ऐसी घटिया अंपायरिंग और बेईमान फील्डर देख दिल टूट जाता है!
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी की घटना.
Advertisement

Murugan Ashwin ने बाउंड्री पर की बेईमानी और हार गया ओडिशा (स्क्रीनग्रैब)
वर्ल्ड कप के साथ शुरू हुए हमारे डोमेस्टिक टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में एक बड़ा विवाद हो गया है. तमिलनाडु और ओडिशा के बीच हुए ग्रुप मैच के दौरान अंपायर के एक फैसले ने ओडिशा से जीत छीन ली. एलीट ग्रुप ए के इस मैच में तमिलनाडु ने ओडिशा को एक रन से हराया. पहले बैटिंग करते हुए तमिलनाडु ने अपने 20 ओवर्स में पांच विकेट खोकर 165 रन बनाए. तमिलनाडु के लिए बाबा अपराजित ने सबसे ज्यादा 44 रन की पारी खेली. अपराजित ने यह रन सिर्फ 28 गेंदों में बनाए. जवाब में ओडिशा ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए. हालात ऐसे थे कि आखिरी 6.3 ओवर्स में उन्हें जीत के लिए 71 रन की जरूरत थी. जबकि टीम के छह विकेट बाकी थे.
# Murugan Ashwin ने क्या किया!
सुभ्रांशु सेनापति और अभिषेक राउत ने 49 रन की शानदार साझेदारी की. लेकिन तमिलनाडु ने फटाफट दो विकेट लेते हुए मैच को फिर से अपनी ओर झुका लिया. अंत में ओडिशा को जीत के लिए आखिरी पांच गेंदों में 12 रन चाहिए थे और गेंद टी नटराजन के हाथ में थी. उन्होंने इस ओवर की दूसरी गेंद पर सर्बेस्वर मोहंती को बोल्ड कर ओडिशा की मुश्किलें बढ़ा दीं. फिर आई ओवर की तीसरी गेंद. अपनी पहली गेंद का सामना कर रहे बिकाश राउत ने इसे ड्राइव किया. मुरुगन अश्विन ने कवर्स की ओर गई गेंद को रोकने की कोशिश की. लेकिन गेंद उनसे रुकी नहीं और बाउंड्री रोप से छू गई. अश्विन की डाइव से रोप बाहर की ओर खिसकी और गेंद अंदर की ओर आ गई. थर्ड अंपायर था नहीं और ग्राउंड अंपायर ने अश्विन से बात करके इस पर चार की जगह एक ही रन दिया. चौथी गेंद पर दोनों बल्लेबाजों ने दौड़कर दो रन लिए. और लास्ट बॉल पर राउत ने लंबा छक्का मारा. लेकिन इससे कोई फायदा नहीं हुआ. तीसरी गेंद पर आया अंपायर का फैसला ओडिशा पर भारी पड़ा. उन्होंने मैच को एक रन से गंवा दिया. मैच के बाद ओडिशा के हेड कोच और पूर्व भारतीय क्रिकेटर वसीम जाफर ने इस घटना की एक फोटो ट्वीट कर फैसले पर निराशा जाहिर की. हालांकि बाद में उन्होंने अपना ट्वीट डिलीट कर लिया.
Advertisement









