को समझ ही नहीं आ रहा कि आखिर कोहली को रोका कैसे जाए.
कोहली की बैटिंग में कोई कमजोरी नहीं… जैकब डफी ने खड़े किए हाथ
Ind vs NZ 1st ODI : ईडन पार्क में खेले गए पहले मैच में Virat Kohli ने 51 गेंदों में तूफानी 74 रन बनाकर टीम इंडिया को 5 विकेट से जीत दिलाई. IPL 2026 में RCB का हिस्सा रहे कीवी पेसर Jacob Duffy ने कोहली की जमकर तारीफ की.

खास बात ये है कि जैकब डफी कोहली को खूब अच्छे से जानते हैं. IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यानी RCB ने खिताब जीता था. उस विजेता टीम में डफी ने कोहली के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर किया था. नेट्स में भी उन्होंने कोहली की बैटिंग को बहुत करीब से देखा था. लेकिन इस मैच के बाद उनका मानना एकदम साफ था. कोहली के खेल में ऐसी कोई कमजोरी ही नहीं है, जिसका फायदा उठाया जा सके.
कोहली ने अपनी इस पारी में सिर्फ 51 गेंदों का सामना किया. इस दौरान उन्होंने 13 चौके और एक छक्का जड़ा. बारिश से प्रभावित इस मैच में टीम इंडिया ने 5 विकेट से जीत दर्ज की. DLS मेथड से टीम इंडिया का टारगेट रिवाइज कर दिया गया था. भारत को जीत के लिए 143 रन का टारगेट मिला था.
हालांकि, टीम इंडिया ने 56 गेंदें बाकी रहते ही ये मैच अपने नाम कर लिया. टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. रोहित शर्मा बिना खाता खोले शून्य पर ही पवेलियन लौट गए थे. इसके बाद कोहली ने मोर्चा संभाला और मैच को एकतरफा कर दिया.
कोहली को लेकर क्या बोले डफी?डफी अक्सर RCB के नेट्स में कोहली को बॉलिंग करते रहे हैं. उन्होंने माना कि कोहली को बॉलिंग अटैक की धज्जियां उड़ाते देखना उनके लिए कोई नई बात नहीं थी.
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई. इसमें डफी ने मजाकिया अंदाज में कहा,
हां, यह थोड़ा परेशान करने वाला था, है न? जब आपके सामने ऐसा बैटर हो, जो इतने अटैकिंग खेेले तो जीतना बहुत आसान हो जाता है. कोहली ऐसा करने में माहिर हैं. वह वाकई शानदार थे?
कीवी पेसर को एक बात ने सबसे ज्यादा इंप्रेस किया. वो ये कि कोहली ने कितनी आसानी से ईडन पार्क की पिच के बाउंस को संभाला. शॉर्ट-पिच गेंदों से परेशान होने के बजाय कोहली ने उनका भरपूर फायदा उठाया. उन्होंने पुल और हुक शॉट्स लगाए. साथ ही सीधे मैदान की तरफ यानी स्ट्रेट शॉट खेलने की अपनी काबिलियत का भी बेहतरीन इस्तेमाल किया. डफी ने आगे कहा,
उन्हें बाउंस से कोई दिक्कत नहीं हुई. उन्होंने हुक और पुल शॉट्स खेले. साथ ही सीधे मैदान की तरफ भी ज़ोरदार शॉट लगाए. इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है. वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं. वह कई सालों से ऐसा करते आ रहे हैं. बेंगलुरु में नेट्स के दौरान भी उन्होंने मेरे खिलाफ ऐसा कई बार किया था.
