टीम इंडिया के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ( Sunil Gavaskar) ने भारत को गुरुमंत्र दिया है. सुनील गावस्कर ने कहा है कि टीम इंडिया तीन स्पिनर्स के साथ उतर सकती है. और इससे कोई नुकसान नहीं होगा. गौरतलब है कि T20 विश्वकप में भारत अपना तीसरा मुकाबला अफ़गानिस्तान के खिलाफ खेलेगा. और अबू धाबी में इस मैच का आयोजन होगा. सुनील गावस्कर ने कहा है कि अगर हार्दिक गेंदबाजी करें तो टीम इंडिया तीन स्पिनर्स के साथ उतर सकती है. ऐसे में वरुण चक्रवर्ती की जगह आर अश्विन को लाया जा सकता है. और राहुल चाहर भी बढ़िया विकल्प हो सकते हैं. बता दें कि टीम इंडिया अपने पिछले दो मुकाबलों में दो स्पिनर्स के साथ उतरी है. रविन्द्र जडेजा और वरुण चक्रवर्ती. लेकिन दोनों ही नाकामयाब रहे. पाकिस्तान के खिलाफ भारत को 10 विकेट से और न्यूज़ीलैंड के खिलाफ आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा. ऐसे में गावस्कर का मानना है कि तीन स्पिनर्स के साथ जाने में कोई बुराई नहीं नज़र आती. इंडिया टुडे से बात करते हुए कहा सुनील गावस्कर ने कहा,
'तीन स्पिनर्स के साथ जाने में कोई नुकसान नहीं है. और शार्दुल ठाकुर या मोहम्मद शमी के न होने से भी ज्यादा घाटा नहीं है. दो तेज गेंदबाज और तीन स्पिनर्स के साथ टीम इंडिया उतर सकती है. क्योंकि अगर हार्दिक पंड्या दो ओवर भी गेंदबाजी करते हैं. तो उस हिसाब से टीम के पास तीन पेसर तो होंगे ही.'
दो मैचों से बेंच पर मौजूद आर अश्विन को खिलाने पर गावस्कर ने कहा,
'आर अश्विन टॉप क्लास गेंदबाज हैं. और इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ता कि वह दाएं हाथ के बल्लेबाज़ को गेंदबाजी कर रहे हैं या बाएं हाथ के बल्लेबाज़ को. अफ़गानिस्तान में कई मिस्ट्री स्पिनर्स हैं. आप मुजीब को देखिये. और कई ऐसे स्पिनर्स हैं जिन्हें प्लेइंग इलेवन में भी नहीं लिया जाता है. तो ऐसे में अफगानिस्तान के लिए वरुण चक्रवर्ती को खेलना मुश्किल नहीं होगा. मैं, आर अश्विन जैसे टॉप क्लास गेंदबाज की तरफ ज़रूर देखूंगा. इसके बाद दूसरे स्पिनर के तौर पर राहुल चाहर को भी शामिल किया जा सकता है. जडेजा तो पहले से हैं हीं. '
प्लेइंग इलेवन के बाद सुनील गावस्कर ने जसप्रीत बुमराह के बायो-बबल की थकान वाले बयान पर भी अपनी राय रखी. दरअसल, न्यूजीलैंड के खिलाफ करारी हार के बाद जसप्रीत बुमराह ने कहा था कि परिवार से दूर रहना और बायो बबल की थकान का प्रदर्शन पर असर पड़ा है. और इसी वजह से टीम इंडिया को हार मिली है. इस पर सुनील गावस्कर ने कहा,
'आप भारत के लिए खेल रहे हैं. भारत के लिए खेलना एक अविश्वसनीय प्रिविलेज है. अपने देश का प्रतिनिधित्व करना बहुत बड़े सम्मान की बात है क्योंकि ऐसे लाखों-करोड़ों लोग हैं जो इंडिया कैप हासिल करना चाहते हैं. तो आपको वास्तव में ऐसा करने के लिए विशेष अधिकार प्राप्त हैं. कोई वास्तविक बहाना नहीं होना चाहिए. आपको मैदान पर जाना होगा. और बेस्ट देना होगा. और यही फैन्स आपसे उम्मीद कर रहे हैं. हम ये भी जानते हैं कि आप हर गेम नहीं जीत सकते हैं.'
बता दें कि 3 नवंबर, बुधवार के दिन अबू धाबी में भारत और अफगानिस्तान की टीम आमने-सामने होंगी. भारत ने अब तक दो मुकाबले खेले हैं और दोनों में हार का सामना करना पड़ा. भारत का खाता खुलना अब भी बाकी है. वहीं, अफगानिस्तान ने तीन मुकाबले खेले हैं. दो में जीत मिली है. और एक में हार. देखने वाली बात ये होगी कि भारत सुनील गावस्कर के इस फ़ॉर्मूले को अपनाता है या फिर सेम प्लेइंग इलेवन के साथ उतरता है.