पाकिस्तान की हार पर कराची से लेकर कहां तक ट्रेंड हुआ 'मौका-मौका'?
ऑस्ट्रेलिया की जीत पर दिखे कई ट्रेंड्स.
Advertisement

Ausvspak Twitter Trends में कई टॉपिक्स पर चर्चा हुई (एपी फोटो, स्क्रीनग्रैब)
पाकिस्तान क्रिकेट टीम. T20 वर्ल्ड कप 2021 की सबसे कमाल की फॉर्म में चल रही टीम. वो टीम जिसने लगातार पांच मैच जीतकर वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में एंट्री की थी. और इस कमाल की फॉर्म के बाद भी वो टीम फाइनल नहीं खेल पाएगी. क्योंकि सेमीफाइनल में उन्हें मैथ्यू वेड और मार्कस स्टोइनिस ने कूट दिया. टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने अपने 20 ओवर्स में चार विकेट खोकर 176 रन बनाए. पाकिस्तान के लिए मोहम्मद रिज़वान ने 67 और फख़र ज़मान ने 55 रन बनाए. जबकि बाबर आज़म ने 39 रन की पारी खेली. जवाब में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही. टीम ने पहले ही ओवर में कैप्टन आरोन फिंच का विकेट गंवा दिया. इसके बाद डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श ने दूसरे विकेट के लिए 51 रन जोड़े. लेकिन मार्श के आउट होने के बाद टीम ने स्टीव स्मिथ और ग्लेन मैक्सवेल के विकेट जल्दी-जल्दी गंवा दिए. फिर वॉर्नर भी एक विवादित फैसले में आउट हो गए. लगा कि पाकिस्तान मैच निकाल ले जाएगा लेकिन मार्कस स्टोइनिस और मैथ्यू वेड के प्लान ही अलग थे. दोनों ने छठे विकेट के लिए 81 रन की पार्टनरशिप कर ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से जीत दिला दी. यह T20 वर्ल्ड कप इतिहास के किसी भी सेमीफाइनल में हुई सबसे बड़ी नाबाद पार्टनरशिप थी.
पाकिस्तान की हार के साथ ही सोशल मीडिया पर घात लगाकर बैठी मौज लेने वाली जनता एक्टिव हो गई. लोगों ने हजारों, लाखों, करोड़ों ट्वीट्स कर कई ट्रेंड्स चला दिए. चलिए आपको बताते हैं ऐसे ही कुछ खास ट्रेंड्स.
#HasanAli
ऑस्ट्रेलिया की पारी का 19वां ओवर. टीम को जीत के लिए आखिरी 12 गेंदों पर 22 रन चाहिए थे. शाहीन शाह अफरीदी की पहली गेंद डॉट रही. दूसरी गेंद पर लेग बाई का एक रन आया. तीसरी वाइड रही. और जब उस गेंद को शाहीन ने दोबारा फेंका तो वेड ने इसे लपेटने की कोशिश की. गेंद डीप मिडविकेट के एरिया में जाकर हवा में लटक गई. हसन अली दौड़ते हुए आए लेकिन उनकी ये दौड़ थोड़ी ज्यादा हो गई. वह गेंद से लगभग आगे ही निकल गए और फिर वही हुआ जो नहीं होना था. गेंद हसन की उंगलियों से होती हुई नीचे गिर गई. वेड का कैच टपक गया और फिर वेड ने जरा भी वेट ना करते हुए शाहीन की अगली तीन गेंदों पर तीन छक्के मार मैच वहीं खत्म कर दिया. और इसके साथ ही ट्विटर पर हसन ट्रेंड हो गए.
भारत-पाकिस्तान दोनों ओर के लोग उनका मजाक बना रहे थे. तो वहीं कुछ लोग ऐसे भी थे लोग मजाक उड़ा रहे लोगों को याद दिला रहे थे कि हसन अली वही प्लेयर हैं जिन्होंने पाकिस्तान को 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी जिताई थी.
