आखिरी मैच में विराट ने बनाया कप्तानी का वो RECORD, जो किसी से नहीं बना था!
वाह विराट, मान गए.
Advertisement

विराट कोहली. फोटो: AP
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली अब सिर्फ वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान रह गए हैं. T20 विश्वकप में नामीबिया के खिलाफ़ खेला गया मुकाबला बतौर T20 कप्तान उनका आखिरी मैच रहा. भारत ने इस आखिरी मैच में नामीबिया को नौ विकेट से हराकर टूर्नामेंट का अंत किया है. इस मैच में कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग चुनी. नामीबिया की टीम भारत के खिलाफ़ 132 रन ही बना सकी. रविचन्द्रन अश्विन और रविन्द्र जडेजा ने 3-3 विकेट चटकाए. वहीं जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट अपने नाम किए. भारत के लिए ये मुकाबला जरा भी मुश्किल नहीं रहा. रोहित शर्मा ने 56, केएल राहुल ने 54 रनों की पारी खेल भारत को नौ विकेट से जीत दिला दी. और अब जबकि बतौर कप्तान विराट कोहली ने अपना आखिरी T20I खेल लिया है. तो ये जानना भी ज़रूरी है कि आखिर वो कौन से रिकॉर्ड्स हैं जिन पर विराट कोहली कप्तानी छोड़ने के बाद भी इतरा सकते हैं. आइये डालते हैं ऐसे ही रिकॉर्ड्स पर एक नज़र. #बतौर कप्तान विराट कोहली ने भारत के लिए 50 T20 मैचों में कप्तानी की. जिसमें उन्होंने 32 में टीम को जीत दिलाई. भारत को 16 में हार मिली. जबकि दो मैच ऐसे रहे जिनका नतीजा नहीं निकल सका.
इस रिकॉर्ड में खास बात ये है कि कोहली जीत के प्रतिशत के मामले में भारत के सबसे सफल कप्तान कहे जाने वाले एमएस धोनी से भी आगे हैं. धोनी का विनिंग प्रतिशत 59.28 है. जबकि विराट का जीत का प्रतिशत 64.58 है. इतना ही नहीं विराट कोहली भारत के सिर्फ दूसरे ऐसे कप्तान हो गए हैं. जिन्होंने टेस्ट, वनडे और T20 में 50 मैचों में टीम की कप्तानी की है. # T20I में किसी भी कप्तान के विन-लूज़ रेशियो की बात करें तो यहां भी विराट भारत के अव्वल कप्तान हैं. इतना ही नहीं वो विश्व के सबसे बेहतरीन कप्तानों में भी चौथे स्थान पर हैं. कम से कम 30 मैच खेलने वाले कप्तानों में वो जीत-हार के रेशियो में चौथे सर्वश्रेष्ठ कप्तान हैं. उन्होंने अपने 50 मैचों में 32 में जीत और महज़ 16 में हार दर्ज की हैं. इस हिसाब से उनका विन-लूज़ रेशियो 2.0 है. इस लिस्ट में उनसे आगे अस़गर अफ़गान, सरफराज़ अहमद और बाबर आज़म हैं.
#इतना ही नहीं विराट की कप्तानी के रिकॉर्ड पर कितने ही सवाल उठें. लेकिन फिर भी उनकी कप्तानी में भारत ने एक और शानदार जीत दर्ज कर ली है. पुरुषों के T20 विश्वकप में लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम की ये सबसे बड़ी जीत है. भारत ने नामीबिया को नौ विकेट से हराकर ये कारनामा किया है.
यानि जाते-जाते भी आखिरी मैच में विराट कोहली ने एक रिकॉर्ड और अपने नाम के आगे लगवा लिया है.
Advertisement