ये भी पढ़ें : बर्थडे से पहले गरजा कोहली का बल्ला! पोंटिंग के महारिकॉर्ड की बराबरी की
कोहली की तारीफ में क्या बोले डफी?डफी ने एक और बात की. अगर टीम इंडिया पहले बैटिंग करती तो क्या होता? अगर कोहली चेज के बजाय टारगेट सेट कर रहे होते, तो क्या वह ऐसे ही खेलते? हालांकि, RCB में साथ बिताए समय के दौरान सीखी गई बातों का डफी ने ज्यादा खुलासा नहीं किया. उन्होंने कहा,
अगर वे पहले बैटिंग कर रहे हों या बोर्ड पर बड़ा स्कोर हो, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वह तब भी इसी तरह खेलते हैं. मुझे पक्का नहीं पता. मुझे नहीं मालूम कि वह ऐसा करेंगे या नहीं. मैं उनकी कमजोरियों से जुड़ी सारी जानकारी यानी स्काउटिंग टिप्स नहीं बताऊंगा. मुझे बेंगलुरु में नेट्स के दौरान कुछ बातें पता चली थीं. लेकिन सच कहूं तो उनके खेल में कोई खास कमियां नहीं हैं.
डफी ने बताया कि कोहली बॉल की स्पीड यानी पेस का इस्तेमाल करने में उस्ताद हैं. खासकर छोटे मैदानों पर उनकी यह खूबी उन्हें रोकना और भी मुश्किल बना देती है. उन्होंने कहा,
कीवी पेसर्स को करना पड़ा स्ट्रगलऐसे छोटे मैदानों पर वह गेंद की पेस का बहुत अच्छे से इस्तेमाल करते हैं. वह आपके सिर के ऊपर से शॉट भी मार सकते हैं. इसलिए उनके खेल में कोई खास कमियां नहीं हैं.
डफी ने यह भी माना कि कीवी पेसर्स के पास गलती करने की कोई गुंजाइश नहीं थी. क्योंकि उनकी अपनी टीम महज 185 रन पर ही ढेर हो गई थी. साथ ही उन्होंने ये माना कि टीम इंडिया के पेसर्स ने मैच में जबरदस्त बॉलिंग की. अर्शदीप सिंह ने 70 रन देकर 4 विकेट झटके. वहीं, गुरनूर बराड़ ने 44 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए. इन दोनों ने पिच से मिलने वाले बाउंस का बेहतरीन इस्तेमाल किया. डफी ने कहा,
ईडन पार्क में 180 रन कभी भी काफी नहीं होंगे. जाहिर है, उन्होंने बहुत अच्छी बॉलिंग की. उनकी बॉलिंग यूनिट में कुछ लंबे कद के खिलाड़ी हैं. वे पिच से मिलने वाले उछाल का बहुत अच्छे से फायदा उठाते हैं.
टारगेट चेज करते हुए टीम इंडिया ने 5 विकेट जरूर गंवाए. न्यूजीलैंड ने एक समय टीम इंडिया का स्कोर 136 रन पर 5 विकेट कर दिया था. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. कोहली और शुभमन गिल ने दूसरे विकेट के लिए 113 रन जोड़कर कीवी टीम का काफी नुकसान कर दिया था. डफी ने माना कि बाद में मिले विकेट काफी देर से आए. उनसे मैच का रिजल्ट नहीं बदला जा सकता था. लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि न्यूजीलैंड बाकी मैचों में हथियार नहीं डालेगा.
न्यूजीलैंड अब बचे हुए मैचों के लिए अपनी रणनीति में बदलाव करने की कोशिश करेगा. लेकिन कोहली को लेकर डफी का यह आकलन बताता है कि कीवी टीम के सामने कितनी बड़ी चुनौती है. RCB के नेट्स में कोहली को बॉलिंग करने का अनुभव डफी के पास है. इसके बावजूद, इस कीवी पेसर का मानना है कि विराट के खेल में कोई कमजोरी ढूंढ़ना बहुत मुश्किल है.
अब दोनों टीमों को दूसरे ODI में 7 नवंबर को वेलिंगटन में भिड़ना है. इससे पहले टीम इंडिया ने T20I सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली थी. अब ODI सीरीज में भी 1-0 की लीड बना ली है.
वीडियो: ‘Virat Kohli को 5 करोड़ मिले?’ प्रेमानंद महाराज आश्रम विवाद पर आया कोहली का जवाब













