वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड में डेब्यू का मौका नहीं मिला. टीम की तरफ से कहा गया कि मैनेजमेंट वर्ल्ड चैंपियन टीम में कोई बदलाव नहीं करना चाहता था. लेकिन पूर्व खिलाड़ियों को ये स्ट्रैटजी रास नहीं आ रही. उन्हें लगता है कि टीम मैनेजमेंट की रणनीति सभी प्लेयर्स के लिए एक जैसी नहीं है. पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने BCCI पर दोहरा रवैया रखने का आरोप लगाया है. सुनील गावस्कर भी वैभव को खिलाने के पक्ष में हैं.
वैभव का डेब्यू नहीं कराया, गावस्कर और कैफ ने टीम मैनेजमेंट को सुना दिया
गावस्कर ने कहा कि ऐसा जरुरी नहीं है कि वैभव सूर्यवंशी होते तो जीत की गारंटी होती, हो सकता था कि वह 10-15 रन पर ही आउट हो जाते.


टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रेयान टेन डोएशे ने कहा था कि वैभव ओपनर है. टीम फिलहाल अपने मौजूदा ओपनिंग पेयर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के साथ ही जाना चाहती है. दोनों को सीरीज में मौका दिया गया, लेकिन वो कुछ खास नहीं कर सके. पूर्व क्रिकेटर कैफ को लगता है कि इन दोनों में से किसी की जगह वैभव को मौका दिया जाना चाहिए था.
अपने यूट्यूब चैनल पर कैफ ने कहा,
“अगर टीम की बेस्ट प्लेइंग इलेवन की बात की जाए तो वैभव की वहां जगह बनती है.”
कैफ के मुताबिक टीम ने लॉजिक दिया कि वह खिलाड़ियों को लगातार मौका देना चाहते हैं, लेकिन वो हर बार इस बात पर अमल नहीं करते. कैफ बोले,
“चैंपियंस ट्रॉफी की जीत के बाद रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाया गया, तब यह कहा गया कि वह एक युवा कप्तान चाहते हैं.”
कैफ ने आगे कहा कि टी20 वर्ल्ड कप के बाद सूर्यकुमार यादव को हटाने के लिए भी यही कारण बताया गया था. तब भी फ्यूचर की बात की गई. लेकिन अगर वाकई में टीम भविष्य के बारे में सोच रही है तो वैभव बाहर क्यों हैं? क्या कोई और 15 साल का खिलाड़ी है जो कि वैभव से बेहतर हो?
यह भी पढ़ें- टीम इंडिया आयरलैंड से हारी, गौतम गंभीर पर आइसलैंड क्रिकेट ने तंज मार दिया
सुनील गावस्कर भी नाराजसिर्फ कैफ ही नहीं बल्कि सुनील गावस्कर भी आयरलैंड में वैभव का डेब्यू देखना चाहते थे. उन्होंने करीब 1 महीने पहले ही कहा था कि आयरलैंड में होने वाले दोनों मैचों में वैभव सूर्यवंशी को खिलाया जाना चाहिए. उनका मानना था कि वैभव शानदार फॉर्म में हैं.
गावस्कर ने कहा,
“एक मैच में अभिषेक शर्मा को और दूसरे मैच में संजू सैमसन को खिलाया जाता, तो वैभव को मौका मिल जाता. टीम ऐसा कर सकती थी लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया.”
गावस्कर ने आगे कहा कि ऐसा जरुरी नहीं है कि वैभव सूर्यवंशी होते तो जीत की गारंटी होती, हो सकता था कि वह 10-15 रन पर ही आउट हो जाते. लेकिन इससे वैभव को मौका मिल जाता. उन्होंने ये भी कहा कि नए खिलाड़ियों को ट्राई करना जरूरी है.
वीडियो: एक युग का अंत, इंटरनेशनल क्रिकेट से बेन स्टोक्स ने लिया संन्यास














