The Lallantop

वैभव सूर्यवंशी ने कुछ गलत नहीं किया फिर भी... पूर्व क्रिकेटर ये टीम देखकर भड़क गए

Vaibhav Sooryavanshi को अफगानिस्तान के खिलाफ पहले T20I में चांस नहीं मिला. इसे लेकर पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ और श्रीकांत ने टीम मैनेजमेंट पर सवाल उठाए हैं. कैफ का कहना है कि सूर्यवंशी ने क्या गलत किया था, जो उन्हें मौका नहीं मिला?

Advertisement
post-main-image
वैभव सूर्यवंशी को अफगानिस्तान के खिलाफ पहले T20I में मौका नहीं मिला था. (फोटो- Getty Images)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • भारत और अफगानिस्तान के बीच T20 सीरीज का पहला मैच 13 सितंबर को खेला गया, जिसमें वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में जगह नहीं दी गई।
  • वैभव सूर्यवंशी जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछली T20I में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद टीम में जगह नहीं मिलने पर पूर्व क्रिकेटर्स ने टीम मैनेजमेंट की चयन नीति पर सवाल उठाए।
  • टीम मैनेजमेंट अगले मैच में वैभव को मौका देने की संभावना पर विचार कर रहा है और चयन में स्थिरता लाने के लिए फैसले पर स्पष्टता की जरूरत बताई गई है।

भारत और अफगानिस्तान के बीच T20 सीरीज का पहला मैच 13 सितंबर को खेला गया. जब अफगानिस्तान के खिलाफ मैच की प्लेइंग-11 का ऐलान हुआ, तो वैभव सूर्यवंशी का नाम मिस था. टीम मैनेजमेंट का यह रवैया पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ और कृष्णमाचारी श्रीकांत को रास नहीं आया. दोनों क्रिकेटर्स ने टीम मैनेजमेंट पर सवाल उठाए हैं.

Advertisement

वैभव ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछली T20I सीरीज में खूब गदर काटा. वह 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' रहे. सीरीज के आखिरी मुकाबले में उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' अवॉर्ड से भी नवाजा गया. जिम्बाब्वे टूर पर वैभव ने 3 मैचों में 151 रन स्कोर किए. उनका स्ट्राइक रेट 196 से ज्यादा का रहा. इसीलिए अफगानिस्तान के खिलाफ उनके ना खेलने पर सवाल उठने लगे.

मोहम्मद कैफ क्या बोले?

सूर्यवंशी को अफगानिस्तान के खिलाफ पहले मैच से ड्रॉप किए जाने पर मोहम्मद कैफ ने प्रतिक्रिया दी. उनका मानना है कि भारत अभी तक अपना बेस्ट कॉम्बिनेशन तय नहीं कर पाया है. पूर्व क्रिकेटर के मुताबिक, पहले मैच में संजू सैमसन को नहीं खिलाना चाहिए था. उन्होंने कहा कि वैभव खुद से पूछ रहे होंगे कि उन्हें टीम से बाहर क्यों कर दिया, उनकी गलती क्या है?

Advertisement

ये भी पढ़ें: मोहसिन नकवी को छोड़कर पाकिस्तान क्रिकेट में सब बदलने जा रहा?

क्रिकबज पर बात करते हुए कैफ ने कहा,

संजू  सैमसन ने पहले T20I में खेलने के लिए ऐसा क्या किया था? जब किसी प्लेयर को टीम से बाहर किया जाता है, तो वह फॉर्म में लौटने के लिए अलग-अलग टूर्नामेंट में खेलता है. लेकिन, संजू के मामले में ऐसा नहीं हुआ. फिर भी उन्हें पहले टी20 में क्यों खिलाया गया? जब वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे में अच्छा प्रदर्शन किया था, तो अभिषेक शर्मा और वैभव की जोड़ी को मौका क्यों नहीं दिया गया?

Advertisement

मोहम्मद कैफ ने आगे कहा,

भारत अपने ओपनिंग कॉम्बिनेशन को लेकर अभी श्योर नहीं है. टीम इंडिया अभी भी अपने ओपनर्स के बारे में सोच-विचार कर रही है. वैभव को जरूर बुरा लगेगा. क्योंकि, उन्होंने कुछ गलत नहीं किया था. इससे टीम में कन्फ्यूजन पैदा होगा. जो किसी भी टीम के लिए अच्छा नहीं है.

पूर्व क्रिकेटर श्रीकांत को भी संजू और वैभव के साथ टीम मैनेजमेंट का रवैया पसंद नहीं आया.

इंग्लैंड सीरीज की शुरुआत संजू ने की थी. इसके बाद उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को चांस मिला. लेकिन, सीरीज के लास्ट में सैमसन की फिर वापसी हुई. इसके बाद जिम्बाब्वे सीरीज में सैमसन को ड्रॉप कर दिया. वैभव सूर्यवंशी ने तीनों मैच खेले. अब संजू की फिर टीम में वापसी हुई है. वहीं, सूर्यवंशी बेंच पर बैठे हैं. श्रीकांत का मानना है कि अगर भारत वैभव को चांस दे रहा है, तो उन्हें अगली 3 सीरीज में लगातार खिलाना चाहिए.

अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए श्रीकांत ने कहा,

या तो संजू सैमसन को लगातार और प्रॉपर मौका दीजिए. अगर वह परफॉर्म नहीं करते हैं, तो उन्हें ड्रॉप कर कर दीजिए. इसी तरह वैभव को भी 5 या 6 मैचों में पूरा चांस दीजिए. दोनों प्लेयर्स को छोटे-छोटे टुकड़ों में मौका न दिया जाए.

क्रिस श्रीकांत ने आगे बताया,

अब टीम मैनेजमेंट क्या करेगा? शायद अगले मैच में वैभव सूर्यवंशी को चांस मिलेगा. अगर वह रन नहीं बना पाया, तो उन्हें फिर बाहर कर देंगे. अगर आपने वैभव को मौका दिया है. तो क्लैरिटी दें कि उन्हें अगली 3 सीरीज तक टीम से बाहर नहीं किया जाएगा. टीम मैनेजमेंट वैभव से कहे कि इसकी चिंता मत करो. बस जाओ और अपना नेचुरल गेम खेलो.

भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही T20 सीरीज का दूसरा मैच 15 सितंबर को खेला जाएगा. यह मैच भी दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होगा. 13 सितंबर को हुए पहले मैच में संजू सैमसन इम्पैक्ट नहीं डाल पाए थे. वह 8 बॉल्स पर 10 बनाकर आउट हुए. अब देखना होगा कि दूसरे मैच में वैभव को मौका मिलता है, या फिर टीम मैनेजमेंट एक बार फिर संजू सैमसन पर भरोसा करेगा. 

वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: श्रीसंत ने सचिन-सौरव के मजेदार किस्से सुनाए, भज्जी-गंभीर विवाद पर खुलकर बोले

Advertisement