The Lallantop

विराट-रवि शास्त्री की विदाई में रोहित शर्मा क्यों ट्रेंड करने लगे?

फ़ैन्स ने दिया कप्तान को ट्रिब्यूट.

Advertisement
post-main-image
विराट कोहली, रवि शास्त्री और रोहित शर्मा. फोटो: AP
ICC T20 विश्वकप 2021 में सोमवार रात अपना आखिरी मुकाबला खेल टीम इंडिया ने टूर्नामेंट से विदाई ले ली है. नामीबिया के खिलाफ खेले गए आखिरी विश्वकप मुकाबले को भारत ने नौ विकेट से जीत लिया. इस मैच में कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग चुनी. नामीबिया की टीम भारत के खिलाफ़ 132 रन ही बना सकी. रविचन्द्रन अश्विन और रविन्द्र जडेजा ने 3-3 विकेट चटकाए. वहीं जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट अपने नाम किए. भारत के लिए ये मुकाबला कभी भी मुश्किल नहीं लगा. रोहित शर्मा ने 56, केएल राहुल ने 54 रनों की पारी खेल भारत को नौ विकेट से जिता दिया. टीम इंडिया की इस जीत के अलावा ये मैच इसलिए भी याद किया जाएगा क्योंकि ये मैच भारतीय क्रिकेट के सफलतम कप्तान विराट कोहली का बतौर कप्तान आखिरी T20 मैच भी था. विराट कोहली के अलावा टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री और भरत अरुण का कार्यकाल भी इस विश्वकप के साथ खत्म हो गया है. विश्वकप के इस मैच के बाद भारतीय क्रिकेट फैंस ने ट्विटर पर क्या कुछ ट्रेंड करवाया. आइये जानते हैं. #ThankyouCaptain भारतीय टीम की जीत के बाद कप्तान विराट कोहली को थैंक्यू कहने वाले बहुत सारे ट्वीट्स किए गए. ThankyouCaptain करके एक हैशटैग ट्विटर पर वायरल भी हुआ. जिसमें क्रिकेट फै़न्स ने विराट कोहली को T20 क्रिकेट में उनके बेमिसाल प्रदर्शन के लिए शुक्रिया कहा. विराट कोहली को भारत ही नहीं विदेशों से भी क्रिकेट फै़न्स ने बधाई संदेश दिए. इसके अलावा ThankyouViratKohli और Kohli नाम के अलग-अलग हैशटैग्स भी जमकर वायरल हुए. #RaviShastri T20 विश्वकप में भारतीय टीम के बाहर होने के साथ ही रवि शास्त्री का कार्यकाल भी भारतीय टीम के साथ खत्म हो गया है. रवि शास्त्री की विदाई के मौके पर फै़न्स ने उन्हें भी शुभकामनाएं दीं. कई लोगों ने कहा कि गाबा की जीत हो या फिर पिछले कई सालों में टीम के साथ आपका प्रदर्शन वो बेमिसाल है. खुद कोच रवि शास्त्री ने भी कहा कि ये एक बेहतरीन टीम है, जिसके साथ उन्होंने काम किया. #RohitSharma भारतीय टीम का विश्वकप कैम्पेन खत्म होने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूज़र्स ने RohitSharma ट्रेंड करवा दिया. कई लोगों ने रोहित शर्मा के बल्लेबाज़ी के रिकॉर्ड्स पर बात की. कुछ ने रवि शास्त्री के मैच के बाद रोहित को भारतीय टीम का भावी कप्तान बताने वाले कमेंट का ज़िक्र किया. तो किसी ने कहा कि अब रोहित और राहुल द्रविड़ की जोड़ी भारतीय क्रिकेट को और ऊंचाई पर लेकर जाएगी. भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली, भारतीय क्रिकेट फैंस भी यही चाहते हैं कि टीम इंडिया नित नए आयाम स्थापित करे.

Advertisement
Advertisement