The Lallantop

T20 वर्ल्ड कप 2021 में भी जारी रहा साल 2007 में शुरू हुआ ये दुर्भाग्यपूर्ण सिलसिला!

कोहली के साथ आए बाबर.

Advertisement
post-main-image
रन बनाए लेकिन खिताब ना ला पाएं ( फोटो – एपी, ट्विटर)
T20 वर्ल्ड कप 2021 खत्म हो गया है. ऑस्ट्रेलिया ने पहली बार इस फॉर्मेट का खिताब अपने नाम कर लिया है. टीम ने फाइनल में न्यूज़ीलैंड को आठ विकेट से हराया. इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के लिए डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श ने शानदार बल्लेबाजी की है. मैच के बाद मिचेल मार्श को मैन ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया. जबकि डेविड वॉर्नर प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे. हालांकि इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन पाकिस्तान के कप्तान बाबर आज़म ने बनाए. # Most Runs In T20 World Cup बता दें कि बाबर ने भले ही टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए हों, लेकिन उनकी टीम सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ पाई. इसके साथ ही 2007 से सचा आ रहा एक दुर्भाग्यपूर्ण सिलसिला अब भी जारी रहा. T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कभी भी टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला प्लेयर अपनी टीम को वर्ल्ड कप नहीं जिता पाया है. 2021 के विश्व कप में पाकिस्तानी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया. टीम सेमीफाइनल तक पहुंची और वहां हार गई. टीम के इस सफर में कप्तान बाबर आज़म ने 303 रन बनाए. इस फॉर्मेट के पहले एडिशन यानी 2007 में ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडेन ने भी बहुत सारे रन बनाए थे. हेडेन ने इस एडिशन में 265 रन बनाए. जबकि चैंपियन बना भारत. साल 2009 के एडिशन में तिलकरत्ने दिलशान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने थे. श्रीलंका के इस बल्लेबाज के बल्ले से 317 रन निकले थे. और चैंपियन बनी पाकिस्तान की टीम. वर्ल्ड कप 2010 में श्रीलंका के ही महेला जयवर्धने 302 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे. जबकि खिताब जीता इंग्लैंड ने. T20 वर्ल्ड कप 2012 में ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉटसन का बल्ला खूब चला था. पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने सबसे ज्यादा, 249 रन बनाए थे. जबकि इस बार खिताब गया वेस्ट इंडीज़ के खाते में. 2014 के वर्ल्ड कप में ये कारनामा भारतीय खिलाड़ी विराट कोहली ने किया था. कोहली ने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 319 रन बनाए थे. और इस बार खिताब जीता श्रीलंका ने. 2016 के वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के तमीम इकबाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे. तमीम ने 295 रन बनाए थे. और खिताब जीता एक बार फिर से वेस्ट इंडीज़ ने. Top run-getters in each #T20WorldCup # कैसी रही खिताबी जंग? साल 2021 के T20 वर्ल्ड कप की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले गए खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान आरोन फिंच ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूज़ीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने बढ़िया 85 रन की पारी खेली थी. और टीम को 172 के स्कोर तक पहुंचाया था. जीत के लिए 173 रन का लक्ष्य लेकर उतरी ऑस्ट्रेलिया ने अपने कप्तान आरोन फिंच का विकेट जल्दी खो दिया था. लेकिन उनके बाद डेविड वॉर्नर 53, मिचेल मार्श 77 और ग्लैन मैक्सवेल की 28 रन की पारी ने मैच को 19वें ओवर में ही खत्म कर दिया था.

Advertisement
Advertisement