The Lallantop

संजू सैमसन ने वैभव सूर्यवंशी की राह आसान कर दी! अगले मैच में मिलेगा मौका?

संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी के बीच ओपनिंग स्लॉट को लेकर तगड़ा कॉम्पिटिशन है. वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के तीसरे T20 मैच में संजू के फ्लॉप होने बाद फिर वैभव को प्लेइंग-11 में शामिल करने की चर्चा तेज हो गई है.

Advertisement
post-main-image
(Courtesy: PTI and Getty Images)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • संजू सैमसन तीसरे T20I में केवल 3 रन बनाकर आउट हुए और उनकी पारी विफल रही, जिससे उन्हें अनुभव के बावजूद आलोचना का सामना करना पड़ा।
  • भारत और वेस्टइंडीज के बीच ओपनिंग स्लॉट को लेकर संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा मौजूद है, जिसमें चयनकर्ताओं का ध्यान पिछले प्रदर्शन पर है।
  • तीसरे T20I में संजू के फ्लॉप होने के बाद टीम में वैभव सूर्यवंशी को चौथे मैच में स्थान दिए जाने की संभावना पर विचार किया जा रहा है, जो आगामी टीम चयन को प्रभावित कर सकता है।

संजू सैमसन भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए तीसरे T20I में फ्लॉप रहे. वह पिछले मैच की तरह जोरदार बैटिंग नहीं कर पाए. इंदौर में जब वह बल्लेबाजी करने उतरे, तो उन्हें पेसर के खिलाफ दिक्कत हुई. हालांकि, इस बीच संजू ने क्रीज पर टिकने की कोशिश की. लेकिन, वह शमार जोसेफ की रफ्तार से मात खा गए. जोसेफ ने संजू को 150.8 kph की स्पीड वाली गेंद पर पवेलियन भेज दिया. वह 3 रन बनाकर आउट हुए. संजू के सस्ते में आउट होने के बाद, फिर चर्चा होने लगी है कि अब वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में शामिल करना चाहिए. 

Advertisement
ओपनिंग स्लॉट को लेकर कॉम्पिटिशन

संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी के बीच ओपनिंग स्लॉट को लेकर तगड़ा कॉम्पिटिशन है. टीम में यही वह जगह है, जिसके दोनों बैटर दावेदार हैं. पिछले कुछ मैचों में देखा जाए, तो संजू और वैभव को ओपनिंग में अलग-अलग मौका दिया गया. 

अब तक सिर्फ दो मैचों में ऐसा हुआ है, जब वैभव और संजू एक साथ खेले हों. एशियन गेम्स के दौरान ये दोनों बैटर श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ प्लेइंग-11 का हिस्सा थे. इन दोनों मैचों में संजू ने नंबर-3 पर बैटिंग की थी.

Advertisement

इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ जिन 3 T20I मैचों में वैभव सूर्यवंशी ने ओपनिंग की, उनमें संजू सैमसन नहीं खेले. एशियन गेम्स के दो मैचों को छोड़ दें, तो जिन मैचों में संजू को मौका दिया गया. उनमें वैभव को बेंच पर बैठना पड़ा. वेस्टइंडीज के खिलाफ अब तक खेले गए तीनों T20I में वैभव प्लेइंग-11 से बाहर रहे हैं. टीम मैनेजमेंट ने अनुभव की वजह से संजू को ज्यादा तवज्जो दी. 

वैभव को प्लेइंग-11 से बाहर रखना ठीक नहीं

आयरलैंड और इंग्लैंड टूर पर टीम में चुने जाने के बाद से वैभव लगातार भारत के T20 स्क्वाड में बने हुए हैं. इसके बावजूद उन्हें प्लेइंग-11 में ज्यादा मौका नहीं मिला. वैभव सूर्यवंशी ने अब तक सिर्फ 8 T20I खेले हैं. ऐसा नहीं है कि उनके बल्ले से रन नहीं बने. 

