The Lallantop

चेतन शर्मा ने बताया कोहली की कप्तानी जाने वाली मीटिंग में क्या हुआ था!

...तो क्या विराट ने झूठ बोला?

Advertisement
post-main-image
चेतन शर्मा और विराट कोहली ( फोटो क्रेडिट : AP/PTI)
भारतीय क्रिकेट टीम के चीफ सेलेक्टर चेतन शर्मा ने विराट कोहली (Virat Kohli) के कप्तानी वाले बयान के बाद अपना पक्ष रखा है. चेतन शर्मा ने बताया कि BCCI ने विराट कोहली से T20 क्रिकेट की कप्तानी नहीं छोड़ने के लिए रिक्वेस्ट की थी. साथ ही बोर्ड ने ये भी कहा था कि कप्तानी के फैसले पर बोर्ड उनसे T20 विश्वकप के बाद बात करेगा. लेकिन कोहली नहीं माने. उन्होंने T20 विश्वकप से पहले ही कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया. बता दें कि शुक्रवार, 31 दिसंबर की शाम को चेतन शर्मा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया. टीम की कमान केएल राहुल को सौंपी गई. रोहित शर्मा अनफिट होने की वजह से वनडे सीरीज में नहीं खेल पाएंगे. जबकि रुतुराज गायकवाड़ को पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है. टीम इंडिया का ऐलान करते हुए चेतन शर्मा ने विराट कोहली और BCCI के बीच हुए विवाद पर खुलकर बात की. ऑनलाइन प्रेस कॉन्फ्रेंस में चेतन शर्मा ने कहा,
'सभी चयनकर्ताओं को लगा कि कोहली के इस फैसले का असर T20 वर्ल्ड कप पर होगा. हमने विराट से कहा कि इस पर वर्ल्ड कप के बाद बात करेंगे. कोहली टीम इंडिया के सबसे अहम खिलाड़ी हैं. और पूरी टीम उनके इर्द-गिर्द घूमती है. हम उनकी बहुत इज़्जत करते हैं. आखिर में, हम सब यही चाहते हैं कि भारतीय क्रिकेट का फायदा हो.'
चेतन शर्मा ने आगे कहा,
'ये सेलेक्टर्स के लिए एक मुश्किल फैसला था. लेकिन सेलेक्टर्स को मुश्किल फैसले लेने पड़ते हैं. कोहली ने जब मीटिंग में कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया तो हर कोई हैरान रह गया. मीटिंग में मौजूद सभी मेंबर्स ने कोहली से अपने फैसले पर फिर से विचार करने को कहा. हमने उन्हें कहा था कि इस मुद्दे पर वर्ल्ड कप के बाद बात कर सकते हैं. हमें लगता था कि इसका असर वर्ल्ड कप पर पड़ेगा.'
बता दें कि साउथ अफ्रीका दौरे पर जाने से पहले कोहली ने कहा था कि T20 की कप्तानी छोड़ने से पहले उनसे किसी ने कोई रिक्वेस्ट नहीं की थी. जिसके बाद सोशल मीडिया पर BCCI की खूब आलोचना हुई. और हर किसी की यही मांग थी कि BCCI भी अपना पक्ष रखे. इसके अलावा चेतन शर्मा ने कोहली से वनडे कप्तानी छीनने पर भी बयान दिया. उन्होंने कहा,
'जब कोहली ने ये कहा कि वह T20I की कप्तानी छोड़ रहे हैं. तब हमारी इस बारे में कोई बात नहीं हुई थी कि व्हाइट बॉल के लिए दो अलग कप्तान नहीं होंगे. हम उस समय माहौल को ठंडा करना चाहते थे क्योंकि T20 वर्ल्ड बस शुरू ही होने वाला था.'
बताते चलें कि विराट कोहली टेस्ट में टीम इंडिया को लीड कर रहे हैं. अपनी कप्तानी में उन्होंने भारत को सेंचुरियन टेस्ट में जीत भी दिलाई. अब टीम इंडिया की निगाहें साउथ अफ्रीका में टेस्ट सीरीज जीतने पर है. अगला टेस्ट जोहानिसबर्ग में खेला जाएगा.

Advertisement
Advertisement