आरोन फिंच ने रिकी पॉन्टिंग के किस 'शर्मनाक रिकॉर्ड' की बराबरी कर ली?
शाहीन ने फिर किया कमाल.
Advertisement

PAKvsAUS मैच में Shaheen Shah Afridi ने Aaron Finch को पहले ही ओवर में आउट कर दिया (एपी फोटो)
शाहीन शाह अफरीदी. T20 वर्ल्ड कप 2021 के सबसे खतरनाक बोलर्स में से एक. इंडिया के खिलाफ हुए मैच से शुरू हुई शाहीन की खतरनाक बोलिंग अब भी जारी है. शाहीन ने दुबई में खेले गए टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में फिर कमाल कर दिया. उन्होंने अपने पहले ही ओवर में ऑस्ट्रेलियन कैप्टन आरोन फिंच को बिना खाता खोले वापस भेज दिया. इसके साथ ही फिंच ने पूर्व कप्तान रिकी पॉन्टिंग के अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. इससे पहले फिंच ने टॉस जीता और पाकिस्तान को पहले बैटिंग का न्यौता दिया. पाकिस्तानी ओपनर्स ने एक बार फिर से अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 10 ओवर्स में 71 रन जोड़े. और फिर इसी स्कोर पर बाबर आज़म 39 रन बनाकर आउट हुए. और फिर तीसरे नंबर पर आए फख़र जमान ने कमाल की बैटिंग की. इस वर्ल्ड कप में अपनी फॉर्म से जूझ रहे फख़र पूरे रंग में दिखे. वह 32 गेंदों पर 55 रन बनाकर नाबाद लौटे. जबकि मोहम्मद रिज़वान ने 52 गेंदों पर 67 रन की पारी खेली. ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए. जबकि पैट कमिंस और एडम ज़ाम्पा ने एक-एक विकेट निकाला. पाकिस्तान ने 20 ओवर्स में 176 रन बनाए. जीत के लिए 177 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को पहले ही ओवर में पहला झटका लग गया.
# Finch के बराबर पहुंचे Ponting
शाहीन ने कप्तान आरोन फिंच को बिना खाता खोले वापस लौटा दिया. फिंच अपनी पहली ही गेंद पर LBW हो गए. यह ओवर की कुल तीसरी गेंद थी. फिंच गोल्डेन डक पर आउट हुए. इसके साथ ही उन्होंने रिकी पॉन्टिंग के अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.
फिंच से पहले साल 2009 में रिकी पॉन्टिंग के साथ भी ऐसा हो चुका है. पॉन्टिंग साल 2009 के T20 वर्ल्ड कप में वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ गोल्डेन डक पर आउट हुए थे. उन्हें जेरोम टेलर ने LBW किया था. ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट टीम के इतिहास में सिर्फ यही दो कप्तान T20 वर्ल्ड कप में गोल्डेन डक पर आउट हुए हैं. कमाल की बात ये है कि दोनों के आउट होने का तरीका भी एक जैसा ही है.
Advertisement










