The Lallantop

जुरेल-तिलक और सुंदर का पचासा, चोट से लौटे प्रसिद्ध ने न्यूजीलैंड A की हालत खराब कर दी!

Ind A vs NZ A 3rd Unofficial Test : इंडिया A ने 428 रनों की विशाल बढ़त बना ली है. Yashasvi Jaiswal के शतक के बाद Sai Sudharsan, Tilak Varma, Dhruv Jurel और Washington Sundar ने शानदार अर्धशतक जड़े. वहीं, चोट से लौटे Prasidh Krishna ने शुरुआती दो विकेट लेकर न्यूजीलैंड A को बैकफुट पर धकेल दिया है.

Advertisement
post-main-image
प्रसिद्ध कृष्णा ने इंजरी से लौटने के बाद शानदार बॉलिंग की. (Courtesy : PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • इंडिया A ने न्यूजीलैंड A के खिलाफ तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट में पहली पारी में 464 रन बनाकर 428 रनों की बढ़त हासिल की और मैच में दबदबा बनाया।
  • न्यूजीलैंड A के खिलाफ इंडिया A की जीत की रणनीति में चोट से लौटे प्रसिद्ध कृष्णा की गेंदबाजी और तिलक वर्मा, ध्रुव जुरेल की बल्लेबाजी प्रमुख कारण रही।
  • इस प्रदर्शन के बाद इंडिया A अगले मैच में जीत की ओर बढ़ रही है, जिससे भारतीय टीम की आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारी मजबूत होने की संभावना बनी है।

इंडिया A ने न्यूजीलैंड A के खिलाफ शानदार फॉर्म दिखाई है. तीसरे अनऑफिश‍ियल टेस्ट मैच में इंडिया A ने अब तक कमाल का प्रदर्शन किया है. इस मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है. पहले बल्ले से कमाल दिखाया. फिर गेंद से कहर बरपाया. नतीजा ये कि पहली पारी में 428 रनों की विशाल बढ़त मिल गई है. ध्रुव जुरेल, तिलक वर्मा और वाशिंगटन सुंदर ने शानदार पचासे जड़े हैं. वहीं चोट से लौटे प्रसिद्ध कृष्णा ने आते ही अपना जलवा दिखा दिया.

Advertisement

पहले दिन के खेल में बारिश ने खलल डाला था. दिन खत्म होने तक इंडिया A का स्कोर 2 विकेट पर 227 रन था. इसमें सबसे बड़ा हाथ यशस्वी जायसवाल का रहा. जायसवाल ने इस दौरे पर लगातार दूसरा शतक ठोक दिया. पिछले मैच में वो नाबाद 155 रन बनाकर लौटे थे. इस बार उनके बल्ले से 102 रन निकले. दूसरे छोर पर साई सुदर्शन 77 रन बनाकर नाबाद थे. दोनों ने पहले विकेट के लिए 175 रनों की तगड़ी साझेदारी की और इंडिया A को एक मजबूत शुरुआत दिलाई.

जुरेल, तिलक और सुंदर की फिफ्टी

वहीं, 8 नवंबर को खेल फिर से शुरू हुआ तो सुदर्शन ने अपने कल के स्कोर में 11 रन और जोड़े. वो कुल 88 रन बनाकर खेल रहे थे. तभी जैक गिब्सन ने उन्हें बोल्ड कर दिया. सुदर्शन के जाने के बाद ध्रुव जुरेल ने मोर्चा संभाला. उन्होंने तेजी से रन बटोरे. जुरेल ने सिर्फ 75 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने 95 गेंदों पर कुल 71 रन कूटे. अपनी पारी में नौ चौके और दो छक्के भी लगाए. आखिर में कैमरन पॉल ने उनकी पारी पर ब्रेक लगाया.

Advertisement

ऋषभ पंत अभी टीम में नहीं हैं. ऐसे में बैकअप के तौर पर तिलक वर्मा को मौका मिला है. तिलक ने रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर 44 रन जोड़े. जडेजा ने 25 रनों का योगदान दिया. जडेजा के आउट होने के बाद वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर आए. सुंदर और तिलक ने मिलकर कीवी गेंदबाजों को खूब थकाया. दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 114 रनों की नाबाद साझेदारी हुई. इसी के दम पर इंडिया A का स्कोर 450 के पार पहुंच गया.

तिलक वर्मा 131 गेंदों पर 81 रन बनाकर नाबाद लौटे. वहीं, सुंदर ने 107 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए. इंडिया A ने 146 ओवर खेले और 5 विकेट पर 464 रन बनाकर पारी घोषित कर दी. इस तरह भारत को पहली पारी में 428 रनों की भारी-भरकम बढ़त मिल गई.

ये भी पढ़ें :  सैंडपेपरगेट कांड पर ख्वाजा ने वॉर्नर से किया वादा निभाया! इंस्टाग्राम वीडियो में अब नए खुलासे किए 

Advertisement
प्रसिद्ध कृष्णा की शानदार वापसी

बल्लेबाजी के बाद बारी थी भारतीय पेसर्स की. सबकी नजरें प्रसिद्ध कृष्णा पर टिकी थीं. वो बाएं हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरकर मैदान पर लौटे हैं. कृष्णा ने आते ही कहर ढा दिया. अपने शुरुआती स्पेल में ही उन्होंने दो विकेट चटका दिए. पहले रीस मारियू को पवेलियन का रास्ता दिखाया. फिर कर्टिस हीफी को चलता किया. न्यूजीलैंड A ने सिर्फ 36 रनों पर अपने 2 विकेट गंवा दिए. मेजबान टीम अब बड़ी मुश्किल में फंस गई है.

उधर, जसप्रीत बुमराह भी इस मैच में खेल रहे हैं. वो आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए इंडिया A के इस आखिरी मैच में उतरे हैं. बुमराह को कोई विकेट तो नहीं मिला. लेकिन उन्होंने बेहद कसी हुई गेंदबाजी की और सिर्फ 11 रन खर्च किए. स्टंप्स तक डीन फॉक्सक्रॉफ्ट 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं. उनके साथ जैक गिब्सन 1 रन बनाकर नाबाद हैं. न्यूजीलैंड A अभी भी भारत से 428 रन पीछे है.

सीरीज के पहले दोनों मैच ड्रॉ रहे थे. लेकिन इस तीसरे और आखिरी मैच में इंडिया A ने शिकंजा कस लिया है. अब यहां से भारतीय टीम जीत के लिए देखेगी.

वीडियो: क्या प्रिंस यादव ODI सीरीज में नजर आएंगे?

Advertisement