धनतेरस और दिवाली के मौके पर प्रॉपर्टी बाजार में रौनक देखने को मिल रही है. खासतौर से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रुरुग्राम में घर खरीदने वालों की दिलचस्पी देखने को मिल रही है. वैसे तो इस दौरान घर खरीदना लोग शुभ मानते हैं. लेकिन एक और वजह है. वह यह है कि त्योहारी सीजन में रियल एस्टेट कंपनियां कई तरह की छूट की पेशकश करती हैं. लेकिन दिल्ली-NCR में घरों की कीमतें तेजी से बढ़ने से 1 करोड़ रुपये तक के बजट वाले घर खरीदने वालों के लिए ऑप्शन काफी सीमित हो गए हैं.
नोएडा और गुरुग्राम में 1 करोड़ रुपये में कहां मिलेगा बेहतर घर? जानें सबसे बेहतर ऑप्शन
रियल एस्टेट बाजार के जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में नोएडा और ग्रेटर नोएडा में प्रॉपर्टी के दाम तेजी से बढ़ेंगे. लेकिन नोएडा, ग्रेटर नोएडा के कुछ इलाकों में अब भी 1 करोड़ रुपये के बजट में घर मिल सकता है

ऐसे में अगर दिवाली पर आप अपना घर खरीदने की योजना बना रहे हैं और आपका बजट एक करोड़ रुपये है, तो नोएडा और गुरुग्राम, आपके सामने दो बड़े विकल्प हो सकते हैं. सबसे पहले बात करते हैं नोएडा और ग्रेटर नोएडा की.
नोएडा में कहां मिल सकता है 2BHK या 3BHK?रियल एस्टेट ब्रोकर्स का कहना है कि वैसे तो नए लॉन्च होने वाले रेजीडेंशियल प्रोजेक्ट्स में प्रीमियम घरों का दबदबा बढ़ा है, लेकिन नोएडा, ग्रेटर नोएडा के कुछ इलाकों में अब भी 1 करोड़ रुपये के बजट में घर मिल सकता है. प्रॉपर्टी ब्रोकरेज फर्म इन्वेस्टर स्टार के सेल्स हेड संदीप गुप्ता ने लल्लनटॉप से कहा कि ग्रेटर नोएडा और नोएडा के सेक्टर 73, 74, 75, 76, 77 आदि इलाकों में एक करोड़ से डेढ़ करोड़ के दायरे में घर उपलब्ध हैं. हालांकि, उनका कहना है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट नए घर ढूंढने वाले खरीदारों के लिए फिलहाल सबसे सस्ती जगहों में से एक है.
ग्रेटर नोएडा के टेक जोन-4 के सेक्टर वन में स्थित बूट्स अलिवा (BOOTES Aliva) लेजर वैली रेजीडेंशियल प्रोजेक्ट में एक से डेढ़ करोड़ के दायरे में घर उपलब्ध हैं. इस आवासीय योजना में 2 BHK, 3 BHK और स्टडी रूम वाले बड़े फ्लैट उपलब्ध हैं. इन फ्लैट्स का साइज करीब 1,501 से 2,753 वर्ग फुट के बीच है.
रियल एस्टेट डेवलपर बूट्स रियलटी के एमडी दीपक राय ने लल्लनटॉप से बातचीत में कहा कि बूट्स अलिवा की प्राइस लिस्ट में 30:70 पेमेंट प्लान दिया गया है. 30:70 पेमेंट प्लान में फ्लैट की कुल कीमत का 30% पैसा पहले देना होता है और बाकी 70% बाद में देना होता है. उदाहरण के लिए अगर फ्लैट की कीमत एक करोड़ रुपये है, तो पहले 30 लाख रुपये देने होंगे और बाकी 70 लाख रुपये बाद में देने होंगे.
कंपनी ने फ्लैट्स का बेसिक सेल प्राइस (BSP) 8,499 रुपये प्रति वर्ग फुट रखा है. फ्लैट बुक करने के लिए 2BHK पर 2 लाख, 3BHK पर 3 लाख और 3BHK के साथ स्टडी रूम वाले फ्लैट पर 5 लाख रुपये की बुकिंग राशि तय की है. इसके अलावा प्री-लॉन्चिंग बेनिफिट के तहत कंपनी की ओर से मुफ्त कार पार्किंग, क्लब शुल्क और दो साल का मेंटेनेंस देने का दावा किया गया है.