#WellPlayedBoys
इस करारी हार के बाद यूं तो अंदरूने मुल्क में शदीद मायूसी का आलम था. लेकिन इस मायूसी में भी कुछ लोग थे जो पाकिस्तान क्रिकेट टीम की तारीफ कर रहे थे. जाहिर है, इस मैच से पहले या यूं कहें कि इस मैच की पहली पारी तक पाकिस्तान ने कमाल का प्रदर्शन किया था. उन्होंने लगातार पांच मैच जीते थे.
और इस प्रदर्शन की तारीफ होनी भी चाहिए. इन्हीं भावो से ओत-प्रोत पाकिस्तानी जनता ने मैच के तुरंत बाद अपने लड़कों को सांत्वना देनी शुरू कर दी. उन्होंने वेल प्लेड बॉयज नाम का ट्रेंड चलाकर अपनी टीम की तारीफ की. इस ट्रेंड में आम फ़ैन्स के साथ मीडियाकर्मी और राजनेता भी शामिल रहे.
#ShaheenShahAfridi
भारत के खिलाफ रोहित-राहुल और विराट को आउट कर शाहीन पाकिस्तान में हीरो बन गए थे. लोग उनकी तारीफ के कसीदे पढ़ते नहीं थक रहे थे. लेकिन पाकिस्तान के इस कैम्पेन के सबसे अहम मैच में शाहीन का बुरा हाल हो गया. शुरुआत तो उन्होंने यहां भी कमाल की थी. पहले ही ओवर में आरोन फिंच को निपटा दिया.
लेकिन फिर 19वें ओवर में मैथ्यू वेड ने उन पर लगातार तीन छक्के लिख उनका बेन स्टोक्स कर दिया. साल 2016 के T20 वर्ल्ड कप फाइनल में जिस तरह कार्लोस ब्रैथवेट ने बेन स्टोक्स को धुना था कुछ वैसा ही वेड ने शाहीन के साथ कर दिया. और इस कुटाई के तुरंत बाद लोगों ने ट्विटर पर उनके बारे में लिखना शुरू कर दिया.
#MaukaMauka
अरे वही वाला विज्ञापन जो हर बार इंडिया-पाकिस्तान के मुकाबले से पहले हमारी-आपकी टीवी पर छा जाता था. 24 अक्टूबर को जब पाकिस्तान ने इंडिया को हराया तो यह शब्द खूब ट्रेंड हुआ था. और जैसा कि सब जानते हैं भारत के ट्विटर चालक ऐसी बातें भूलते नहीं. सो उन्होंने पाकिस्तान के हारते ही एक बार फिर से इस शब्द को ट्रेंड करा दिया.
इस ट्रेंड में मुख्यतः दो तरह की बातें हुईं. पहले में इंडियन फ़ैन्स ने पाकिस्तान को ट्रोल किया. तो वहीं दूसरे में उन्होंने पाकिस्तान को यह भी याद दिलाया कि T20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराना सबके बस की बात नहीं है. गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेट टीम ने 2007 के T20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को मात दी थी.
#Karachi
बात इसी साल 24 अक्टूबर की है. पाकिस्तान ने पहली बार किसी वर्ल्ड कप मुकाबले में भारत को हराया था. और इस हार के बाद पाकिस्तानी फ़ैन्स ने Mumbai Airport ट्रेंड करा दिया. वो लोग भारतीय क्रिकेट टीम का मजाक बना रहे थे. उन्हें मुंबई एयरपोर्ट के लिए क्वॉलिफाई करने की बधाई दे रहे थे.
और फिर आया 11 नवंबर. पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गई. और इस हार के तुरंत बाद ट्विटर पर Karachi ट्रेंड हो गया. लोग पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को कराची एयरपोर्ट के लिए क्वॉलिफाई करने की बधाई देने लगे.
Advertisement









