अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप न्यूज़ीलैंड में चल रहा है. जब भी ये टूर्नामेंट न्यूज़ीलैंड में खेला गया है, इसे ऑस्ट्रेलिया ने जीता है. अच्छी बात ये है कि इंडिया ने अपने पहले ही मैच में ऑस्ट्रेलिया को हरा दिया था. इस मैच में पृथ्वी शॉ ने 94 रन बनाए थे. वो मैन ऑफ़ द मैच रहे थे. उसके बाद इंडिया ने अपने दोनों मैच भी बाकायदे जीते. दूसरा मैच पापुआ न्यू गिनी और तीसरा मैच ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ था. ये दोनों मैच इंडिया ने 10-10 विकेट से जीते. 19 जनवरी को इंडिया अंडर 19 और ज़िम्बाब्वे अंडर 19 टीम के बीच मैच खेला गया. ज़िम्बाब्वे ने पहले बैटिंग करते हुए 154 रन बनाए. इंडिया ने बड़े आराम से इस स्कोर का पीछा कर लिया. हर्विक देसाई और शुभमन गिल ओपनिंग करने उतरे. दोनों ने हाफ़ सेंचुरी मारीं और इंडिया ने बिना कोई भी विकेट खोए मैच जीता. शुभमन गिल ने ताबड़तोड़ बैटिंग की और मात्र 59 गेंदों में 90 रन बना डाले. शुभमन की इस इनिंग्स के दौरान उन्होंने एक शॉट ऐसा मारा जिसके बारे में खूब बात हुई. इसे 'शॉर्ट आर्म जैब' कहते हैं. शुभमन ने 14वें ओवर में जब नुगू की चौथी गेंद पर लॉन्ग ऑन के ऊपर छक्का मारा तो 5 जनवरी 2017 को विराट कोहली के मारे शॉट की याद आ गई. विराट ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ सीरीज़ के पहले वन डे मैच में 34वें ओवर में क्रिस वोक्स की गेंद पर छक्का मारा था. विराट 100 बना चुका था. जीतने को 17 ओवर में 118 रन चाहिए थे. मामला टक्कर का था. हालांकि रन तेज़ी से ही बन रहे थे लेकिन उतनी ही तेज़ी से रन बनाने की सख्त ज़रुरत थी. क्रिस वोक्स ने स्लोवर गेंद फेंकी. शॉर्ट-ऑफ़-गुड-लेंथ. गेंद उठकर कोहली की कमर से ऊपर और कंधे से कुछ नीचे की ऊंचाई पर थी. कोहली के पास रूम की खासी कमी थी. कोहली बैक-फुट पर पहुंचे. सीधे बल्ले से गेंद को सिर्फ टैप भर किया. गेंद हवा में थी. गेंद जब गिरी तो मालूम चला कि छक्का पड़ चुका था. किसी को भी विश्वास नहीं हो रहा था कि ये शॉट से छक्का मारा जा सकता था. शुभमन ने भी ऐसा ही शॉट जड़ा. विराट और शुभमन के शॉट्स में वाकई काफ़ी समानताएं थीं.
ये भी पढ़ें:
एक अरब से ज़्यादा लोगों के कंप्यूटर पर दिखने वाली ये फोटो आई कहां से है?