आंकड़ों पर गौर करें, तो वैभव पिछली 6 T20I इनिंग्स में संजू पर भारी पड़े हैं. संजू सैमसन ने पिछली 6 T20I पारियों में एक हाफ सेंचुरी के जरिए 114 रन बनाए हैं.  जबकि, वैभव ने इतनी ही इनिंग्स में 2 फिफ्टी के जरिए 219 रन स्कोर किए. यानी वैभव ने लास्ट 6 T20I इनिंग्स में संजू से दोगुना रन बनाए हैं.

Advertisement
गौतम गंभीर को संजू सैमसन पर ज्यादा भरोसा

बैटिंग के मामले में वैभव सूर्यवंशी भले संजू सैमसन से एक कदम आगे हों. लेकिन, हेड कोच गौतम गंभीर संजू पर ही भरोसा करते हैं. पिछले कई मैचों में यह बार-बार देखने को मिला, जब संजू को फ्लॉप होने के बाद भी प्लेइंग-11 में रखा गया. इससे साफ है कि गौतम गंभीर, संजू को ज्यादा तवज्जो देते हैं. अफगानिस्तान जैसी टीम के खिलाफ भी वैभव को प्लेइंग-11 में चांस नहीं दिया गया. 

अभिषेक और वैभव की जोड़ी को मौका क्यों देना चाहिए?

क्रिकेट के कुछ जानकारों कहना है कि अब वैभव को प्लेइंग-11 में शामिल करने का वक्त आ गया है. पिछले दिनों अफगानिस्तान के खिलाफ हुई सीरीज में जब वैभव को नहीं खिलाया गया था तो पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने खुलकर उनका पक्ष लिया था. 

मोहम्मद कैफ ने क्रिकबज पर बात करते हुए कहा था,

‘जब किसी प्लेयर को टीम से बाहर किया जाता है, तो वह फॉर्म में लौटने के लिए अलग-अलग टूर्नामेंट में खेलता है. लेकिन, संजू सैमसन के मामले में ऐसा नहीं हुआ. फिर भी उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में क्यों खिलाया गया? जब वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे में अच्छा प्रदर्शन किया था, तो अभिषेक शर्मा और वैभव की जोड़ी को मौका क्यों नहीं दिया गया?’

मोहम्मद कैफ ने आगे कहा था,

‘भारत अपने ओपनिंग कॉम्बिनेशन को लेकर अभी श्योर नहीं है. टीम इंडिया अभी भी अपने ओपनर्स के बारे में सोच-विचार कर रही है. वैभव को जरूर बुरा लगेगा. क्योंकि, उन्होंने कुछ गलत नहीं किया था. इससे टीम में कन्फ्यूजन पैदा होगा. जो किसी भी टीम के लिए अच्छा नहीं है.’

'वैभव को लेकर जल्दबाजी ना करें'

इस मामले पर मोहम्मद कैफ से अलग सोच श्रीलंका के पूर्व कप्तान सनत जयसूर्या की है. उन्होंने टीम इंडिया के मैनेजमेंट का फेवर किया है. उनका कहना है कि सूर्यवंशी में स्पेशल टैलेंट है. वो टीम इंडिया का फ्यूचर हो सकते हैं. इसलिए वैभव को जल्दबाजी में आगे न बढ़ाएं.

उन्होंने एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कहा,

‘वैभव सूर्यवंशी में एक अलग तरह की प्रतिभा है. मुझे लगता है कि वह भारत का भविष्य हैं. उनके पास काफी वक्त है. अगर उन्हें अवसर मिलेंगे, तो वह अच्छा प्रदर्शन करेंगे.’

ये भी पढ़ें: अर्शदीप के यॉर्कर और 2 बदलाव इंदौर में बने जीत के मास्टरस्ट्रोक!

बता दें कि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अभी तक भारतीय सरजमीं पर इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है. हालांकि अब देखना ये है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के तीसरे T20 मैच में संजू के फ्लॉप होने पर क्या चौथे T20I में वैभव को मौका मिलेगा? भारत और वेस्टइंडीज के बीच चौथा T20I 14 अक्टूबर को हैदराबाद में खेला जाएगा. 

वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: श्रीसंत ने सचिन-सौरव के मजेदार किस्से सुनाए, भज्जी-गंभीर विवाद पर खुलकर बोले

Advertisement