‘एकदम से वक़्त बदल दिया, जज़्बात बदल दिए, ज़िन्दगी बदल दी’ ये कालजयी वाक्य आपने कभी ना कभी इस्तेमाल किया ही होगा. ये कब बोला गया था? आज से पांच साल पहले करीब 2019 में. जब भारत ने पकिस्तान को वर्ल्ड कप मैच में हराया था. दुनिया में तब से क्या कुछ नहीं बदल गया. कोरोना वायरस आ चुका, लोगों को वर्क फ्रॉम होम की आदत लग कर छूट भी गई. हम भारत के लोगों को ऑस्ट्रलिया की क्रिकेट टीम ने नया दुःख भी दे दिया लेकिन एक चीज अभी तक नहीं बदली. पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के फैन्स का ये कहना कि ‘एकदम से वक़्त बदल दिया, जज़्बात बदल दिए, ज़िन्दगी बदल दी’.
अमेरिका से हारी पाकिस्तान की क्रिकेट टीम को घर में हो रही बेइज्जती ज़्यादा रुलाएगी
ICC Men's T20 World Cup में पाकिस्तान और अमेरिका के बीच हुए मैच में पाकिस्तान सुपर ओवर में हार गई.



हुआ ये कि अभी चल रहा है ICC Men's T20 World Cup और एक मैच में पकिस्तान और अमेरिका (Pak vs USA) आमने-सामने थे. एक बार फिर पाकिस्तान, अमेरिका से कुछ चाहता था. तभी ऐसा कुछ हो गया जिसके बारे में लोगों ने सोचा नहीं था. पाकिस्तान की टीम हार गई. वो भी सुपर ओवर में. थोड़ा मेटाफर में कहें तो मैच इतना ज्यादा फंसा हुआ था कि आप नाखून को जड़ तक चबा सकते थे. ऐसे मैच के बाद प्रतिक्रियाएं तो आनी ही थीं. अपनी दिल की धड़कन को कम करने और गुस्सा निकालने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम के फैन्स ने लिया सोशल मीडिया का सहारा और क्या फेसबुक, क्या ट्विटर, क्या यूट्यूब (हाँ! अब चलता है वहां), हर जगह धड़ाधड़ गिरा कॉन्टेंट. ये नई पीढ़ी अपने दुःख को दिखाने के लिए ह्यूमर का सहारा लेती है. देखिए क्या-क्या कहा गया इस ऐतिहासिक हार के बाद:
पाकिस्तान क्रिकेट टीम की फैन से पूछा गया कि इस हार के बाद उन्हें कैसा लग रहा है तो उन्होंने कहा, “दिल कैसे बड़ा करें? एक ही दिल है, कितनी बार तोड़ेंगे? तोड़-तोड़ के दिल ख़त्म कर दिया है. चकनाचूर कर दिया है. जीतते कम है, हारते ज़्यादा हैं. हम तो हमेशा मौजूद हैं आपको सपोर्ट करने के लिए लेकिन आप कब हमें परफॉर्मेंस दिखाएंगे? आप हर वक्त बस बातें करते हैं हवाओं में. कुछ दिखाते तो नहीं हैं. अब तो मुझे सच में लग रहा है कि क्या आप बस घूमने आते हैं बाहर? आपको लोगों की कोई फ़िक्र नहीं हमारे जज़्बातों का, हमारे एहसासों का. उन्हें पैरों तले रौंद दिया जाता है. मुझे नहीं पता, मैं थक गई हूं पाकिस्तान टीम से.”
कहा गया कि पाकिस्तानी क्रिकेट टीम दिल के रोगियों के लिए नहीं है.
एक न्यूज़ चैनल की क्लिप भी चलाई गई जहां एंकर कह रहे थे कि USA से तो हम वैसे भी डरते हैं.
‘अब्बा हारमोनियम बजाते थे?’ फेम कॉमेडियन अनवर मक़सूद का भी एक वीडियो आया, उन्होंने मजाकिया अंदाज़ में कहा कि IMF के कर्जे की वजह से पाकिस्तान मजबूरी में हार गया.
क्रिकेटर मुहम्मद हफीज की मैच से पहले की एक क्लिप भी खूब चलाई गई जहां वो कह रहे थे कि यही एक जगह है जहां पाकिस्तान, अमेरिका को हरा सकता है.
दुःख कम करने के लिए कहा गया कि ये सही तरीका है USA में क्रिकेट प्रमोट करने का.
एक यूज़र ने लिखा कि हमें भूलना नहीं चाहिए कि ये खिलाड़ी विश्व कप मैच से दो दिन पहले यासिर हमीद के घर पर दावत के मज़े ले रहे थे, खेल के इतिहास में ये टीम अब तक की सबसे गैर-गंभीर और गैर-पेशेवर टीम है.
लिखा गया कि आज से शुरु होता है चिंता, रक्तचाप में उतार-चढ़ाव, ट्रामा, उल्टी और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं. जुड़े रहिए.
इस हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने कहा कि “मैं परेशान हूं, हम इससे बेहतर हैं.”
कुल मिलाकर बात यही हुई कि अमेरिका से मिली इस हार से मिलने वाले दुःख को पाकिस्तान के फैन्स के मीम्स और चुटकुलों के ज़रिए दूर कर रहे हैं. ठीक भी है, इसी बहाने हमें कुछ मीम टेम्पलेट मिल जाएं, क्या ही नुकसान है!
वीडियो: सोशल लिस्ट: अयोध्या में बीजेपी की हार के बाद किसके बॉयकॉट की मांग कर रहे हैं भाजपा समर्थक?












