रोहित शर्मा की टीम ने इतिहास रच दिया है. भारत अब केप टाउन में टेस्ट मैच जीतने वाली पहली एशियन टीम बन गई है. रोहित की कप्तानी में टीम ने साउथ अफ़्रीका को सात विकेट से हराया. यह दो मैच की सीरीज़ का दूसरा मैच था. भारत ने पहला मैच पारी और 32 रन से गंवाया था. इसी के साथ सीरीज़ 1-1 से बराबर खत्म हुई.
रोहित की टीम ने साउथ अफ़्रीका में वो कर दिया, जो कोई एशियन टीम ना कर पाई थी!
भारत ने सीरीज़ के दूसरे टेस्ट मैच में साउथ अफ़्रीका को सात विकेट से हरा दिया.


केप टाउन में हुआ ये टेस्ट कई मायनों में ऐतिहासिक रहा. साउथ अफ़्रीका के कप्तान डीन एल्गर ने टॉस जीत, पहले बैटिंग का फैसला किया. और उनका ये फैसला एकदम ही ग़लत साबित हुआ. मोहम्मद सिराज ने कमाल की बोलिंग की. उन्होंने छह विकेट लेते हुए साउथ अफ़्रीकी बल्लेबाजों की हालत खराब कर दी. मुकेश कुमार और जसप्रीत बुमराह ने उनका पूरा साथ देते हुए दो-दो विकेट निकाले.
साउथ अफ़्रीका अपनी पहली पारी में कुल 55 रन ही बना पाया. यह इंडिया के खिलाफ़ टेस्ट में उनका सबसे छोटा स्कोर है. इस पारी में साउथ अफ़्रीका का कोई भी बल्लेबाज नहीं चला. जवाब में भारत के टॉप ऑर्डर ने ठीकठाक प्रदर्शन किया. टीम ने चार विकेट खोकर 153 रन बना लिए थे. लेकिन यहीं जाने क्या हुआ, टीम ने बचे हुए छह विकेट बिना कोई रन जोड़े गंवा दिए.
यह भी पढ़ें: पहले कमर तोड़ी, फिर सिराज ने क्या कह साउथ अफ्रीका को किलसा दिया?
भारत की पहली पारी 153 रन पर खत्म हुई. टीम को 98 रन की लीड मिली. पिच जिस तरह का व्यवहार कर रही थी, लग रहा था कि साउथ अफ़्रीका शायद दूसरी पारी में इतना भी ना बना पाए, लोगों ने पारी की जीत की उम्मीदें जगा ली थीं. लेकिन ऐसा हुआ नहीं. ऐडन मार्करम एक एंड पर ना सिर्फ खड़े हुए, बल्कि तेजी से रन भी जोड़ डाले.
ओपन करने आए मार्करम ने 103 गेंद में 106 रन की पारी खेली. वह आठवें विकेट के रूप में 162 के टोटल पर आउट हुए. अंत में साउथ अफ़्रीका अपनी दूसरी पारी में 176 पर सिमट गया. जसप्रीत बुमराह ने इस पारी में छह विकेट निकाले. भारत को जीत के लिए 79 रन बनाने का लक्ष्य मिला. टीम ने तीन विकेट खोकर जीत के लिए जरूरी रन बना लिए.
वीडियो: इंडिया ने बिना रन के छह विकेट खोए तो गुस्साई जनता ने किसे सुना दिया?




