वहीं, गौर ग्रुप और निराला वर्ल्ड जैसे डेवलपर्स के प्रोजेक्ट्स भी 1 करोड़ रुपये से 1.5 करोड़ रुपये की रेंज में 2-BHK और कॉम्पैक्ट 3-BHK फ्लैट मुहैया करा रहा है. मनीकंट्रोल की की रिपोर्ट के मुताबिक, नोएडा के सेक्टर 73, 74, 75, 76, 77 और 121 आदि इलाकों में करीब एक करोड़ रुपये के आसपास 2BHK फ्लैट उपलब्ध हो सकते हैं. इस रिपोर्ट में सेक्टर 22D, 18 और 20 के यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र का भी जिक्र किया गया है.
ये भी पढ़ें: फेस्टिव सीजन में घर खरीदारों के लिए बंपर ऑफर्स, फ्री में आईफोन से लेकर स्टैंप ड्यूटी तक की छूट
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में प्रॉपर्टी में आएगा बूमरियल एस्टेट डेवलपर बूट्स रियलटी के एमडी दीपक राय ने लल्लनटॉप से बातचीत में कहा कि त्योहारों के मौसम में खरीदारी ने फिर से रफ्तार पकड़ी है. नोएडा और ग्रेटर नोएडा में खरीदार को तीन बातें साथ-साथ देखनी चाहिए. जैसे कि फ्लैट का कारपेट एरिया, सोसाइटी की लोकेशन, स्कूल, अस्पताल और अन्य बुनियादी सुविधाएं.
दीपक राय कहते हैं कि केवल कम कीमत के आधार पर दूर के इलाके में घर खरीदना रोजाना आने-जाने का खर्च और समय बढ़ा सकता है. उनका कहना है कि नोएडा में प्रॉपर्टी की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं. साल 2019 में नोएडा में प्रॉपर्टी की कीमतें 4,795 रुपये प्रति स्क्वायर फीट थीं. फिलहाल नोएडा में प्रॉपर्टी की औसत कीमत 10,780 रुपये प्रति स्क्वायर फीट हो गईं हैं. इस तरह से करीब 125% का इजाफा हुआ है.
उनका मानना है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में प्रॉपर्टी की कीमतों में तेजी आ सकती है. इसकी एक बड़ी वजह नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (अब नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट ) का शुरू होना है. एयरपोर्ट के संचालन से इलाके में कनेक्टिविटी बेहतर होने, कारोबार और रोजगार के नए अवसर पैदा होने और आवासीय व व्यावसायिक संपत्तियों की मांग बढ़ने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: '50 लाख वाला फ्लैट कहां गया?' जानिए मेट्रो सिटी से गायब कैसे हो गए बजट वाले घर
गुरुग्राम में एक करोड़ रुपये में क्या विकल्प हैं?एनडीटीवी की एक रिपोर्ट बताती है कि गुरुग्राम का प्रीमियम और लग्जरी हाउसिंग सेगमेंट, खरीदारों को लगातार आकर्षित कर रहा है. बेहतर कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और आधुनिक सुविधाओं वाले बड़े घरों की मांग शहर में दिलचस्पी बढ़ा रही है.
इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक गुड़गांव में प्रॉपर्टी की कीमतें 2019 में 6,150 रुपये प्रति स्क्वायर फीट से बढ़कर 13,350 रुपये प्रति स्क्वायर फीट हो गईं. एनारॉक रिसर्च का कहना है कि नोएडा और गुरुग्राम में प्रॉपर्टी की कीमतों में कैपिटल एप्रिसिएशन के साथ-साथ अच्छा रेंटल यील्ड भी दिखा है.
रियल एस्टेट ब्रोकर्स का गुरुग्राम में एक करोड़ रुपये के बजट में घर मिलना असंभव नहीं है, लेकिन विकल्प सीमित हैं. मनीकंट्रोल की रिपोर्ट में बताया गया है कि सोहना रोड, न्यू पालम विहार और न्यू गुरुग्राम के कुछ हिस्सों के अलावा सेक्टर 71, 84, 85 और 86 में छोटे फ्लैट या किफायती आवास के विकल्प तलाशे जा सकते हैं. रियल एस्टेट ब्रोकर्स के अनुसार गुरुग्राम में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के मुकाबले 1 करोड़ रुपये के घर के ऑप्शन बहुत कम हैं.
वीडियो: दिल्ली में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट रद्द, पुलिस ने परमिशन क्यों नहीं दी?












