कुछ ट्रोल्स ने इंडिया को 'वेल प्लेड' कहा लेकिन उसमें भी धोखा था!
आधी रात मोहम्मद नबी क्यों ट्रेंड कर गए?
Advertisement

भारतीय क्रिकेट टीम और विराट कोहली-मोहम्मद नबी का कोलाज. फोटो: AP
रोहित शर्मा, केएल राहुल, रविचन्द्रन अश्विन जैसे दिग्गजों ने मिलकर भारत को ICC T20 विश्वकप 2021 में पहली जीत दिला दी. भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच खेले गए मैच को 66 रन से जीत भारत ने विश्वकप में अपनी उम्मीदों को ज़िंदा रखा है. ग्रुप 2 में लगातार दो मैच हारने के बाद टीम इंडिया की ये पहली जीत है. अबू धाबी में खेले गए मुकाबले में अफ़ग़ानिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी. लेकिन उनका ये फैसला रोहित शर्मा और केएल राहुल ने गलत साबित कर दिया. दोनों ने पहले विकेट के लिए 140 रन जोड़े और भारत को मैच में आगे कर दिया. इन दोनों के बाद ऋषभ पंत ने 27 और हार्दिक पंड्या ने 35 रन की पारी खेल भारत को 210 रनों तक पहुंचाया. इसके जवाब में अफ़ग़ानिस्तान की टीम खेलने उतरी और 144 रन ही बना सकी. भारत के लिए बोलिंग में शमी ने तीन, जबकि रविचन्द्रन अश्विन बेहद किफायती गेंदबाज रहते हुए दो विकेट चटका गए. भारत की इस जीत के बाद सोशल मीडिया इंडिया-अफ़ग़ानिस्तान मैच से जुड़े ट्रेंड्स से भर गया. आइये जानते हैं, लोगों ने भारत की जीत के बाद ट्विटर पर क्या कुछ कहा.
# Ashwin
भारत की जीत के बाद ट्विटर पर Ashwin नाम का ट्रेंड वायरल कर गया. टीम इंडिया की जीत में अश्विन का अहम योगदान रहा. उन्होंने टीम इंडिया के लिए चार ओवर का स्पेल पूरा किया और महज़ 14 रन दिए. अश्विन ने दो अहम विकेट भी निकाले. जिसके बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अश्विन को पहले ही इस टीम में मौके दिए जाने चाहिए थे.
# Pandya
T20 विश्वकप 2021 में टीम इंडिया के लिए पंड्या ने पहले मैच में गेंदबाज़ी नहीं की. जबकि बल्ले से भी उन्होंने दोनों मैचों में कोई खास कमाल नहीं किया था. ऐसे में जब उन्होंने तीसरे मैच में महज़ 13 गेंदों में 35 रन की पारी खेली तो फ़ैन्स बम-बम हो गए. उन्होंने चार चौके और दो छक्के लगाए. जिसके बाद सोशल मीडिया पर पंड्या ट्रेंड कर गए. लोगों ने कहा कि ये वो पंड्या हैं जिन्हें सभी लोग खोज रहे थे. जबकि कई फ़ैन्स ने कहा कि उन्हें अब भी बोलिंग पर काम करना होगा.
# Nabi
अफ़गानिस्तान की हार के बाद उनके फै़न्स खासे निराश हैं. कई लोग उनकी खराब फील्डिंग पर सवाल उठा रहे थे, तो कई अपने कप्तान के फैसलों पर. खुद मोहम्मद नबी ने इस मैच में महज़ एक ओवर गेंदबाज़ी की और सात रन दिए. वहीं बल्ले से उन्होंने 32 गेंदों पर 35 रन की पारी खेली. लेकिन टीम की एक और हार के बाद फै़न्स नबी की कप्तानी से खुश नहीं दिखे.
# WellPlayed
भारत की इस जीत के बाद कई इंडियन फ़ैन्स ने भारतीय टीम की तारीफ की और खिलाड़ियों को Well Played कहकर उनकी हौंसला अफज़ाई की. लेकिन कई अनजान ट्रोल्स इस मैच में दूसरा ही नैरेटिव लेकर आ गए. उन्होंने सोशल मीडिया पर ये आरोप लगाया कि ये मैच फिक्स था और भारत ने इसे फिक्स करके जीता है. ये बेतुका ट्रेंड देर रात तक सोशल मीडिया पर ट्रेंड किया.
Advertisement









