The Lallantop

जूते में बियर डालकर क्यों पी रहे हैं स्टोइनिस और मैथ्यू वेड?

कहां से आया ये वाला सेलिब्रेशन?

Advertisement
post-main-image
शूज में बीयर डालकर पीते मार्कस स्टोइनिस और मैथ्यू वेड ( फोटो क्रेडिट : ICC)
कुछ लोगों की जीत चर्चित होती है तो कुछ का जश्न. लेकिन ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने इन दोनों चीजों को चर्चित कर दिया है. संडे, 14 नवंबर की रात ऑस्ट्रेलिया ने दुबई के मैदान पर इतिहास रचा. अपना पहला T20 विश्वकप खिताब जीता. ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में न्यूज़ीलैंड को आठ विकेट से हराया. जीत के हीरो मिचेल मार्श रहे. जिन्होंने 50 गेंदों में 77 रन की नाबाद पारी खेली. इसके अलावा डेविड वॉर्नर और जोश हेज़लवुड का भी अहम योगदान रहा. वॉर्नर ने 53 रन बनाए. जबकि हेज़लवुड ने तीन विकेट झटके. विश्वकप जीतते ही ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने पहले तो मैदान पर शैम्पेन की बरसात की. और फिर जब ड्रेसिंग रूम पहुंचे तो मैथ्यू वेड और मार्कस स्टोइनिस ने सेलिब्रेशन की हद ही पार कर दी. ICC द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में दिख रहा है कि मैथ्यू वेड और मार्कस स्टोइनिस अपने जूते में बीयर डालकर पी रहे हैं. इस वीडियो में सबसे पहले मैथ्यू वेड ने अपना जूता निकाला. उसमें बीयर डाली और पी गए. साथी खिलाड़ी मार्कस स्टोइनिस भी कहां पीछे रहने वाले थे. स्टोइनिस ने मैथ्यू वेड के हाथ से उनका जूता लिया. उसमें बीयर डाली और पी गए. बता दें कि जूते में बीयर डालकर पीने वाला ये सेलिब्रेशन पुराना है. और इसे फेमस किया था ऑस्ट्रेलिया के फ़ॉर्मूला वन ड्राइवर डैनियल रिक्किआर्डो ने. मौका था साल 2016 की जर्मन ग्रां प्री का. डैनियल ने उस इवेंट में पोडियम फिनिश किया था. तीसरे पायदान पर रहे थे. जश्न मनाने की बारी आई तो उन्होंने जूते में शैम्पेन डाली और पी गए. इतना ही नहीं उन्होंने इवेंट में आए बाकी सेलिब्रिटीज, होस्ट और साथी फ़ॉर्मूला वन ड्राइवर को भी ऐसे ही शैम्पेन पिलाई. इस जश्न में डैनियल रिक्किआर्डो के अलावा निको रॉसबर्ग और लुईस हैमिल्टन भी थे. और इनके साथ उस इवेंट में मशहूर हॉलीवुड एक्टर जेराड बटलर भी मौजूद थे. बताते चलें कि T20 विश्वकप के फाइनल में टॉस ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच ने जीता था. और पहले गेंदबाजी चुनी. कप्तान केन विलियमसन के 85 रन की बदौलत न्यूज़ीलैंड ने निर्धारित 20 ओवर्स में 172 रन बनाए. जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने छह गेंद बाकी रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया. टीम की तरफ से मिचेल मार्श ने 77 और वॉर्नर ने 53 रन की मैच जिताऊ पारी खेली. मिचेल मार्श को प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया. जबकि 289 रन बनाने वाले वॉर्नर को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के अवॉर्ड से नवाजा गया.

Advertisement
Advertisement